छत्तीसगढ़ / जांजगीर-चाम्पा
डबरी ने खोले समृद्धि के द्वार, दुलार सिंह का सपना हुआ साकार
जांजगीर-चांपा 7 अक्टूबर 2025

जांजगीर-चांपा जिले की ग्राम पंचायत जाटा के बहेराडीह के दुलार सिंह खेत में एक डबरी बनाने से ही खेती और पशुपालन में होने वाली बढ़ौत्तरी का सजीव उदाहरण बन गए हैं। दुलार सिंह ने यह डबरी भी मनरेगा योजना के माध्यम से बनवाई है। ग्रामीण जीवन का आधार सदैव कृषि और पशुपालन रहा है, परंतु इन दोनों ही कार्यों की आत्मा जल है । यदि जल की व्यवस्था सुदृढ़ हो जाए तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था स्वयं सशक्त हो जाती है। इसी सोच को श्री दुलार सिंह ने साकार रूप दिया है।
डबरी निर्माण होने से पूर्व श्री दुलार सिंह को अपने खेतों की सिंचाई हेतु जल की कमी रहती थी, जिससे सीमित फसल ही ले पाते थे। इसके अलावा बतख पालन, मछली पालन एवं धान की खेती की सिंचाई करने के लिए हमेशा पानी की कमी को महसूस करते आ रहे थे, ऐसे में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के माध्यम से ग्राम पंचायत जाटा में श्री दुलार सिंह के खेत पर डबरी निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत ग्राम जाटा के किसान श्री दुलार सिंह द्वारा अपनी निजी भूमि पर डबरी निर्माण कार्य कराया गया। इस कार्य के लिए 2.14 लाख की प्रशासकीय राशि स्वीकृत की गई इसका कार्य प्रारंभ हुआ और जून 2024 को पूर्ण हुआ। इसमें कुल 380 मानव दिवसों के सृजन से 37 श्रमिक परिवारों को 92,577 की मजदूरी प्राप्त हुई। इससे न केवल रोजगार सृजन हुआ बल्कि जल संरक्षण और कृषि उत्पादन में भी वृद्धि हुई। अब डबरी में वर्षा जल का संचयन होने से वर्षभर खेतों की सिंचाई सुचारू रूप से हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने मत्स्य पालन एवं पशुपालन शुरू किया, जिससे अतिरिक्त आमदनी का स्रोत भी बना।
श्री दुलार सिंह बताते हैं कि मनरेगा योजना के अंतर्गत डबरी निर्माण से अब मेरी खेती सिंचित हो रही है। इससे धान के साथ-साथ मेढ़ पर सब्ज़ियाँ भी उगा पा रहा हूँ। डबरी में रोहू एवं पंगास मछली 2 कि.ग्रा. मछली के बीज डाले गये है। आगामी माह में मछली 01 किलो होने के बाद इन्होने बाजार में बिक्री करेंगे, जिससे आमदनी प्राप्त होगी। श्री दुलार सिंह अपने निर्मित डबरी के मेंड़ पार पर हल्दी एवं तिल का फसल लगाया हुआ है, जिसे वह हल्दी एवं तिल को अपने घर के लिये उपयोग करेंगे। मत्स्य पालन और पशुपालन से घर की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। ग्राम पंचायत सरपंच एवं रोजगार सहायक ने बताया कि इस कार्य से गांव के अन्य किसानों को भी प्रेरणा मिली है। ग्रामीण अब अपनी भूमि पर जल संरक्षण संरचनाएँ बनवाने हेतु आगे आ रहे हैं। इस डबरी निर्माण कार्य ने न केवल श्री दुलार सिंह के जीवन में स्थायी आजीविका का आधार तैयार किया है, बल्कि यह मनरेगा के उद्देश्य रोजगार के साथ स्थायी संपत्ति निर्माण का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन गया है।
प्रेस वार्ता के दौरान नींद की आगोश में पहुंचे कांग्रेस नेता, वीडियो हुआ वायरल...
