एमपी बोर्ड 5वीं और 8वीं के रिजल्ट हुए जारी, RSKMP की वेबसाइट पर देख सकते हैं परीक्षार्थी
भोपाल। मध्य प्रदेश में कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड पैटर्न परीक्षाओं के परिणाम आज दोपहर एक बजे घोषित कर दिए गए हैं। यह जानकारी राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने दी। विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षकगण परीक्षा के नतीजे राज्य शिक्षा केंद्र के वेब पोर्टलपर जाकर देख सकते हैं।
इसी पोर्टल के जरिए से शिक्षक और विद्यालय अपनी पूरी शाला के विद्यार्थीवार परिणामों को भी देख सकते हैं। परिणाम की जानकारी प्राप्त करने के लिए वेब पोर्टल की लिंक के साथ-साथ क्यूआर कोड भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे विद्यार्थी आसानी से अपने नतीजे देख सकते हैं।
बता दें कि कक्षा 5वीं की परीक्षा में 11.17 लाख से अधिक और कक्षा 8वीं की परीक्षा में 11.68 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए थे। कुल 22.85 लाख विद्यार्थी इन परीक्षा परिणामों का इंतजार था। परीक्षा का आयोजन 24 फरवरी से पांच मार्च 2025 के बीच किया गया था।
ऑनलाइन दर्ज हुए अंक
परीक्षा में प्रदेश की सरकारी, अशासकीय स्कूलों और पंजीकृत मदरसों के विद्यार्थी शामिल हुए थे। मूल्यांकन के लिए 322 केंद्र बनाए गए थे, जहां 1.19 लाख से अधिक शिक्षक मूल्यांकन कार्य में लगे थे। अंकों की प्रविष्टि ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से दर्ज की गई है।