**कबीरधाम पुलिस की नकली नोटों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई**
नकली नोट बनाने और खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार
कलर प्रिंटर से नकली नोट तैयार कर बाजार में खपाने की थी योजना
आरोपियों से 12.50 लाख रुपये के नकली नोट, कलर प्रिंटर, मोबाइल फोन एवं कार बरामद
कवर्धा- कबीरधाम पुलिस ने जिले में धोखाधड़ी, जालसाजी एवं नकली मुद्रा के अवैध कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली नोट तैयार कर उन्हें वास्तविक मुद्रा के रूप में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना बोडला अंतर्गत चौकी पोंडी एवं साइबर थाना कबीरधाम की संयुक्त टीम ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे एवं प्रकरण में बरामदगी को मिलाकर कुल 12 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट, नकली नोट तैयार करने में प्रयुक्त कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त टाटा पंच ईवी कार बरामद की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेंद्र कुमार यादव (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोडला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में चौकी पोंडी पुलिस एवं साइबर थाना कबीरधाम की टीम द्वारा की गई।
---
**3.75 लाख रुपये की उधारी लौटाने के नाम पर नकली नोटों की डिलीवरी**
प्रकरण में प्रार्थी दिनेश कुमार यादव, निवासी ग्राम कमराखोल, थाना कुकदुर, जिला कबीरधाम द्वारा चौकी पोंडी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3,75,000 रुपये उधार दिए थे, जिसके संबंध में एग्रीमेंट भी कराया गया था।
उधारी की रकम वापस मांगने पर घुरवा राम द्वारा रकम लौटाने का आश्वासन दिया गया। दिनांक 09 अगस्त 2026 को घुरवा राम ने प्रार्थी को बताया कि वह सतीश कुमार के माध्यम से रकम भिजवा रहा है तथा ग्राम पोंडी स्थित शराब भट्टी के सामने रकम लेने के लिए बुलाया।
प्रार्थी अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ रात्रि लगभग 09:00 बजे मौके पर पहुंचा। वहां सतीश कुमार एवं उसके एक अन्य साथी द्वारा काले रंग के बैग में रकम दी गई।
रकम की जांच करने पर नोट संदिग्ध पाए गए। बैग खोलकर देखने पर उसमें 500 रुपये के कुल 4,50,000 रुपये के नकली नोट पाए गए। प्रार्थी द्वारा दिनांक 10 अगस्त 2026 को चौकी पोंडी में लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिस पर अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस द्वारा तत्काल जांच एवं कार्रवाई प्रारंभ की गई।
---
**पूछताछ में सामने आया नकली नोट तैयार करने का नेटवर्क**
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी सतीश कुमार से पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नकली नोट तैयार करने और उन्हें खपाने के नेटवर्क का खुलासा हुआ।
पूछताछ में सतीश कुमार द्वारा रामप्रसाद उर्फ रमऊ निवासी तालपुर एवं घुरवा राम निवासी कान्हाभैरा के साथ मिलकर नकली नोट तैयार करने एवं उन्हें वास्तविक मुद्रा के रूप में चलाने की जानकारी दी गई।
जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों रामप्रसाद उर्फ रमऊ एवं घुरवा राम को भी गिरफ्तार कर लिया।
---
**जुलाई 2026 से कलर प्रिंटर के माध्यम से तैयार कर रहे थे नकली नोट**
पुलिस की पूछताछ एवं तस्दीक में सामने आया कि तीनों आरोपी जुलाई 2026 से आपस में मिलकर नकली नोट तैयार करने का काम कर रहे थे।
आरोपियों द्वारा दिनांक 13 जुलाई 2026 को एक कलर प्रिंटर खरीदा गया। इसके बाद रामप्रसाद द्वारा नए बस स्टैंड के पास किराये का मकान लिया गया, जहां घुरवा राम के साथ मिलकर नकली नोट तैयार किए जाते थे।
