मध्य प्रदेश
सीएम डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में हुआ एमपी टूरिज्म और एकेएस यूनिवर्सिटी के बीच एमओयू, युवाओं को देंगे प्रशिक्षण
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा में रीजनल इंडस्ट्री कान्क्लेव में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के न्यूजलेटर ‘ऑफबीट मध्य प्रदेश’ का विमोचन किया। इस न्यूजलेटर का उद्देश्य राज्य के पर्यटन स्थलों की व्यापक जानकारी प्रदान करना और राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देना है।
हर तीन महीने में प्रकाशित होने वाले इस न्यूज लेटर में मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक, और धार्मिक स्थलों के बारे में जानकारी दी जाएगी। मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थल, नीतियों, आयोजन और सम-सामयिक गतिविधियों के प्रचार प्रसार के लिए प्रकाशन किया जा रहा है।
एपी टूरिज्म की वेबसाइट पर भी दिखेगा न्यूजलेटर
पर्यटन क्षेत्र के देश और विदेश के हितधारक, मीडिया और जनसामान्य को मध्य प्रदेश पर्यटन की उपलब्धियों और नवाचार की जानकारी मिल सकेगी। इस न्यूजलेटर को मध्य प्रदेश पर्यटन की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाएगा।
पर्यटन गतिविधियों से स्थानीय स्तर पर बढेंगे रोजगार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फेन सेन्चूरी, मंडला में स्थित इकाई के संचालन के लिए स्वीकृति पत्र (लेटर ऑफ अवॉर्ड) अंश इन्फ्रास्ट्रक्चर और डेवलपर्स रायपुर को सौंपा। मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा 30 वर्ष के लिए पीपीपी मोड में संचालित करने के लिए सौंपा है। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों का विकास होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार में वृद्धि होगी।
पर्यटन प्रबंधन के क्षेत्र में कौशल विकास
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड (एमपीटीबी) और एकेएस यूनिवर्सिटी, सतना के एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य सतना और रीवा क्षेत्र में पर्यटन प्रबंधन और आतिथ्य क्षेत्र में कौशल विकास और रोजगार क्षमता को बढ़ावा देना है।
दोनों संस्थाएं मिलकर पर्यटन एवं आतिथ्य सत्कार के क्षेत्र में प्रशिक्षण, पाठ्यक्रम विकास, इंटर्नशिप के माध्यम से रोजगार एवं स्व-रोजगार के अवसरों को प्रोत्साहित करेंगी।
MP High Court ने डीजे की तेज आवाज से हार्ट अटैक के खतरे को लेकर मांगा जवाब
जबलपुर। नाना देशमुख वेटनरी यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति गोविंद प्रसाद मिश्रा, सेवानिवृत्त आईएएफ अधिकारी आरपी श्रीवास्तव सहित अन्य चार की तरफ से दायर याचिका में कहा गया था कि शादियों व धार्मिक आयोजन के दौरान बहुत तेज आवाज में डीजे बजाए जाते हैं।
75 डेसिबल आवाज की तीव्रता सहन कर सकता
मानव शरीर 75 डेसिबल आवाज की तीव्रता सहन कर सकता है। इसके अधिक आवाज ध्वनि प्रदूषण की श्रेणी में आते है। डीजे की तीव्रता 100 डेसिबल से अधिक होती है। जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
तेज आवाज से हार्ट अटैक आता या ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है
डीजे के तेज आवाज के कारण लोगों को हार्ट अटैक आते या उनका ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है। इसके अलावा तेज आवाज के कारण लोग बहरे हो रहे है। तेज आवाज में डीजे बजने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पडता है।
सड़क टैक्सी व आटो के लिए अवैध पार्किंग स्थल बन गई है
याचिका में शहर की माडल रोड में अवैध पार्किंग का मामला भी उठाया गया था। याचिका में कहा गया था कि इस सड़क का नामकरण इस उद्देश्य के साथ किया गया था कि यह शहर की आदर्श रोड बने। इसके विपरीत सड़क टैक्सी व आटो के लिए अवैध पार्किंग स्थल बन गई है।
ध्वनि प्रदूषण गंभीर समस्या, विपरीत असर मानव जीवन पर पड़ रहा
सुनवाई के दौरान अधिवक्ता आदित्य संघी ने याचिकाकर्ताओं का पक्ष रखते हुए युगलपीठ को बताया कि सर्वोच्च न्यायालय ने भी ध्वनि प्रदूषण को गंभीर समस्या माना है। जिसका विपरीत असर मानव जीवन पर पड़ रहा है और वह बीमारियों का शिकार हो रहे है।