जांजगीर-चांपा । कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा नज़ारा सामने आया जिसने पार्टी नेताओं को असहज और सोशल मीडिया यूज़र्स को मनोरंजित कर दिया। दरअसल, जांजगीर-चांपा में आयोजित कांग्रेस की प्रेस वार्ता के मंच पर पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा कार्यक्रम के बीचोंबीच गहरी नींद में सोते हुए नजर आए।
कार्यक्रम में AICC ऑब्जर्वर विवेक बंसल प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ मंच पर कांग्रेस विधायक, जिला अध्यक्ष और ऑब्जर्वर दल के सदस्य इंग्रिड मैकलाउड, जनक ध्रुव और सत्यनारायण शर्मा मौजूद थे। इसी दौरान कैमरे में कैद हुआ दृश्य दिखाता है कि शर्मा जी आंखें बंद कर मंच पर ही झपकी ले रहे हैं, जबकि आसपास सभी नेता गंभीरता से कार्यक्रम सुन रहे हैं।
नेताओं ने ली हल्के-फुल्के अंदाज में
मीडिया कर्मियों द्वारा इस पर सवाल पूछे जाने पर पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने मजाकिया लहजे में कहा “शर्मा जी मंथन कर रहे हैं।”
उनकी यह टिप्पणी सुनकर मंच पर बैठे कई नेता मुस्कुरा उठे। हालांकि, इस घटना का वीडियो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएँ देनी शुरू कर दीं।
सोशल मीडिया पर तंज और मीम्स
वीडियो वायरल होने के बाद कई यूज़र्स ने तंज कसा कि “कांग्रेस के संगठन सृजन का पहला चरण ‘स्वप्न सृजन’ के रूप में पूरा हुआ।”
कुछ ने इसे “निद्रा सत्र” का नाम दिया, तो कुछ ने लिखा कि “नेता जी ने भीतर ही भीतर चिंतन शुरू कर दिया है।”
त्योहारों से पहले कांग्रेस में नई चर्चा
आगामी त्योहारों और राजनीतिक गतिविधियों के बीच कांग्रेस के इस वायरल वीडियो ने पार्टी को चर्चा में ला दिया है। जांजगीर-चांपा में पार्टी संगठन को मज़बूत करने के मकसद से आयोजित यह प्रेस वार्ता अब “नींद वाला आयोजन” बनकर सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही है।
देवरी पिकनिक स्पॉट में फिर हुआ हादसा 3 युवक डूबे 2 को बचाया
जांजगीर-चांपा। जिले के देवरी स्थित प्रसिद्ध पिकनिक स्थल में शनिवार को उस समय बड़ा हादसा हुआ जब पिकनिक का आनंद लेने वहां पहुंची युवा टोली के सदस्य नहाने नदी में उतरे और तेज बहाव के मझधार में फंस गये। इनमें से एक युवक व युवती को उस समय वहां उपस्थित लोगों ने बचा लिया लेकिन तीन अभी भी लापता हैं इस टोली में 5 युवक युवती शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इन दिनों में देवरी के प्रसिद्ध पिकनिक स्पाॅट का मनोरम नजारे का लुफ्त उठाने बडी संख्या में सैलानी आते हैं और लाहपरवाही में अपनी जान गंवा बैठते हैं। शनिवार की दोपहर में ऐसी ही लापरवाही में हसदेव नदी में नहाने उतरे 5 युवक-युवतियां अचानक तेज बहाव में फंस गए।
और डूब गये इनमें से एक युवक युवती को बचा लिया गया।सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (एक युवक व युवती को) और पंतोरा पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नदी में तेज बहाव के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन टीम लगातार खोजबीन में जुटी हुई है। बताया जाता है कि बिलासपुर से दो युवक अंकुर कुशवाहा,आशीष भोई अपनी दो महिला मित्र मोनिका सिन्हा रेखा ठाकुर व अकलतरा के अर्जुन गांव के अपने एक लक्ष्मी शंकर के साथ शनिवार को पिकनिक मनाने देवरी पिकनिक स्थल पहुंचे थे।
पांचों मित्र नहाने के लिये नदी में उतरे नदी के तेज बहाव के मझधार में फंस गए। स्थानीय लोगों ने मोनिका सिन्हा और लक्ष्मी शंकर को डूबने से बचा लिया,लेकिन शेष तीन लोगों को नहीं बचा सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे पिकनिक मनाने आए युवाओं का एक समूह नदी के गहरे हिस्से में चला गया और तेज धार में फंस गया।
लोगों ने मदद करने की कोशिश की, लेकिन तीन लोगों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। हसदेव नदी का यह हिस्सा पहले से ही खतरनाक माना जाता है, खासकर मानसून के बाद जब जलस्तर और धारा दोनों बढ़ जाते हैं। बावजूद इसके, मौके पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम नहीं थे। घटना के बाद प्रशासन ने आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया है।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायतों में हुई विशेष ग्राम सभा
कलेक्टर जन्मेजय महोबे पहुंचे ग्रामवासियों के बीच, ज़मीन पर बैठकर सुनी उनकी बातें
