कुणाल खेमू की ‘वाइब’ ने पकड़ी रफ्तार, ₹11.3 करोड़ पहुंचा वर्ल्डवाइड कलेक्शन
मुंबई । कुणाल खेमू की फिल्म ‘वाइब’ ने अपने ओपनिंग वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार और शनिवार के बाद रविवार को फिल्म ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए ₹3.1 करोड़ NBOC इंडिया कलेक्शन दर्ज करने का दावा किया है। मेकर्स के मुताबिक, फिल्म का ओपनिंग वीकेंड वर्ल्डवाइड ग्रॉस ₹11.3 करोड़ तक पहुंच गया है।
रविवार को दिखा सबसे ज्यादा दम
‘वाइब’ के लिए रविवार का दिन खास रहा। फिल्म ने अपने पहले तीन दिनों में लगातार ग्रोथ दिखाई और रविवार को अपना अब तक का सबसे बड़ा वन-डे कलेक्शन दर्ज किया। उपलब्ध बॉक्स ऑफिस रिपोर्टों में भी फिल्म के रविवार के कलेक्शन में उछाल दर्ज किया गया है।
फिल्म को सिनेमाघरों में दर्शकों से मिल रहे पॉजिटिव रिस्पॉन्स और वर्ड ऑफ माउथ का फायदा मिलता नजर आ रहा है। कॉमेडी, एक्शन, म्यूजिक और कलाकारों की परफॉर्मेंस फिल्म की चर्चा में बनी हुई है।
कुणाल खेमू की एक्टिंग के साथ राइटिंग-डायरेक्शन की भी चर्चा
‘वाइब’ में कुणाल खेमू ने एक्टिंग के साथ-साथ राइटिंग और डायरेक्शन की जिम्मेदारी भी संभाली है। फिल्म में उनके और स्पर्श श्रीवास्तव के किरदारों की दोस्ती को कहानी की अहम कड़ी बताया जा रहा है।
वहीं, प्रीति जी जिंटा के एक्शन अवतार और डेब्यूटेंट वंशिका धीर की परफॉर्मेंस को भी दर्शकों से सराहना मिलने की बात सामने आई है।
दूसरे हफ्ते में एंट्री की तैयारी
ओपनिंग वीकेंड में रविवार के बेहतर प्रदर्शन के साथ ‘वाइब’ ने अपने दूसरे हफ्ते की ओर कदम बढ़ा दिया है। उपलब्ध ट्रेड आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने भारत में पहले तीन दिनों में करीब ₹7.45 करोड़ नेट का कलेक्शन किया है।
कुणाल खेमू द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म को ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले चिराग निहलानी ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में कुणाल खेमू, प्रीति जी जिंटा, स्पर्श श्रीवास्तव, वंशिका धीर, यशपाल शर्मा और दिनेश लाल यादव अहम भूमिकाओं में हैं।
अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज़ की ‘वाइब’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है।