याचिका पर अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद निर्धारित की गई है
मॉडर लोग लोगों की आवाजाही के लिए सड़क नहीं अवैध पार्किंग स्थल बन गया है। याचिका की सुनवाई करते हुए युगलपीठ ने केन्द्र सरकार,प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड,कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक,निगमायुक्त तथा यातायात पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। याचिका पर अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद निर्धारित की गई है।
लगभग साठ दुकान है, परंतु पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं
माडल रोड में दवा बाजार स्थित है, जिसमें लगभग साठ दुकान है, परंतु पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। जिसके कारण दुकान संचालक व उनके कर्मचारी तथा आने वाले ग्राहक सड़क पर पार्किंग करते है। इसके अलावा माडल रोड के कोई ऐसे प्रतिष्ठान हैं, जिसमें पार्किंग की व्यवस्था नहीं है।
शहर में पहली बार 75 लाख रुपये की लागत से बनेगी व्हाइट टापिंग सड़क
इंदौर। शहर में पहली बार डामर की सड़क के बजाय व्हाइट टापिंग सड़क बनाई जाएगी। डेंटल कॉलेज चौराह से एबी रोड और राजवाड़ा चौक की एक तरफ की बदहाल डामर सड़क के स्थान पर इसे बनाया जाएगा। इसकी लागत करीब 75 लाख रुपये आएगी।
बुधवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव और जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर ने इस काम का भूमिपूजन किया। महापौर ने कहा कि व्हाइट टापिंग सीमेंट कांक्रीट नया प्रयास है। इससे सड़क निर्माण की लागत भी कम आएगी। इन सड़कों की पांच वर्ष की वारंटी रहेगी।
यह होती है व्हाइट टापिंग तकनीक
व्हाइट टापिंग सीमेंट कांक्रीट तकनीक में मिलिंग मशीन की मदद से पुरानी डामर की सड़क की ऊपरी परत स्क्रेप कर कांक्रीट का मोटा लेप किया जाता है। इससे समय और संसाधनों की बचत होती है। व्हाइट टापिंग सीमेंट कांक्रीट तकनीक में एम-40 ग्रेड सीमेंट कांक्रीट में फाइबर बुरादा भी उपयोग किया जाता है।
इस तकनीक में एक बाय एक मीटर के ग्रूव (टुकड़े) काटे जाते हैं। जनकार्य समिति प्रभारी राठौर ने बताया कि यह प्रयोग सफल होने पर शहर की अन्य डामर सड़कों को भी इसी तकनीक से बनाया जाएगा। वर्षा की वजह से डामर की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हो जाते हैं, लेकिन व्हाइट टापिंग सड़क में ऐसी स्थिति नहीं बनेगी।
बदहाल सड़कों के मामले में HC में सुनवाई कल
शहर की बदहाल सड़कों का मुद्दा हाई कोर्ट पहुंच गया है। इसे लेकर एक जनहित याचिका दायर हुई है। इसमें शुक्रवार को सुनवाई होगी। याचिका पूर्व पार्षद महेश गर्ग ने दायर की है। कहा है कि पूरे शहर में सड़कें बदहाल हैं। गड्ढे ही गड्ढे नजर आते हैं। तय करना मुश्किल है कि सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क।
सिर्फ इतना ही नहीं, शहर में जलजमाव की भी विकराल समस्या है। आधे से ज्यादा शहर में स्टार्म वाटर लाइन नहीं है। गड्ढों में जलजमाव की वजह से शहर में बीमारियां फैल रही हैं। इंदौर में अब तक डेंगू के 600 से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं।
नगर निगम और जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह जलजमाव और गड्ढों की समस्या से आमजन को राहत दिलवाए, लेकिन वे कुछ कर ही नहीं रहे हैं। याचिका में याचिकाकर्ता ने बदहाल सड़कों के फोटोग्राफ भी प्रस्तुत किए हैं।
इंदौर में हिट एंड रन : कार उसे एक किमी तक घसीटते हुए ले गई थी
इंदौर। एबी रोड पर सड़क किनारे मोबाइल एसेसरीज बेच रहे दंपती को पांच दिन पूर्व कार चालक ने जोरदार टक्कर मार दी थी। इसमें गंभीर रूप से घायल हुए राहुल भाइदास निवासी नंदूरबार की मंगलवार रात मुंबई के जेजे अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है।
मामले में अब राजेंद्र नगर पुलिस आरोपित आदर्श गुर्जर के खिलाफ मानव वध की धारा बढ़ाएगी। उल्लेखनीय है कि कार की टक्कर से घायल गर्भस्थ महिला के शिशु की भी पेट में मौत हो गई थी।