जांजगीर-चांपा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया।कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे जनपद पंचायत बलौदा की ग्राम पंचायत रैनपुर में ग्रामीणों के बीच पहुंचे और ज़मीन पर बैठकर ग्राम सभा में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं व सुझाव सुने तथा कहा कि ग्राम सभा लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल इकाई है, जहां ग्रामीण स्वयं अपने गांव की प्राथमिकताओं का निर्णय लेते हैं।कलेक्टर ने कहा कि ग्राम सभा में हर ग्रामीण की भागीदारी जरूरी है ताकि विकास योजनाएं गांव की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप बनाई जा सकें। प्रशासन की प्राथमिकता है कि योजनाओं को ग्रामीणों की सहभागिता से धरातल पर उतारा जाए।
कलेक्टर ने ग्राम सभा में आदि कर्मयोगी, आदि सहयोगी एवं आदि साथी के नाम मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के ‘एक पाती’ संदेश का वाचन किया। इसके बाद स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छता दीदियों और आदि सहयोगी महिलाओं का सम्मान करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
ग्राम सभा में महात्मा गांधी नरेगा योजना, आदि कर्मयोगी अभियान, ग्राम पंचायत विकास योजना, बाल विवाह मुक्त पंचायत और अन्य सामाजिक व विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।गांव के बुजुर्गों और महिलाओं ने कलेक्टर के ग्रामीणों के बीच ज़मीन पर बैठकर चर्चा करने की सराहना की और कहा कि इससे प्रशासन और जनता के बीच विश्वास और आत्मीयता बढ़ी है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गोकुल रावटे ने बताया कि ग्राम सभाओं में वित्तीय वर्ष की योजनाओं के अलावा ग्राम पंचायत के आय-व्यय का ब्यौरा, स्वीकृत एवं प्रगति पर चल रहे कार्यों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।
इस अवसर पर रैनपुर ग्राम पंचायत को बाल विवाह मुक्त पंचायत घोषित किया गया। साथ ही गांव को प्लास्टिक मुक्त और नशा मुक्त बनाने के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए।
ग्राम पंचायत में धरती आबा अंतर्गत विलेज एक्शन प्लान को भी मंजूरी दी गई, जिसमें नए पंचायत भवन, आंगनबाड़ी भवन, मिडिल स्कूल भवन, पीडीएस गोदाम, स्ट्रीट लाइट, उद्यान सिंचाई एवं अन्य विकास कार्य शामिल किए गए।
शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान को प्रभावी बनाने हेतु सामाजिक अंकेक्षण करने का प्रस्ताव पारित हुआ। वहीं, सभी ग्रामीण परिवारों को आयुष्मान कार्ड, आधार लिंक बैंक खाता, राशन कार्ड एवं वृद्धावस्था पेंशन जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।ग्राम सभा में सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
जांजगीर-चांपा की दो सिंचाई योजनाओं के कार्यों के लिए 4.5 करोड़ स्वीकृत
29 सितंबर 2025
छत्तीसगढ़ शासन, जल संसाधन विभाग द्वारा जांजगीर-चांपा जिले की दो सिंचाई योजनाओं के कार्यों के लिए चार करोड़ 5 लाख 51 हजार रूपए स्वीकृत किए है। स्वीकृत इन योजनाओं में विकासखण्ड बलोदा के अंतर्गत जर्वेे जलाशय के कार्यों के लिए एक करोड़ 35 लाख 94 हजार रूपए तथा ठड़गाबहरा जलाशय के जीर्णोद्धार एवं नहर लाईनिंग कार्य के लिए दो करोड़ 69 लाख 57 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। सिंचाई योजनाओं के कार्य पूरा कराने के लिए जल संसाधन विभाग मंत्रालय महानदी भवन से मुख्य अभियंता हसदेव कछार, जल संसाधन विभाग बिलासपुर को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
बीमा योजना व किसान क्रेडिट कार्ड में बढ़ाए लाभार्थियों की संख्या : कलेक्टर
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सलाहकार एवं परामर्शदात्री समिति की त्रैमासिक बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न हितग्राहीमुखी विकास तथा रोजगारमूलक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को इन योजनाओं के प्रकरणों में शत-प्रतिशत स्वीकृति और सहायता ऋण राशि के समयबद्ध वितरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जिले के प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे। उन्होंने विशेष रूप से वित्तीय समावेशन से जुड़ी योजनाओं पर ज़ोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना जैसे कार्यक्रम स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अत्यंत प्रभावी हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शहरी क्षेत्रों में कौशल आधारित योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए और इनके अंतर्गत ऋण स्वीकृति में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रकरणों को प्राथमिकता से स्वीकृत करें। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक जोड़ने के निर्देश भी दिए। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड के लंबित आवेदनों का त्वरित निराकरण करने और मत्स्य व पशुपालन विभाग के हितग्राहियों को योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए समन्वित प्रयास करने को कहा। इसके अतिरिक्त, आधार सीडिंग के कार्य और ई केवाईसी में अगली बैठक तक अधिक लक्ष्य पूर्ण करने और वित्तीय फ्रॉड से बचाव हेतु जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म उद्योग उन्नयन योजना, रोजगार सृजन योजना, आजीविका मिशन, जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति, पीएमएमवाय और पीएमस्वनिधि जैसी योजनाओं की प्रगति तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा भेजे गए प्रकरणों की स्थिति की भी विस्तृत जानकारी ली।
कलेक्टर ने आगामी ग्राम सभा में योजनाओं के अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने और अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए । इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, रिजर्व बैंक, लीड बैंक अधिकारी, नाबार्ड सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी सहित जिले के विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधक उपस्थित थे।
मुद्रा योजना में सरलीकरण, सरल ऋण प्रक्रिया पर जोर :
कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति देश के किसी भी बैंक से सरल प्रक्रिया के तहत लोन प्राप्त कर सकता है। योजना का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं और छोटे व्यवसायियों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को शिशु, किशोर और तरुण घटकों के लिए बैंकवार पृथक लक्ष्य निर्धारण कर जिले में अधिक से अधिक स्वीकृत करने कहा।
कलेक्टर के निर्देशन पर बंधक बनाए गए श्रमिकों को सकुशल लौटाया गया अपने घर
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम मेकरी, थाना-पामगढ़ के श्री राजेश सूर्यवंशी सहित 6 लोगो को बंधन से मुक्त कराकर सुरक्षित वापस उनके गृहग्राम भेजा।
श्रम पदाधिकारी ने बताया ग्राम मेकरी निवासी श्रीमती प्रभा सूर्यवंशी ने 25 सितम्बर को आवेदन कर बताया था कि उनके पति श्री राजेश सूर्यवंशी समेत 6 अन्य लोगो को उत्तर प्रदेश के जिला जामुंद हरदासपुर स्थित बिराट ईंट भट्ठे के मालिक द्वारा बंधक बनाया गया है। सूचना मिलते ही कलेक्टर श्री महोबे ने तत्काल संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। श्रम विभाग एवं प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से मजदूरों को मुक्त कराकर उन्हें सुरक्षित वापस लाया गया।
सभी श्रमिक 27 सितम्बर को बिलासपुर पहुंच चुके हैं और वहां से अपने-अपने गृहग्राम के लिए रवाना हो गए हैं। श्रमिकों के सुरक्षित घर पहुंचने के बाद उनके बयान लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आकस्मिक मृत्यु के 06 प्रकरणों में 24 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आपदा मृत्यु के 06 प्रकरणों में राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत चार-चार लाख रुपए के मान से कुल 24 लाख रुपये की आर्थिक सहायता अनुदान राशि की स्वीकृति दी है।
जिले की तहसील बलौदा के ग्राम पंचायत बेलटुकरी निवासी श्री राहुल कुमार पाटले की पानी में डूबने से मृत्यू होने पर उनके पिता श्री लक्ष्मीनारायण, तहसील सारागांव के ग्राम दर्री निवासी श्री निखिल भैना की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर उनके पिता श्री बुंदराम भैना, तहसील राहौद के ग्राम तनौद निवासी कुमारी कंचन पटेल की सर्पदंश से मृत्यु होने पर उनके पिता श्री मुकेश कुमार पटेल, तहसील अकलतरा के ग्राम मुरलीडीह (कंजी) निवासी इन्द्रकुंवर राजवाड़े की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर उनके पुत्र श्री सुकुल राजवाड़े, तहसील पामगढ़ के ग्राम डिघोरा निवासी श्री आयुष कुमार यादव की सर्पदंश से मृत्यु होने पर उनके पिता श्री मनोज कुमार यादव एवं तहसील चांपा के ग्राम हथनेवरा निवासी