छत्तीसगढ़ / रायगढ़
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति: ऑनलाईन पंजीयन की तिथि में वृद्धि
अंतिम तिथि 31 जनवरी 2025 तक सकते है विद्यार्थी ऑनलाईन आवेदन
रायगढ़।रायगढ़ जिले में संचालित शासकीय/अशासकीय महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कालेज, मेडिकल कालेज, नर्सिंग कालेज, पालीटेक्निक एवं आईटीआई आदि के प्राचार्य/ संस्था प्रमुख, छात्रवृत्ति प्रभारी एवं उनमें अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों जो विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की पात्रता रखते है, उनके लिए शिक्षा सत्र 2024-25 हेतु ऑनलाईन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 12 वीं से उच्चतर)के पंजीयन/आवेदन, स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही वेबसाईट http://postmatric-scholarship.cg.nic.in पर ऑनलाईन की जा रही है। जिसके अंतर्गत संस्थाओं द्वारा ऑनलाईन आवेदन/ प्रस्ताव/ स्वीकृति वर्ष 2024-25 हेतु विभाग द्वारा तिथि में वृद्धि की जा रही है। जिसके तहत विद्यार्थी द्वारा ऑनलाईन आवेदन हेतु (नवीन एवं नवीनीकरण हेतु) 1 जनवरी से 31 जनवरी 2025 तक निर्धारित है। इसी तरह ड्रॉफ्ट प्रपोजल लॉक करने हेतु 01 जनवरी से 15 फरवरी 2025 तथा स्वीकृति आदेश करने की तिथि 01 जनवरी से 28 फरवरी 2025 तक निर्धारित है।
निर्धारित तिथियों के पश्चात शिक्षा सत्र 2024-25 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु आवेदन स्वीकृत नहीं किए जायेंगे एवं ड्रॉफ्ट प्रपोजल एवं स्वीकृति लॉक करने का अवसर भी प्रदान नहीं किया जाएगा। उक्त तिथि तक कार्यवाही पूर्ण नहीं करने पर यदि संबंधित संस्थाओं के विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते है तो इसके लिए संस्था प्रमुख जिम्मेदार होंगे। पीएफएमएस के माध्यम से आधार आधारित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का भुगतान किया जा रहा है। सभी विद्यार्थी ऑनलाईन आवेदन करते समय ध्यान रखें कि उनका बचत खाता एक्टिव हो एवं आधार सीडेट बैंक खाता नंबर की प्रविष्टि ही करना सुनिश्चित करें। वर्ष 2024-25 से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को अनिवार्य रूप ओटीआर की प्रविष्टि ऑनलाईन आवेदन करते समय की जानी है। ओटीआर की प्रविष्टि के संबंध में संस्थाओं द्वारा विद्यार्थियों को प्रक्रिया की जानकारी प्रदाय की जाएगी। वर्ष 2024-25 से संस्थाओं को प्रदाय प्रशिक्षण अनुसार जियो टेगिंग किया जाना अनिवार्य है। जिन संस्थाओं द्वारा जियो टेगिंग नहीं किया जाएगा। उक्त संस्थाओं के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदाय नहीं किया जाएगा।
आयुष्मान कार्ड : छूटे हितग्राहियों के लिए वार्डों में लगाए जा रहे शिविर
70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का मिशन मोड में प्राथमिकता से बनाए जायेंगे आयुष्मान कार्ड
रायगढ़। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देशन एवं सीएमएचओ डॉ.चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में रायगढ़ शहरी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 01 से लेकर 48 तक के शहरी वार्डो में आयुष्मान कार्ड के छूटे हुये हितग्राहियों का वार्डो में शिविर लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। जिसमें विशेष रूप से 70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का मिशन मोड में प्राथमिकता से सभी का आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। वार्ड के हितग्राही इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए अपने वार्ड के मितानिन अथवा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर सकते है।