राऊ और राजेंद्रनगर के बीच एमराल्ड हाइट्स स्कूल के बाहर 18 अक्टूबर को सफेद रंग की कार एमपी 09 जेडडी 0605 ने राहुल भाईदास निवासी उधलोद नंदूरबार और उसकी पत्नी सपना को टक्कर मार दी थी।राहुल और सपना सड़क किनारे चाइनीज सामग्री बेच रहे थे। कार की टक्कर से सपना करीब दस फीट दूर जा गिरी थी जबकि राहुल कार में ही फंस गया था। आरोपित कार चालक आदर्श गुर्जर रेती मंडी चौराहा तक उसे घसीटते हुए ले गया। इस टक्कर में राहुल के शरीर का निचला हिस्सा पूरी तरह से खराब हो गया था।
गर्भाशय फटने से शिशु की मौत
वहीं पत्नी सपना के पेट में पल रहे सात माह के बच्चे की गर्भाशय फटने से मौत हो गई थी। टीआई राजपालसिंह राठौर के मुताबिक सपना की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। वहीं राहुल का इलाज पहले एमवायएच और फिर एक निजी अस्पताल में चल रहा था।
सुधार नहीं होने पर स्वजन राहुल को मुंबई के जेजे अस्पताल में इलाज के लिए ले गए थे। जहां मंगलवार रात को इलाज के दौरान राहुल ने दम तोड़ दिया है। अब मामले में आरोपित आदर्श के खिलाफ मानव वध की धारा बढ़ाई जा रही है।
इधर... हादसे में घायल बाइक सवार के रुपये-मोबाइल चुराए
सड़क हादसे में घायल एक युवक के साथ घटना हो गई। बदमाश मोबाइल और रुपये चुराकर ले गए। पुलिस ने घटना की जानकारी निकाली और दो युवकों को पकड़ लिया। आरोपितों को जेल भेजा है। घटना हनुमान मंदिर के पास नेहरूनगर की है। राजेश पुत्र भगवान मानकर बाइक से गांव चितावद (खरगोन) जा रहा था।
रविवार रात बाइक फिसलने के कारण वह गिर गया। एक युवक मदद के लिए आया और घर छोड़ने की पहल की। आरोपित ने बाइक उठाई और राजेश की मदद दी। इसी दौरान उसने मोबाइल और 300 रुपये चुरा लिए। टीआई राजपालसिंह राठौर के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लक्की चौहान को तलाश लिया। उसने मोबाइल चेतन को दे दिया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया।
चक्रवाती तूफान दाना का असर, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली कई ट्रेनें रद
ग्वालियर। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में चक्रवाती तूफान दाना (Cyclone Dana) को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने भुवनेश्वर, पुरी, विशाखापट्टनम की ओर से आने वाली कई ट्रेनों को रद करने का निर्णय लिया है। इनमें से कई ट्रेनें ग्वालियर से होकर गुजरती हैं।
तूफान का असर 23 से 25 अक्टूबर के बीच विशेष रूप से रहने की संभावना है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
कहीं मुश्किल, कहीं समस्या
ग्वालियर से गुजरने वाली ट्रेन क्रमांक 18478 योग नगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस बुधवार को रद रहेगी। इसी प्रकार पुरी की ओर से आने वाली उत्कल एक्सप्रेस के साथ ही ट्रेन क्रमांक 08475 पुरी फेस्टिवल एक्सप्रेस को 24 अक्टूबर को रद किया गया है।
25 अक्टूबर को ट्रेन क्रमांक 20807 विशाखापट्टनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस को रद किया गया है। वहीं 26 अक्टूबर को निजामुद्दीन से पुरी जाने वाली फेस्टिवल एक्सप्रेस को रद किया गया है।
रेलवे ने पूर्व में 23 से 26 अक्टूबर के बीच ट्रेन क्रमांक 11123 ग्वालियर-बरौनी मेल को रद किया था, लेकिन अब यह बुधवार और गुरुवार को नियमित संचालित होगी। इसी प्रकार ट्रेन क्रमांक 11124 बरौनी-ग्वालियर को 24 से 27 अक्टूबर तक रद किया गया था, लेकिन अब यह ट्रेन 24 व 25 अक्टूबर को नियमित समय से चलेगी।
छत्तीसगढ़ में भी असर, 15 ट्रेनें रद
इसी तरह दाना के चलते रेलवे ने छत्तीसगढ़ में 15 ट्रेनों को रद कर दिया है। छत्तीसगढ़ ओडिशा से सटा हुआ राज्य है। लिहाजा यहां भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस लिहाज से परिवहन सेवाओं पर भी असर पड़ा।
छत्तीसगढ़ में दाना चक्रवाती तूफान को लेकर रेलवे विभाग अलर्ट पर है। इसी वजह से कुछ तिथियों में ट्रेनों को रद करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को लेकर है। हालांकि ट्रेनें रद रहने से यात्रियों पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा।