श्री लक्ष्मीप्रसाद साहू की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर उनकी पत्नी श्रीमती विनीता साहू को राजस्व पुस्तक 6-4 के तहत् चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। जिले की नवागढ़ पुलिस ने वन मंडल विभाग निगम में नौकरी लगाने के नाम पर 3 लाख की धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी चंद्रकांत चौहान को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 420 के तहत जुर्म दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी, कोरबा जिले के बांकीमोंगरा का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक, रूखमणी चौहान ने 19 जनवरी 2022 को रिपोर्ट लिखवाई थी कि, सोशल मीडिया के माध्यम चंद्रकांत चौहान उर्फ गोलू से मुलाकात हुई थी। तब उसने अपने आप को SCEL में अधिकारी के पद पर पदस्थ हूं कहकर अपने परिवार के अन्य सदस्य को भी बड़े पोस्ट में होना बताया था। इस दौरान उसे झांसे में लेकर वन मंडल विभाग निगम में सीधी भर्ती में नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये की मांग की थी।
इस पर वह अलग-अलग क़िस्त में 3 लाख 23 हजार रुपए दिए थे। इसके बाद में आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज किया था और अब पुलिस ने 3 साल से फरार आरोपी चंद्रकांत चौहान उर्फ गोलू को गिरफ्तार करके उसे न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।
प्रधान जिला न्यायाधीश, कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने किया जिला जेल का निरीक्षण
जांजगीर-चांपा। उच्चतम न्यायालय के निर्णय के दिशा निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर एवं बोर्ड आफ विजिटर्स द्वारा आज जिला जेल जांजगीर खोखरा का निरीक्षण प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर श्री शक्ति सिंह राजपूत, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री प्रवीण मिश्रा, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री मनोज कुमार कुशवाहा की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप, सहायक जेल अधीक्षक श्री डी.डी. टोंडर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान जेल के प्रत्येक बैरक पर जाकर बंदियों की रहने की व्यवस्था, बंदियों की समस्याएं व खान पान की जानकारी लेते हुए बंदियों के संबंध में शिकायत पेटी, पाक शाला, अस्पताल, कार्यालय कक्ष, किशोर बंदियों की पहचान, जमानत एवं अपील की संबंध में जानकारी, लीगल एड क्लिनिक द्वारा दी जाने वाली बंदियों की सुविधा, बंदीयो की सामानों की जांच, बंदी कॉलिंग की सुविधा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम, बंदी मुलाकात केंद्र, अस्पताल सुविधा की जांच की गई। साथ ही बंदियों की समस्याओं को सुना गया। उन्होने जेल परिसर में स्वच्छता, रसोई कक्ष की साफ-सफाई एवं रख-रखाव, अस्पताल में दवाईयो की उपलब्धता की जानकारी ली।
श्री रामलला के दर्शन के लिए जिले से श्रद्धालुओं का दल रवाना
श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजनांतर्गत अब तक जिले के 1870 श्रद्धालु लाभान्वित
जांजगीर-चांपा । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के अंतर्गत आज जिले से श्रद्धालुओं का दल रवाना हुआ। इस योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को निःशुल्क यात्रा, दर्शन, आवास, भोजन और सुरक्षा की संपूर्ण व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजनांतर्गत आज खोखरा से जिले के कुल 187 श्रद्धालुओं को लेकर दो बसें अयोध्या धाम दर्शन यात्रा के लिए रवाना हुईं। यह बस जिले के श्रद्धालुओं को बिलासपुर रेलवे स्टेशन तक ले जाएगी, जहाँ से विशेष ट्रेन द्वारा अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, पूर्व विधायक श्री अंबेश जांगड़े, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उमा राजेन्द्र राठौर, श्री अमर सुलतानिया, इंजी रवि पाण्डेय, पार्षदगण सहित जनप्रतिधियों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही यात्रियों को सेवा पखवाड़ा दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। सभी जनप्रतिनिधियों ने श्री रामलला दर्शन योजना की सराहना की एवं यात्रियों को तिलक लगाकर एवं फूलमाला पहनाकर शुभकामनाओं सहित रवाना किया। इस अवसर पर एसडीएम व उप संचालक समाज कल्याण श्री पवन कोसमा, उप संचालक पंचायत श्री अभिमन्यु साहू सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
