इंदौर से लखनऊ के लिए दो उड़ानों में एक होगी बंद, दूसरी का बदलेगा समय
इंदौर। इंदौर से लखनऊ के बीच दो सीधी उड़ानों में से एक को 30 मार्च से बंद किया जा रहा है, जबकि दूसरी का समय बदल जाएगा। सुबह की उड़ान पूरी तरह से बंद कर दी जाएगी, वहीं शाम और देर रात की उड़ान का समय बदल जाएगा। यात्रियों को नए समय अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाना होगी।
इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर अप्रैल माह से आठ घंटे रात्रि 10.30 से सुबह 6.30 बजे तक रनवे सुधार का कार्य किया जाना है। ऐसे में कई उड़ानों का समय बदल रहा है और कुछ उड़ानों को बंद किया जा रहा है।
फिलहाल इंडिगो से संचालित उड़ान इंदौर से सुबह छह बजे लखनऊ के लिए रवाना होती है और लखनऊ से सुबह 10.20 बजे वापस इंदौर आती है। यह उड़ान 30 मार्च से बंद हो रही है। जबकि लखनऊ से रात 11.15 बजे इंदौर आने वाली उडान का समय 30 मार्च से रात 9.35 बजे कर दिया गया है।
इसी तरह शाम 5.15 बजे लखनऊ के लिए रवाना होने वाली उड़ान अब सवा घंटे पहले, यानी दोपहर 3.55 बजे रवाना होगी। ऐसे में, अब लोग सुबह की उड़ान से लखनऊ जाकर देर रात वाली उड़ान से वापस इंदौर आ जाते थे, लेकिन अब सुबह जल्दी लखनऊ जाना और रात में वापस इंदौर आना नहीं हो सकेगा।