‘दिल्ली T20 के 15 ओवर में कांग्रेस के शून्य रन’, सियासी क्रिकेट पर लक्ष्मण सिंह की अनोखी कमेंट्री!
भोपाल। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में BJP ने AAP को सत्ता से बेदखल कर प्रचंड बहुमत के साथ अपनी सरकार बना ली। वहीं इस बार भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। लगातार मिली करारी हार के बाद अपनी सरकार को निशाने में लेने वाले दिग्गज कांग्रेसी नेता लक्ष्मण सिंह ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाली है।
हालांकि, लक्ष्मण सिंह ने इस बार भड़ास निकालने के लिए जो तरीका चुना, वो बेहद अलग था। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया, “दिल्ली के चुनाव (T20) में 15 ओवर अर्थात 15 वर्ष में एक भी रन अर्थात सीट कांग्रेस नहीं ला सकी, अति दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण। परंतु पर्ची वाला मुख्यमंत्री अगर बनता है तो आगे जीत निश्चित है। थोड़ा और इंतजार करें।”
बता दें कि लक्ष्मण सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई हैं। वे कई बार अपनी ही सरकार को निशाने पर ले चुके हैं। हालांकि वे अब भी कांग्रेस में ही बने हुए हैं। अब देखना यह होगा कि उनके इस बयान पर प्रदेश की राजनीति में क्या उथल-पुथल होती है।