उप संचालक समाज कल्याण विभाग ने बताया कि श्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजनांतर्गत यह 10वीं यात्रा है। प्रत्येक यात्रा में 187 श्रद्धालु अयोध्या दर्शन हेतु भेजे जाते हैं, इस प्रकार जिले से अब तक कुल 1870 श्रद्धालु योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं ने राज्य शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त की। उन्होंने कहा कि श्री रामलला के दर्शन का यह अवसर उनके लिए आनंददायक और सौभाग्यपूर्ण है। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति धन्यवाद प्रकट करते हुए कहा कि यह योजना उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
कलेक्टर महोबे ने जिले में सेवा पखवाड़ा अंतर्गत स्वच्छता अभियान का किया शुभारंभ
ग्राम पंचायतों, विद्यालयों और महाविद्यालयों सहित विभिन्न स्थलों में स्वच्छता अभियान चलाकर लिया स्वच्छता शपथ
जांजगीर-चांपा । स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने और लोगों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जिले में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक का शुभारंभ आज कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने किया। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों से स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता अभियान चलाते हुए स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को प्रेरित किया।
आज सुबह पूर्व सांसद श्री कमला देवी पाटले, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव श्री अंबेश जांगड़े, पूर्व विधायक श्री चुन्नीलाल साहू, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर जांजगीर पहुंचकर हाथों में झाड़ू लेकर अस्पताल परिसर की सफाई की और खरपतवार को भी हटाया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियो एवं कलेक्टर ने सभी जिलेवासियों से आग्रह किया कि इस स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाएं। इस अवसर पर सभी को स्वच्छता ही सेवा की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर श्री अमर सुलतानिया, इंजी. रवि पांडेय, श्री पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, श्री आशुतोष गोस्वामी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे आज कुदरी बैराज स्थित गार्डन पहुंचे। यहां उन्होंने गार्डन परिसर, बोटिंग जोन के आस पास झाड़ू एवं फावड़ा चलाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर कलेक्टर ने उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को स्वच्छता शपथ दिलाई और उन्हें स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल कार्यक्रम भर नहीं है बल्कि यह सभी की जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। यदि हर नागरिक अपने घर, मोहल्ले और आसपास को साफ रखे तो पूरा जिला आदर्श बन सकता है। इसके साथ ही जिले के विभिन्न ग्र्राम पंचायतो में स्वच्छता ही सेवा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत ग्राम पंचायत चंडीपारा, ग्राम सेमरा, बिर्रा सहित विभिन्न ग्रामों में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम, स्वच्छता रैली, श्रमदान सहित अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर बलौदा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शारदा सनत देवांगन, जनपद पंचायत सदस्य श्री चूड़ामणि राठौर, जनपद सदस्य श्रीमती रति रमेश सोनझरी, सरपंच कुदरी श्रीमती बबली आर के यादव, विभिन्न जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
स्वच्छता ही सेवा हेतु दिलाई गई शपथ :
इस अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी को स्वच्छता के प्रति सजग रहने, समय देने तथा श्रमदान कर स्वच्छता के संकल्प को चरितार्थ करने स्वच्छता ही सेवा हेतु शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई एक अच्छी आदत है, स्वच्छ पर्यावरण और आदर्श जीवन शैली के लिये हर एक को यह आदत बनानी चाहिये।
बालको ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों के सपनों को दिया पंख
बालको ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों के सपनों को दिया पंख
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा महतारी सदन - उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