दीपावली पर्व पर यात्रियों ने बड़ी संख्या में रिजर्वेशन कराया है, ताकि पर्व पर घर जा सके। लेकिन, रेलवे के रद के निर्णय की वजह से उन्हें घर पहुंचने में परेशानी आएगी।
5 साल में पहली बार आज होगी पीएम मोदी और शी जिनफिंग की मुलाकात
एजेंसी, कजान (रूस)। रूस के कजान शहर में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात चीन के राष्ट्रपति शी जिनफिंग से होने जा रही है। इस मुलाकात पर दुनिया की नजर रहेगी। यह मुलाकात ऐसे समय होने जा रही है जब भारत और चीन सीमा पर विवाद सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
पहले सीमा विवाद पर समझौता, अब बड़ी मुलाकात
बता दें, हाल ही में दोनों देशों ने लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद को समझाने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है। दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों की तरफ से पिछले दिनों बताया गया है कि अप्रैल 2020 में पूर्वी लद्दाख के इलाके में चीनी सैनिकों की घुसपैठ के बाद वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर पेट्रोलिंग करने को लेकर जो विवाद था, उसे सुलझाने पर समझौता हो गया है।सोमवार को विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने भारत व चीन में समझौता होने और वर्ष 2020 से पहले वाली स्थिति बहाल होने की बात कही थी जिस पर चीन के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को मुहर लगा दी।
भारत के साथ मिलकर काम करना चाहता है चीन
चीन का भारत के प्रति रुख बदल रहा है। इसका संकेत मंगलवार को उस समय मिला जब चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि भारत के साथ लगती एलएसी (पूर्वी लद्दाख इलाके में) पर चार वर्षों से जारी विवाद के निपटारे के लिए दोनों देशों के बीच समझौता हो गया है।
प्रवक्ता ने कहा, भारत चीन सीमा विवाद को लेकर दोनों देशों में कूटनीतिक व सैन्य स्तर पर संवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई है। इनको लागू करने के लिए चीन भारत के साथ मिलकर काम करेगा।
मुख्यमंत्री आज करेंगे रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का रीवा में शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 अक्टूबर को एक दिवसीय प्रवास पर रीवा आयेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 23 अक्टूबर को प्रात: 8.50 बजे भोपाल से वायुयान प्रस्थान कर रीवा पहुंचेगे। मुख्यमंत्री श्री कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम पहुंचकर रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का शुभारंभ करेंगे।
निवेश प्रस्तावों के संबंध में उद्योगपतियों से वन टू वन चर्चा करेंगे
उद्घाटन समारोह के बाद मुख्यमंत्री विन्ध्य क्षेत्र में निवेश प्रस्तावों के संबंध में उद्योगपतियों से वन टू वन चर्चा करेंगे। कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री शाम 6 बजे एयरपोर्ट रीवा से वायुयान से प्रस्थान कर शाम 6.50 बजे एयरपोर्ट भोपाल पहुंचेगे।
विन्ध्य क्षेत्र में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं: उप मुख्यमंत्री
मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि विन्ध्य क्षेत्र में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएँ हैं और इसे साकार करने के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव (आरआईसी) जैसे आयोजन आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक हैं।
प्रचीन राम मंदिर के जीर्णोद्धार पर रोक लगाने के विरोध में महिलाओं ने उतारी SDM की आरती
खंडवा। प्राचीन राम मंदिर के जीर्णोद्धार पर रोक लगाने के विरोध में गांव के लोग ढोलक और झांझ बजाते हुए आरती लेकर जनसुनवाई में पहुंच गए। महिलाओं ने हाॅल में बैठे एसडीएम बजरंग बहादुर की आरती उतारी और प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई का विरोध जताया। दरअसल सहेजला गांव में वर्षों पुराने श्रीराम मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य को नायब तहसील कोर्ट से नोटिस जारी कर बंद करवा दिया गया था, जिसके विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
