आंध्र प्रदेश: गुंटूर में 4 साल के मासूम पर कुत्ते का हमला, तड़प-तड़पकर तोड़ा दम
गुंटूर। आंध्र प्रदेश से एक हादसे की खबर सामने आई है। पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि स्वर्ण भारती नगर में आवारा कुत्ते के हमले में चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।
घटना रविवार शाम को हुई जब बच्चा अपने घर के पास खेलने के लिए निकला था। अधिकारी ने बताया कि एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला किया और उसकी गर्दन पर काट लिया, जिससे उसके गले की नस में गंभीर चोट आई।
'आम नहीं है ऐसी घटना'
पुलिस अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, 'इस तरह की घटनाएं इस इलाके में आम नहीं हैं और स्थानीय लोग आमतौर पर कुत्तों के प्रति संवेदनशील होते हैं। नतीजतन, नगर निगम के अधिकारियों को आवारा कुत्तों को दूसरी जगह भेजने या उनकी नसबंदी करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।'
कुत्ते द्वारा लड़के पर हमला करने के बाद, आसपास के बच्चों ने उस कुत्ते को पत्थर मारकर भगा दिया। लड़के को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कानपुर में भी हुई थी ऐसी घटना
इससे पहले कानपुर से इस तरह का मामला सामने आया था। घर में पले जर्मन शेफर्ड प्रजाति के कुत्ते का ध्यान बच्चे की तरह रखती थीं। परेशान करने पर वृद्धा ने डंडे से उसे मार क्या दिया, वह हिंसक हो गया और उन पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उन्हें तब तक नोचा, जब तक उनकी मौत नहीं हो गई। घर में सब थे, लेकिन अपने-अपने कमरों में। कुत्ता भौंक रहा था तो सबको यही लगा कि बाहर कोई दिखा होगा।