जांजगीर-चांपा । प्रदेश के प्रत्येक ग्राम पंचायतों में ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा आपसी समरसता स्थापित करने सामायिक कार्यक्रमों में सामूहिक भागीदारी तथा महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार महतारी सदन का निर्माण कार्य किया जाना है। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रयास से 166 महतारी सदन की स्वीकृति आदेश जारी किया गया है, इसके लिए 49 करोड़ 80 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। जिसके तहत जिले के 10 ग्रामों में पंचायतों में 30-30 लाख की लागत से महतारी सदन बनेगा। जिसमें विकासखंड बम्हनीडीह के ग्राम चोरिया, सरहर, बम्हनीडीह, बिर्रा, विकासखंड पामगढ़ के ग्राम धरदेई व मेउभांठा, विकासखंड अकलतरा के ग्राम कोटमीसोनार, विकासखंड बलौदा के ग्राम जर्वे (ब), विकासखंड नवागढ़ के ग्राम सेमरा व पचेड़ा में महतारी सदन बनाये जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि न्यू इंडिया के ग्रोथ साइकल में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत अभियान महिलाओं की क्षमता को देश के विकास के साथ जोड़ रहा है। प्रदेश के ग्राम पंचायतों में बनने जा रहा महतारी सदन भी इसी दिशा में एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि लगातार ग्राम भ्रमण के दौरान महिलाओं द्वारा बैठने की स्थान न होने की शिकायत की और बैठने हेतु स्थान दिलाने की मांग की जाती रही इसलिए महतारी सदन बनाने का विचार आया। ततपश्चात महिलाओं को रोजगार दिलाने और उनको काम काज के लिए स्थान उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार गांवों में महतारी सदन बनाने जा रही है। अब तक 368 महतारी सदन की स्वीकृति इसी उद्देश्य को पूर्ति के लिये जारी किया गया है। कार्यों में एकरूपता के दृष्टिकोण से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा कार्य का एक मानक डिजाईन एवं प्राक्कलन तैयार किया गया है। प्रति महतारी सदन की लागत राशि रुपये 30 लाख होगी।
5 वर्षों में सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन बनाने की योजना
प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन बनाया जाएगा। महतारी सदन बनाने की शुरुआत हो गयी है व 5 साल में सभी ग्राम पंचायत में महतारी सदन बनेंगे। प्रदेश में बनने वाले महतारी सदन का निर्माण लगभग 25 सौ वर्गफुट में कराया जाएगा। सदन में कमरा, शौचालय, बरामदा, हाल, किचन और स्टोररूम जैसी सुविधाएं रहेगी। पानी के लिए ट्यूबवेल के साथ वाटर हार्वेस्टिंग भी किया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए इसमे बॉउंड्रीवाल भी बनाये जाएंगे। महतारी सदन में सामुदायिक शौचालय का भी निर्माण किया जाएगा।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीदों के परिजन और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों का हुआ सम्मान
जांजगीर में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य स्वतंत्रता समारोह में
राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने किया ध्वजारोहण
15 अगस्त 2025



जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय हाईस्कूल मैदान जांजगीर में आयोजित 79 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने जनता के नाम मुख्यमंत्री संदेश का वाचन किया और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने हर्षाेल्लास एवं उमंग के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। मंत्री श्री वर्मा ने इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीदों के परिजनों को शॉल तथा श्रीफल से तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया।