सीएमएचओ कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रायगढ़ शहरी क्षेत्र में क्रमश: दिनांक 01 एवं 2 जनवरी 2025 को गांजा चौक, गौशालापारा, दरोगापारा एवं बैकुण्ठपुर में शिविर लगाकर कार्ड बनाया जाएगा। इसी तरह 3 एवं 4 जनवरी को बीडपारा सदर हटरी, दरोगापारा गांधीगंज, भूपदेवगंज एवं जूनाबड़पारा में, 6 एवं 7 जनवरी को बेलादुला, चक्रधर नगर बंगलापारा, कसेरपारा चक्रधर नगर, बिनोबानगर, 8 एवं 9 जनवरी को कौहाकुण्डा, छोटे अतरमुडा, नया अतरमुडा, पंजरीप्लांट, 10 एवं 11 जनवरी को जेलपारा, बाजीरावपारा, मि_ूमुडा, फटहामुड़ा, 13 एवं 14 जनवरी को गांधीनगर, अम्बेडकर नगर, झोपड़ीपारा, राजीवगांधी नगर नावापारा, 15 एवं 16 जनवरी को भजनडीपा, देवारपारा, रेलवे बंगलापारा एवं बूढ़ीमाई मंदिर, 17 एवं 18 जनवरी को छातामुड़ा सहदेवपाली, अमलीभौना, सराईपाली बरमुड़ा एवं पतरापाली, 20 एवं 21 जनवरी को भगवानपुर, उर्दना-कृष्णापुर, विजयपुर-गोवर्धनपुर एवं बोईरदादर में आयुष्मान कार्ड बनाया जायेगा।
नवीन अनुज्ञप्ति स्वीकृति के लिए निर्देश जारी
रायगढ़। राज्य शासन द्वारा एफ.एल.2(क) (स्तरीय रेस्टोरेन्ट बार अनुज्ञप्ति) नवीन अनुज्ञप्ति की स्वीकृति हेतु निर्देश जारी किये गये हैं। निर्देशानुसार ऐसे स्थान जिसकी जनसंख्या 1 लाख से अधिक न हो 18 लाख रुपये लायसेंस फीस एवं 1 लाख से 3 लाख जनसंख्या वाले स्थान हेतु 24 लाख रुपये एवं 3 लाख से अधिक जनसंख्या वाले नगर/स्थान हेतु 31 लाख 20 हजार रुपये लायसेंस फीस निर्धारित की गई है। रेस्टोरेन्ट बार लायसेंस हेतु नगर निगम की सीमा से 10 कि.मी. एवं नगर पालिका की सीमा से 5 कि.मी. की परिधि में लायसेंस फीस वही होगी जो नगरीय क्षेत्रों के लिए स्थित बार के लिए लागू होगी।
एफ.एल.2(क) (स्तरीय रेस्टोरेन्ट बार अनुज्ञप्ति) लायसेंस हेतु निर्धारित मापदण्डों को पूरा करना होगा। राज्य शासन द्वारा 25 हजार की जनसंख्या में एक एफ..एल.2 तथा एफ..एल.3 लायसेंस दिए जाने की सीमा निर्धारित की गई है। यदि किसी प्रकरण में जनसंख्या एवं अन्य मापदण्ड हेतु निर्धारित सीमा को शिथिल करने की आवश्यकता होगी, तो इस संबंध में आबकारी आयुक्त के माध्यम से राज्य शासन की स्वीकृति प्राप्त करने के उपरांत ही ऐसे लायसेंस जारी किए जा सकते हैं। एफ..एल.2(क) बार लायसेंस के अन्य प्रावधानों हेतु https://excise.cg.nic.in एवं कार्यालय सहायक आयुक्त आबकारी, जिला रायगढ़, कलेक्टर परिसर में जाकर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम समिति का पुर्नगठन
रायगढ़। छत्तीसगढ़ शासन राज्य अल्प संख्यक आयोग द्वारा जारी आदेश एवं प्रभारी मंत्री के अनुमोदन पश्चात पूर्व में गठित समिति को निरस्त करते हुए उनके स्थान पर नई जिला स्तरीय अल्पसंख्यक कल्याण समिति एवं प्रधानमंत्री 15 सूत्रीय कार्यक्रम समिति का पुर्नगठन किया गया है। गठित जिला स्तरीय अल्पसंख्यक कल्याण समिति में कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल को अध्यक्ष एवं आदिवासी विकास रायगढ़ के सहायक आयुक्त को सदस्य सचिव बनाया गया है। इसी तरह गठित समिति में असलम हुसैन, गुलाम रहमान खान, साहिल मनिहार, आशिया बानो, हैदर रजा खान, रईस सिद्दीकी, मेहरून निशा, रितेश जैन, दीपक अरोरा, रफीक मोहम्मद, दिनेश किस्पोट्टा, संजय टोप्पो, सै.इफ्तेखार खान (चिंटू), शेख हाफिज खान, ज्ञान सिंह एवं बादशाह खान को सदस्य बनाए गए है। इसी तरह प्रधानमंत्री 15 सूत्रीय कार्यक्रम समिति में फिरोज अली, प्रदीप खलखो एवं अजरूद्दीन खान को सदस्य बनाए गए है।
