एमपी में निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए उद्योग संवर्धन सहित कई नीतियों को मिल सकती है हरी झंडी
भोपाल। 24-25 फरवरी को भोपाल में होने जा रही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले सरकार निवेशकों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कई नीतियां तैयार कर रही है। इनमें से उद्योग संवर्धन सहित आधा दर्जन नीतियों को मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में होने वाली कैबिनेट में हरी झंडी मिल सकती है।
प्रदेश सरकार निवेश की संभावना वाले विभिन्न क्षेत्रों में ऐसी नीतियां ला रही है, जिससे निवेशकों को आकर्षित किया जा सके। वृहद, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम श्रेणी के उद्योग के लिए चार नीतियां तैयार की गई हैं। इसमें निवेश संवर्धन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास के साथ स्टार्टअप नीति शामिल है।
फिल्म और पर्यटन नीति
.jpg)
इसके अलावा फिल्म एवं पर्यटन नीति, हाइड्रो पंप नीति, पाइप लाइन गैस वितरण सहित अन्य नीतियां भी विचार के लिए कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत की जाएंगी।
इसके अलावा शिवपुरी में एयरपोर्ट बनाने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया जाएगा। इसका विकास एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया करेगी, जबकि हवाई पट्टी का स्वामित्व राज्य सरकार के पास ही रहेगा। भूमि अधिग्रहण सहित अन्य प्रविधानों को प्रस्ताव में शामिल किया गया है।