भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 3 की मौत, खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, महाकुंभ से स्नान कर लौट रहे थे सभी
मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर में बुधवार को नेशनल हाईवे-30 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां महाकुंभ से स्नान कर वापस लौट रही इनोवा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
परिवार के तीन सदस्यों की मौत
घटना मैहर के कोतवाली थाना क्षेत्र नरौरा नेशनल हाईवे 30 की है। बताया जा रहा है कि कार सवार उपाध्याय परिवार प्रयागराज महाकुंभ से गंगा स्नान कर वापस अपने घर मुंबई जा रहे थे। इसी दौरान वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। जिसमें से तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, मृतिकों में दो महिला शामिल है।
दो घायल जिला अस्पताल में भर्ती
ADM शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि कार को रोहन उपाध्याय चला रहे थे, दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोट लगी है। वहीं कार सवार सुनील उपाध्याय, सरोजित उपाध्याय और स्नेहा उपाध्याय की मौत हो गई है। हादसे में मीनाक्षी उपाध्याय भी घायल हुई है, दोनों घायलों को मैहर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।