आंगनबाड़ी में रिक्त कार्यकर्ता एवं सहायिका पद के आवेदन 15 तक
रायगढ़। एकीकृत बाल विकास परियोजना रायगढ़ (शहरी)अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्र ट्रांसपोर्टनगर वार्ड क्रमांक 42 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद रिक्त है। इसी तरह आंगनबाड़ी केन्द्र ट्रांसपोर्टनगर वार्ड क्रमांक 42, आंगनबाड़ी केन्द्र चमड़ागोदाम वार्ड क्रमांक 38 एवं आंगनबाड़ी केन्द्र कुम्हारपारा वार्ड क्रमांक 7 में आंगनबाड़ी सहायिका के पद रिक्त है। उक्त पद की पूर्ति हेतु इच्छुक आवेदिकाओं से 15 जनवरी 2025 तक आवेदन मंगाए गए है। नियुक्ति से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश परियोजना कार्यालय के सूचना पटल पर अवलोकन कर सकते है। नियत तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने सुनाई अपनी समस्या
कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों पर त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
रायगढ़। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने कलेक्टोरेट के सृजन सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में बारी-बारी से जिले के आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों को शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में आज जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आये आवेदकों ने अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
जनदर्शन में आज ग्राम-अड़बहाल, पोस्ट-भगोरा के देवचरण पटेल विद्युत मीटर लगाए जाने के संबंध में आवेदन लेकर आए थे। उन्होंने बताया कि वे विगत 2023 में विद्युत मीटर लगाए जाने हेतु अमानत राशि 5 हजार रुपये जमा किया था। लेकिन आज पर्यन्त तक मीटर नहीं लगा है। भगवानपुर रायगढ़ के समस्त महिला गांव में चल रहे अवैध शराब, गांजा बिक्री, जुआ एवं सट्टा पर रोक लगाए जाने संबंधी आवेदन लेकर आए थे। उन्होंने बताया कि भगवानपुर वार्ड नंबर 45 नीचे बस्ती में कुछ सालों से शराब, गांजा की बिक्री तथा जुआ, सट्टा जोर-शोर से चल रहा है। जिससे वहां के रहवासी पूरी तरह से परेशान है। वहां इस तरह का माहौल होने के कारण गांव के छोटे-छोटे बच्चों पर खराब असर पड़ रहा है। साथ ही सामाजिक, आर्थिक एवं पारिवारिक समस्याएं उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कलेक्टर को इस पर शीघ्र कार्यवाही हेतु निवेदन किए।
धरमजयगढ़ के रहवासी आमापाली से बोजिया मार्ग में बिना परमिट यात्री बसों पर प्रतिबंध लगाए जाने के संंबंध में आवेदन लेकर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि विकासखण्ड धरमजयगढ़ के आमापाली से बोजिया प्रधानमंत्री सड़क में विगत कई महीनों से बिना परमिट के यात्री बस दौड़ रही है जो कि आमापाली से पुरूंगा होते हुए हाटी चौक तक चल रही है जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि आवागमन हेतु एकमात्र सड़क