मंदिर जीर्णोद्धार के विरोध में की गई थी शिकायत
ग्राम सहेजला निवासी रमेश पुत्र रामाधार और श्याम पुत्र रमेश ने कुछ महीनों पूर्व तहसील कार्यालय से कलेक्टर कार्यालय तक लोट लगाते हुए अपनी जमीन पर मंदिर निर्माण होने की शिकायत पर कार्रवाई की मांग की थी। यह मामला सुर्खियों में आया था। इसी मामले में सुनवाई करते हुए नायब तहसील कोर्ट ने 18 अक्टूबर को गांव के कामल, महेंद्र , श्या सिंह, जयंत सिंह, योगेश पालीवाल को नोटिस जारी किया है।
सागर में हाउसिंग बोर्ड संपदा अधिकारी का सहायक 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
सागर। मंगलवार को सागर लोकायुक्त टीम ने मकरोनिया स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में संपदा अधिकारी के सहायक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित ने शिकायतकर्ता को आवंटित आवास उसकी पत्नी के नाम पर करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। आरोपित पर मामला कायम कर विवेचना की जा रही है।
धर्म के लिए ग्लैमर वर्ल्ड से की तौबा, आमिर की फिल्म से की थी शुरूआत; अब कहां है ये मुस्लिम स्टार
इंदौर। जायरा वसीम ने आमिर खान की फिल्म दंगल से फिल्मी करियर की शुरूआत की। इस फिल्म ने उनको घर-घर तक पहचान दी। फिल्म में हालांकि उनका किरदार छोटा था, लेकिन दमदार था। अब यह स्टार ग्लैमर वर्ल्ड से पूरी तरह दूर है। उन्होंने धर्म के लिए फिल्म इंडस्ट्री को छोड़ दिया।
जायरा वसीम का 23 अक्टूबर को जन्म दिन है। उनका जन्म कश्मीर की मुस्लिम फैमिली में 23 अक्टूबर 2000 को हुआ था। जायरा के पिता का 2024 में निधन हो गया था। वह एक डॉक्टर थे। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद इंस्टाग्राम पर दी थी। उनकी मां एक टीचर हैं।
जायरा का करियर
2016 में बॉलीवुड में आमिर खान की दंगल मूवी से उन्होंने करियर की शुरूआत की थी। इस फिल्म में उन्होंने गीता फोगाट के बचपन का किरदार निभाया था। उसके बाद एक बार फिर उन्होंने सीक्रेट सुपरस्टार में आमिर खान के साथ काम किया। इस बार वह मुख्य किरदार में थी। साल 2019 में वह प्रियंका चोपड़ा और राजकुमार राव के साथ द स्काई इज पिंक में नजर आईं। इन तीनों फिल्मों ने उनके करियर को नया मुकाम दिया।
ये है राजधानी के सीएम राइज स्कूल का हाल... फर्श पर बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर नौनिहाल
भोपाल। प्रदेश के 270 सरकारी स्कूलों को सीएम राइज स्कूल के रूप में सर्व-सुविधायुक्त बनाने की योजना दो साल पहले शुरू हुई थी, लेकिन अब भी कई स्कूल बदहाल स्थिति में हैं। राजधानी भोपाल में आठ सरकारी स्कूलों को सीएम राइज स्कूल के रूप में चयनित किया गया, जिसमें जहांगीराबाद स्थित सीएम राइज शासकीय उमावि बरखेड़ी को पायलट प्रोजेक्ट के तहत सर्व-सुविधायुक्त बनाने के दावे किए गए।
माध्यमिक कक्षाओं के बच्चे परेशान
इसलिए फैली अव्यवस्था
Diwali से पहले ऑटोमोबाइल सेक्टर में बूम, Pushya Nakshatra और Dhanteras पर वाहन खरीदने के लिए सर्वाधिक बुकिंग
इंदौर। दीपावली से पहले ही बाजार में खरीदी का उल्लास दिखाई देने लगा है। रियल एस्टेट के बाद सबसे ज्यादा खरीदी-बिक्री आटोमोबाइल सेक्टर में हो रही है। इंदौर मध्य प्रदेश का ऑटोमोबाइल का गढ़ है और यहां पूरे प्रदेश से लोग वाहन खरीदने पहुंच रहे हैं।
इससे शहर में ऑटोमोबाइल सेक्टर में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है। आसान फाइनेंस की सुविधा और नए-नए माडलों के अलावा आकर्षक उपहार ने दीपावली के उत्साह को बढ़ा दिया है। पुष्य नक्षत्र और धनतेरस के लिए लोग बुकिंग करवा रहे हैं। सर्वाधिक वाहन इन्हीं दो दिन बिकेंगे।
दीपावली के लिए सबसे ज्यादा बुकिंग
इंदौर जिले में परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 31 लाख से अधिक वाहन रजिस्टर्ड हैं। इसमें 21 लाख से अधिक दोपहिया और साढ़े पांच लाख चार पहिया वाहन हैं। अक्टूबर माह में 14 हजार से अधिक वाहन अभी तक रजिस्टर्ड हो चुके हैं।