इस दौरान विधायक जांजगीर-चांपा श्री ब्यास कश्यप, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, पूर्व विधायक श्री अंबेश जांगड़े, पूर्व विधायक श्री चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढेवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गगन जयपुरिया, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल कुमार रावटे सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं सहित बड़ी संख्या में आमनागरिक उपस्थित थे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में परेड सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल प्रथम, सीएएफ 11वीं बटालियन भारत रक्षित द्वितीय एवं तृतीय स्थान महिला नगर सेना को प्राप्त हुआ। परेड जूनियर में प्रथम स्थान एनसीसी 325 ट्रूप शा.उ.मा.वि जांजगीर बालिका, एनसीसी 325 ट्रूप शा.उ.मा.वि जांजगीर बालक द्वितीय एवं गाइड दल ज्ञानोदय उ.मा.वि. जांजगीर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहरिया को प्रथम स्थान, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय चांपा को द्वितीय एवं लायंस पब्लिक स्कूल चांपा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय के कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक में अमर जवान एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जांजगीर-चांपा में सड़क हादसे में नवविवाहिता की मौत
जांजगीर-चांपा । जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक सड़क हादसे में 20 वर्षीय नवविवाहिता पूजा केवट की मौत हो गई।
एक साल पहले उसने कल्याणपुर निवासी राहुल साहू से लव मैरिज की थी। घटना में पति राहुल (25) और देवर प्रकाश साहू (24) घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर से लौटते वक्त अकलतरा ओवरब्रिज के पास बाइक का बैलेंस बिगड़ने से तीनों गिरे और पीछे से आए ट्रेलर ने टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल पूजा को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, पिता सुखीराम ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि इसे हादसा बताया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों और आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने हंगामा व विरोध प्रदर्शन किया।
थाना प्रभारी ने प्रारंभिक जांच, घटनास्थल निरीक्षण और पीएम रिपोर्ट के आधार पर इसे सड़क हादसा बताया है तथा बीएनएनएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है। उल्लेखनीय है कि 1 मई 2025 को पूजा ने बिलासपुर महिला थाने में पति और ससुर के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी।
11 लाख की लूट निकली फर्जी: कर्ज से उबरने रची थी साजिश, आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में 1 अगस्त को दिनदहाड़े हुई ₹11.79 लाख की कथित लूट की कहानी फर्जी निकली। मामले में सूचना देने वाला ही लूट की झूठी कहानी का मास्टरमाइंड निकला, जिसे पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पूरी नकदी और लैपटॉप बरामद कर लिया गया है।
घटना की झूठी स्क्रिप्ट
आरोपी दीपेश देवांगन (25 वर्ष), निवासी चोरिया थाना सारागांव ने पुलिस को बताया था कि वह करनौद गांव से किरीत सिन्हा से ₹11,79,800 लेकर यूनियन बैंक चांपा में जमा करने जा रहा था। इस दौरान ग्राम पूछेली-अमोदी के पास तीन अज्ञात लोगों ने मारपीट कर रकम और लैपटॉप लूट लिया।
पुलिस ने खोली साजिश की परतें
शुरुआती जांच में ही पुलिस को संदेह हुआ, क्योंकि घटनास्थल से लूट के कोई निशान नहीं मिले। बयानों में विरोधाभास, घटना की सूचना में देरी और आरोपी का संदेहास्पद व्यवहार जांच में सामने आया। साइबर टीम और थाना स्टाफ ने जब गहन पूछताछ की तो आरोपी टूट गया और कबूल कर लिया कि उसने खुद यह झूठी कहानी रची थी।
कर्ज में डूबा था आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उस पर लगभग ₹8 लाख का कर्ज था। कर्ज चुकाने की नीयत से उसने रकम का गबन कर लूट की झूठी स्क्रिप्ट गढ़ी और पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश की।
आरोपी के घर से बरामद हुई पूरी रकम
पुलिस ने आरोपी के ग्राम चोरिया स्थित घर से ₹11,79,800 नकद और लैपटॉप जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत और पुलिस को झूठी सूचना देकर भ्रमित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
पुलिस की अपील
जिला पुलिस जांजगीर-चांपा ने नागरिकों से अपील की है कि झूठी शिकायतें दर्ज न करें। ऐसा करने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय सहयोग
इस कार्रवाई में निरीक्षक सागर पाठक (साइबर सेल प्रभारी), सउनि विवेक सिंह, आरक्षक सहबाज खान, प्रदीप दुबे, श्रीकांत सिंह, रोहित कहरा और सउनि नीलमणि कुसुम का विशेष योगदान रहा।
यह मामला न सिर्फ कानून का दुरुपयोग दिखाता है, बल्कि ऐसे झूठे मामलों से पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग भी होता है। जिला पुलिस ने समय रहते सच्चाई उजागर कर मिसाल कायम की है।