तैयार किए गए नकली नोटों को वास्तविक रकम के रूप में बाजार में चलाने की योजना बनाई गई थी। इसी योजना के तहत उधारी की रकम वापस करने के नाम पर प्रार्थी दिनेश कुमार एवं उसके सहयोगी कैलाश को नकली नोटों की डिलीवरी की गई।
---
**12.50 लाख रुपये के नकली नोट सहित अन्य सामग्री बरामद**
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकली नोट एवं नकली नोट तैयार करने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।
-आरोपीवार बरामदगी-
01. आरोपी सतीश कुमार से—
- 2,00,000 रुपये के नकली नोट।
02. आरोपी रामप्रसाद उर्फ रमऊ से—
- 4,50,000 रुपये के नकली नोट।
- 01 मोबाइल फोन।
- 01 कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन।
- 01 टाटा पंच ईवी कार।
03. आरोपी घुरवा राम से—
- 1,50,000 रुपये के नकली नोट।
04. प्रार्थी द्वारा पुलिस के समक्ष प्रस्तुत—
- 4,50,000 रुपये के नकली नोट।
कुल बरामदगी
12,50,000 रुपये के नकली नोट, 01 कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, 01 मोबाइल फोन एवं 01 टाटा पंच ईवी कार।
आरोपियों की कार्यप्रणाली **(Modus Operandi)
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रामप्रसाद उर्फ रमऊ एवं सतीश कुमार द्वारा 13 जुलाई 2026 को कलर प्रिंटर खरीदा गया। इसके बाद रामप्रसाद ने नए बस स्टैंड के पास किराये का मकान लिया।
इसी स्थान पर रामप्रसाद एवं घुरवा राम मिलकर नकली नोट तैयार करते थे। तैयार नकली नोटों को आगे खपाने एवं उनकी डिलीवरी करने का कार्य सतीश कुमार द्वारा रामप्रसाद के साथ मिलकर किया जाता था।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों से नकली नोट तैयार करने की पूरी गतिविधि, अब तक तैयार किए गए नकली नोटों की संख्या तथा उन्हें अन्य स्थानों पर खपाने के संबंध में विस्तृत पूछताछ एवं जांच की जा रही है।
प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई**
प्रकरण के संबंध में चौकी पोंडी, थाना बोडला में अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 179, 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। विवेचना के दौरान धारा 178, 180 एवं 181 बीएनएस जोड़ी गई है।
बरामद नकली नोटों एवं अन्य सामग्रियों को विधिवत जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. सतीश कुमार, पिता आधे राम, उम्र 33 वर्ष, निवासी मजगांव रोड, थाना कवर्धा।
2. रामप्रसाद उर्फ रमऊ, पिता ललित राम, उम्र 56 वर्ष, निवासी तालपुर, थाना सिटी कोतवाली कवर्धा।
3. घुरवा राम, पिता मोतीराम, निवासी कान्हाभैरा, थाना पिपरिया।
चौकी पोंडी एवं साइबर टीम की सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में साइबर थाना कबीरधाम के निरीक्षक श्री उमाशंकर राठौर, थाना बोडला के चौकी पोंडी प्रभारी निरीक्षक श्री लक्ष्मीनारायण साव, सउनि चंद्रकांत तिवारी, आशीष सिंह एवं संजीव तिवारी, प्रधान आरक्षक चुम्मन साहू, अभिनव तिवारी, ओम प्रकाश पटेल, खूबी साहू तथा आरक्षक संदीप शुक्ला, गज्जू ठाकुर, पूरन दास डाहिरे, देवेंद्र चतुर्वेदी, सोमेंद्र शर्मा एवं सतखोजन की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस की आमजन से अपील**
कबीरधाम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के संदिग्ध नोट अथवा संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के मामले में सतर्क रहें। किसी व्यक्ति द्वारा दिए गए नोट की प्रामाणिकता को लेकर संदेह होने पर उसे आगे चलाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचित करें।
नकली नोट अथवा नकली मुद्रा से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाना/चौकी को सूचित करें।