आमापाली से बोजिया है जो भारी वाहन के चलने से दिनो-दिन जर्जर होते जा रहा है। मुआवजा राशि दिलाये जाने संबंधी आवेदन लेकर ग्राम-तरडा की बिमलो कांटे आयी थी। उन्होंने बताया कि उनकी भूमि को केलो परियोजना हेतु अधिग्रहण किया गया है, जिसमें प्रार्थिंया की भूमि भी गई है तथा प्रार्थियां को किसी प्रकार का कोई मुआवजा राशि प्रदान नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि मुआवजा राशि न मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। निराश्रित पेंशन दिलाने संबंधी आवेदन लेकर बोईरडीह ग्राम-पंचायत बिंजकोट के घुराऊ राम चौहान आये थे। उन्होंने कहा कि उनकी उम्र 61 वर्ष है और वृद्ध होने के कारण कही आने-जाने और कुछ काम करने में दिक्कत हो रही है। ऐसी अवस्था में निराश्रित पेंशन ही जीवन-यापन का सहारा है। उन्होंने कलेक्टर से निराश्रित पेंशन दिलाए जाने हेतु निवेदन किया। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों समय-सीमा में प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
अवैध कबाड़ पर पूंजीपथरा पुलिस कार्रवाई जारी
रायगढ़ । एसपी दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। पूंजीपथरा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 6 टन 620 किलोग्राम कबाड़, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,87,000 है। कल 28 दिसंबर को निरीक्षक राकेश मिश्रा थाना प्रभारी पूंजीपथरा को मुखबीर से मिली सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए सलासर चौक शनि मंदिर के पास माजदा वाहन (क्रमांक CO11BM-6416) को रोका गया।
वाहन में करीब 4 टन 500 किलोग्राम स्क्रैप लोड था, जिसकी कीमत ₹1,41,000 है। आरोपी वाहन चालक परदेशी यादव (उम्र 32 वर्ष, निवासी छिंदमुडा, जिला सक्ती) के पास कबाड़ से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं थे। आज पूंजीपथरा पुलिस द्वारा ग्राम गेरवानी में मुखबिर की सूचना पर टाटा माजदा (क्रमांक CG13AR1693) को पकड़ा गया।
वाहन में 2,120 किलोग्राम कबाड़ लोड था, जिसकी कीमत ₹46,000 है। आरोपी वाहन चालक नामधारी विश्वकर्मा (उम्र 32 वर्ष, निवासी दीनदयाल कॉलोनी, रायगढ़) के पास भी कबाड़ परिवहन दोनों मामलों में कुल 6 टन 620 किलोग्राम कबाड़ और दो वाहनों को जप्त किया गया।
दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में पृथक-पृथक धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS के तहत इस्तगासा पंजीबद्ध कर कार्रवाई किया गया है। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत, विनीत तिर्की, आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी, और अभिषेक द्विवेदी शामिल थे।
हाथी ने 5 घरों को तोड़ा, बस्ती में हड़कंप
रायगढ़ । जिला के लैलूंगा वन परिक्षेत्र में एक हाथी लोगों के डर का कारण बना हुआ है। रात होने के बाद हाथी बस्ती तक पहुंचता है और जिन घरों में धान रखा होता है। उसे तोड़कर धान खा रहा है। पिछले करीब 6 दिनों में एक हाथी ने 5 घरों को तोड़ दिया है।
धरमजयगढ़ वन मंडल के लैलूंगा वन परिक्षेत्र में 4 हाथी विचरण कर रहे हैं, लेकिन इसमें एक हाथी रात में घर तोड़ता है। वह हाथी धान खाने के लिए लोगों के घरों तक पहुंचता है। बीती रात भी होर्रोगुड़ा में पहुंच गया और यहां रहने वाला आनंद गुप्ता के घर की दीवार को तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि अब तक हाथी ने भागीरथी गुप्ता, छातासराई, चिराईखार गांव के किशन यादव, कृष्णा यादव व नकटामार गांव की संतोषी गुप्ता के घर की परछी के दीवार को तोड़ा है।