दीपावली पर सर्वाधिक वाहनों की बुकिंग है। 24 अक्टूबर को पुष्य नक्षत्र और 29 अक्टूबर को धनतेरस पर सर्वाधिक वाहनों की बुकिंग इंदौर के शोरूमों पर हुई है। कई मॉडल में लंबी वेटिंग है, तो कई मॉडल में पसंद के कलर नहीं मिल पा रहे हैं।
20 प्रतिशत का उछाल
ऑटोमोबाइल सेक्टर के जानकारों का कहना है कि गत वर्ष की अपेक्षा इस बार दीपावली पर 15 से 20 प्रतिशत वाहनों की बिक्री में उछाल रहेगा। पुष्य नक्षत्र के विशेष संयोग के कारण लोग इस दिन अधिक वाहनों की बुकिंग करवा रहे हैं। धनतेरस की तरह पुष्य नक्षत्र पर सर्वाधिक वाहनों की बिक्री होगी।
दीपावली ऑफर भी लुभा रहे
वाहन निर्माता कंपनियों द्वारा ग्राहकों को विभिन्न मॉडल पर कई तरह के आकर्षक उपहार दिए जा रहे हैं। कहीं कैशबैक, कहीं डाउन पेमेंट में कमी, तो कहीं वाहन की एसेसरीज में छूट दी जा रही है। कंपनियों ने अपने कई मॉडल के दाम दीपावली ऑफर में कम किए हैं।हर्ष हुंडई के मैनेजर मुकेश वैष्णव का कहना है कि विगत वर्ष की अपेक्षा इस बार ग्राहकों का रुझान कार सेगमेंट में रोवस्ट ग्रीन कलर और सनरूफ मॉडल में सर्वाधिक है। कम कीमत वाले सेगमेंट में भी कंपनियों ने सनरूफ मॉडल लांच किए हैं।
जबलपुर की आयुध निर्माणी खमरिया में बड़ा हादसा, बम बनाते समय हुआ ब्लास्ट… पूरी बिल्डिंग ध्वस्त
जबलपुर। जबलपुर में बम फिलिंग के दौरान आर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया में मंगलवार को सुबह एक तेज धमाका हुआ इस दौरान पास खड़े एलेक्जैंडर टोप्पो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा कर्मचारी रणवीर सिंह की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हुई है। इस बम धमाके में 6 से ज्यादा कर्मचारी घायल बताए जाते हैं जिन्हें निजी अस्पताल रेफर किया गया है बम ब्लास्ट की सूचना के ठीक बाद क्षेत्रीय विधायक अशोक रोहाणी और निर्माणी के मुख्य महाप्रबंधक एमएन हालदार मौके पर पहुंचे और घायलों को देखने अस्पताल गए।
कई कर्मचारियों के दबे होने की आशंका
चिकित्सकों ने बताया कि महाकौशल हॉस्पिटल रेफर किया गया है। श्यामलाल की हालत गंभीर है, जिन्हें कम चोट लगी है उनका भी उपचार किया जा रहा है। वहीं मलबे में कई कर्मचारियों के दबे होने की आशंका। राहत बचाव कार्य जारी है।
आर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया में मंगलवार सुबह 10:45 बजे एफ6 सेक्शन की बिल्डिंग नंबर 201 में ब्लास्ट हुआ है जिसमें प्रारंभिक सूचना के मुताबिक दो कर्मचारी गंभीर रूप से जख्मी हुए थे, जिन्हें जबलपुर के महाकौशल हॉस्पिटल ले जाया गया, उपचार के दौरान दोनों कर्मियों की मौत हो गई।
हादसे में पूरी बिल्डिंग उड़ गई
फैक्ट्री की इस बिल्डिंग में थाउजेंड पाउडर बम का उत्पादन होता है जो कि भारतीय वायुसेना उपयोग करती है। हादसे में पूरी बिल्डिंग उड़ गई।
1 लाख लोगों को सरकारी नौकरी, नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता के रहने-खाने की व्यवस्था
भोपाल , प्रदेश के विभिन्न शासकीय विभागों में 01 लाख पदों पर भर्तियां की जाएंगी। दिसंबर तक इसकी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मंगलवार को मंत्रालय में हुई मोहन कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसमें सर्वाधिक 46 हजार पद स्वास्थ्य विभाग के हैं।
महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग के लिए 20000 पदों के सृजन की अनुमति दी गई है। इसमें 12000 से अधिक सहायिका और 467 सुपरवाइजर के पद भी शामिल हैं। साथ ही कैबिनेट से पहले मुख्यमंत्री ने रोजगार सृजन वाले विभागों को आगामी चार वर्ष के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
भौगोलिक सीमाओं का पुनर्गठन
कैबिनेट बैठक में प्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। यह आयोग आगामी चार माह में सभी जिलों का दौरा करेगा। तहसील, विकासखंड, जिला, और संभाग की सीमाओं में परिवर्तन को लेकर लोगों से सुझाव दिए जाएंगे, जिसके आधार पर रिपोर्ट तैयार होगी।
