भारतीय प्रवासियों ने भारी बारिश के बीच कोलंबो में पीएम मोदी का किया भव्य स्वागत
कोलंबो । सैकड़ों स्थानीय लोगों और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने भारी बारिश के बावजूद शनिवार देर शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोलंबो में भव्य स्वागत किया। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के निमंत्रण पर पीएम मोदी बैंकॉक से राजकीय यात्रा पर यहां पहुंचे हैं।
श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ, स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतिसा, श्रम मंत्री अनिल जयंता, मत्स्य पालन मंत्री रामलिंगम चंद्रशेखर, महिला एवं बाल मामलों की मंत्री सरोजा सावित्री पॉलराज और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री क्रिशांथा अबेसेना सहित दिसानायके मंत्रिमंडल के शीर्ष मंत्रियों ने कोलंबो के भंडारनायके अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इस दौरान श्रीलंका की राजधानी में भारी बारिश के बीच लोग हवाई अड्डे के बाहर और होटल में पीएम मोदी की एक झलक के लिए इंतजार करते रहे।
कोलंबो ने कहा है कि पिछले साल दिसंबर में दिसानायके की भारत की राजकीय यात्रा श्रीलंका के राष्ट्रपति के रूप में उनकी पहली विदेश यात्रा द्विपक्षीय संबंधों में एक "महत्वपूर्ण क्षण" थी। दोनों पड़ोसियों के बीच मजबूत कूटनीतिक संबंधों को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पीएम मोदी श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके के पदभार संभालने के बाद उनके आतिथ्य में आने वाले पहले विदेशी नेता होंगे।