उल्लेखनीय है कि आयोग का सदस्य सेवानिवृत आईएएस अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव और मुकेश कुमार शुक्ला को बनाया गया है। इसका कार्यालय ग्रामीण विकास विभाग के कार्यालय स्थित भवन में रहेगा।
नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता के रहने-खाने की व्यवस्था करेगी सरकार
कैबिनेट बैठक में दुष्कर्म पीड़ित नाबालिग बच्ची को सरकार द्वारा विभिन्न सुविधा दिए जाने का निर्णय लिया गया है। इसमें पीड़िता को शिक्षा, पुलिस सहायता, मातृत्व और नवजात शिशु देखभाल, मनोवैज्ञानिक परामर्श, कानूनी सहायता, स्वास्थ्य बीमा, देखरेख संस्थानों में आश्रय आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना में लाभ प्राप्त होने के लिए एफआईआर की प्रति होना आवश्यक नहीं होगा।
पीड़ित नाबालिग बालिका को गैर-संस्थागत देखभाल के लिए 4000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे, जो मिशन वात्सल्य के तहत होंगे। योजना का क्रियान्वयन कलेक्टर के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए निर्भया फंड से प्रत्येक जिले को 10 लाख रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे।
स्वच्छता के बाद जल संरक्षण में भी इंदौर अव्वल… राष्ट्रपति ने दिल्ली में चौथी बार किया सम्मानित
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर को एक और राष्ट्रीय उपलब्धि प्राप्त हुई है। फिफ्थ नेशनल वाटर अवॉर्ड में इंदौर जिला वेस्टर्न जोन में बेस्ट डिस्ट्रिक्ट कैटेगरी में प्रथम स्थान पर रहा है। मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जिला कलेक्टर आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा और जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन को यह पुरस्कार प्रदान किया।
गौरतलब है कि इंदौर को वर्ष 2018 व 2022 में पश्चिम जोन में प्रथम स्थान का पुरस्कार मिला था। वहीं वर्ष 2023 में बेस्ट नगरीय निकाय श्रेणी में इंदौर को दूसरा स्थान मिला था।
चौथा अवार्ड लेते ही पांचवें की तैयारी में जुटा इंदौर
चौथी बार वाटर अवार्ड लेने के साथ ही इंदौर ने पांचवीं बार भी पुरस्कार लेने की तैयारी कर ली। जिला पंचायत के सीईओ सिद्धार्थ जैन के मुताबिक अब जिले की सभी नदियों, तालाब व कुओं की जीआईएस मैपिंग की जाएगी।
इसके माध्यम से जलाशयों की सतत निगरानी कर जल संरक्षण किया जाएगा। शहरी क्षेत्र में भूजल पुनर्भरण की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। अभी शहरी क्षेत्र में जहां एक लाख घरों में जल पुनर्भरण इकाइयां लगाई गईं, अगले एक वर्ष में दो से तीन लाख घरों में यह इकाइयां लगाई जाएंगी।
इसके अलावा जिले में हरित क्षेत्र बढ़ाया जाएगा। कान्ह व सरस्वती नदियों के कैचमेंट एरिया को बढ़ाने के साथ इन नदियों के पानी को किसी नए तालाब में ले जाकर सहेजने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश में बसपा उपचुनाव लड़ेगी या नहीं एक-दो दिन में होगा तय
भोपाल। मध्य प्रदेश में होने जा रहे बुधनी और विजयपुर विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव बसपा लड़ेगी या नहीं, यह एक-दो दिन में तय होगा। पार्टी में इसे लेकर मंथन चल रहा है। विजयपुर में पार्टी की प्रभावी भूमिका रही है।
उधर, समाजवादी पार्टी (सपा) ने एक सीट मांगी है। वह आईएनडीआईए गठबंधन में शामिल है और उपचुनाव में कांग्रेस के साथ रहेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ सपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव की बैठक भी हो चुकी है।
भाजपा और कांग्रेस के बीच ही मुकाबला
बुधनी हो या फिर विजयपुर विधानसभा क्षेत्र, दोनों में मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही रहता है। विजयपुर में बसपा हर चुनाव में अपनी प्रभावी भूमिका दर्ज कराती है। वर्ष 2018 के चुनाव में बाबूलाल मेवरा पर पार्टी ने दांव लगाया था और उन्होंने 35,384 मत प्राप्त किए थे।
इस चुनाव में कांग्रेस के रामनिवास रावत को भाजपा के सीताराम आदिवासी ने 2,980 मतों से पराजित किया था। 2023 में भाजपा ने आदिवासी का टिकट काटकर बसपा से आए बाबूलाल मेवरा पर दांव लगाया पर वे रामनिवास रावत से पराजित हो गए। इस चुनाव में भी बसपा के दारा सिंह कुशवाहा ने 34,346 ने प्राप्त किए थे।
पार्टी में चल रहा है विचार- सीएल गौतम
इस प्रकार देखा जाए तो बसपा की विजयपुर विधानसभा क्षेत्र के चुनाव परिणाम को निर्धारित करने में बड़ी भूमिका रही है। पार्टी के सीएल गौतम का कहना है कि उपचुनाव को लेकर अभी विचार-विमर्श चल रहा है। एक-दो दिन में अंतिम निर्णय हो जाएगा।
उधर, सपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव का कहना है कि हम आईएनडीआईए के साथ हैं। हमने दोनों सीटों में से एक की मांग की है। हमारी प्राथमिकता में बुधनी है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का कहना है कि गठबंधन मिलकर उपचुनाव लड़ेगा।
सपा के लिए छोड़ी थी खजुराहो लोकसभा सीट
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में आइएनडीआइए गठबंधन के सहयोगी दल सपा के लिए एक सीट खजुराहो छोड़ी थी। यहां से पार्टी ने पहले मनोज यादव का नाम घोषित किया फिर मीरा दीपक यादव को प्रत्याशी बनाया।
उनका नामांकन पत्र जमा कराने कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता गए थे, लेकिन त्रुटि के चलते नामांकन पत्र निरस्त हो गया। अंतत: कांग्रेस ने गठबंधन के एक अन्य सहयोगी दल आल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के उम्मीदवार आरबी प्रजापति को समर्थन दिया था।
भोपाल में फिर पिटे सिटी बस के ड्राइवर और कंडक्टर, इस बार ऑटो ड्राइवर ने की मारपीट
भोपाल। भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) की बसों में चालक और परिचालक के साथ मारपीट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दरअसल रविवार रात को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर एक ऑटो चालक ने सिटी बस के चालक और परिचालक के साथ मारपीट की। इसके चलते बस के अंदर बैठे यात्री दहशत में आ गए। सिटी बस में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह घटना कैद हुई है।
बस परिचालक शुभम मेहरा निवासी मछली मार्केट बैरागढ़ की रिपोर्ट पर एमपी नगर पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एमपी नगर थाने प्रभारी जय हिंद शर्मा ने बताया कि ऑटाे चालक को जमानत पर छोड़ दिया है। चालान पेश होने के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बस के ऑटो को टक्कर मारने का आरोप
टीआई ने बताया कि ऑटो चालक का कहना है कि बस ने ऑटो को टक्कर मारी थी, इसलिए विवाद हुआ। शुभम ने बताया वह सिटी बस नंबर एमपी 04 पीए 4329 का परिचालक है। बस चिरायु से आकृति ईको सिटी सलैया तक चलती है । रविवार रात को बस बोर्ड ऑफिस चौराहा स्थित स्टाप पर आकर रुकी । तभी सामने खड़ा एक आटो चालक विशाल आया। गालियां देते हुए उसने मुझे और चालक को लात-घुसे से पीटना शुरू कर दिया।
इससे दोनों को चोट आई हैं। परिचालक शुभम ने बताया आटो चालक विशाल नशे में था वो गालियां दे रहा था । मारपीट करने से यात्री दहशत में आ गए और उतरकर चले गए थे। इस संबंध में बीसीएलएल के मैनेजर रोहित यादव ने बताया कि यह घटना रविवार रात की है। बीसीएलएल की तरफ से थाने के संज्ञान के लिए एक पत्र सौंपा गया है।
12 दिन पहले मारी थी छुरी
बसों में नहीं थम रहा मारपीट का सिलसिला बोर्ड आफिस चौराहे पर खड़ी सिटी बस के परिचालक को एक युवक ने 12 दिन पहले छुरी मारी थी। इससे वह घायल हो गया। इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी बसों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा चुकी हैं।
एक दिन में डेढ़ लाख यात्री कर रहे सफर
शहर की सड़कों पर 25 रूट पर करीब 200 सिटी बसें दौड़ रही हैं। भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड इनका संचालन कर रहा है। सिटी बसों में एक दिन में करीब डेढ़ लाख यात्री सफर करते हैं। किराये के रूप में उन्हें न्यूनतम सात और अधिकतम 42 रुपए लगते हैं। सभी बसों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम और कैमरे होने के दावे किए जाते हैं, लेकिन वारदात के बाद भी जेबकतरों को पुलिस नहीं पकड़ पाती।