हाथी धान खाने व जिस घर में महुआ रखा हुआ है। वहां बार बार पहुंच रहा है। ऐसे में संतोषी यादव के घर में करीब 10-12 बार हाथी पहुंचा।
बताया जा रहा है कि संतोषी के घर बार बार हाथी के आने से उसे वन अमला द्वारा हाथी राहत कैंप में ठहराया गया था, लेकिन वह शनिवार को वापस अपने घर चले गई।
अवैध कबाड़ पर कार्रवाई, माजदा वाहन और डंप कबाड़ जब्त
रायगढ़ । अवैध कबाड़ पर कार्रवाई, माजदा वाहन और डंप कबाड़ जब्तएसपी दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के तहत रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और भंडारण पर कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में 27 दिसंबर 2024 को पूंजीपथरा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में अवैध कबाड़ का परिवहन कर रहे एक माजदा वाहन और डंप किए गए लोहे के कबाड़ को जब्त किया।
पेट्रोलिंग के दौरान ग्राम तराईमाल में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद स्वराज माजदा (क्रमांक CG 13 UF 2306) अवैध कबाड़ लेकर रायगढ़ से गेरवानी की ओर जा रही है। सूचना पर गेरवानी चौक के पास पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की। ड्राइवर राजेश सोनी (30 वर्ष), निवासी लुडेग, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर के वाहन में लोड का कबाड़ (1100 किलोग्राम) कीमती ₹33,000 की जप्ती की गई।
पूंजीपथरा पुलिस मुखबिर सूचना पर बिन्नी ढाबा, गेरवानी में छापा मारकर आरोपी भागीरथी सिदार (23 वर्ष) द्वारा ग्राम कोडामई, थाना लैलूंगा, हाल मुकाम बिन्नी ढाबा डंप किए गए लोहे के कबाड़ को कबाड़ (250 किलोग्राम, कीमती ₹7,500) जप्त किया गया। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ पृथक-पृथक इस्तगासा क्रमांक 27, 28 धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2)BNS के तहत कार्यवाही की गई है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत, विनीत तिर्की और आरक्षक अभिषेक द्विवेदी ने सक्रिय भूमिका निभाई। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
संभाग आयुक्त ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण
मेडिकल कालेज के प्रबंध कारिणी समिति की ली बैठक
रायगढ़। संभाग आयुक्त महादेव कावरे आज रायगढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय के निरीक्षण में पहुंचे। यहां उन्होंने जिला कार्यालय में विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया व अधिकारी-कर्मचारियों को विभिन्न दिशा-निर्देश दिए। यहां उन्होंने तहसीलदार कार्यालय, भू-अभिलेख शाखा, जिला चिकित्सालय, सामान्य निर्वाचन, सहायक श्रमायुक्त कार्यालय, खनिज शाखा, स्थानीय निर्वाचन, रिकार्ड रूम, वित्त शाखा, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्द्र यादव इस दौरान साथ रहे।
संभाग आयुक्त श्री कावरे ने सभी कार्यालयों में कैश बुक को अद्यतन करने व नियमित रूप से एन्ट्री करने के निर्देश दिए। संभाग आयुक्त श्री कावरे ने आरबीसी 6-4 के अंतर्गत लंबित प्रकरणों को शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने राजस्व प्रकरणों में 3 माह से अधिक लंबित प्रकरणों का निराकरण शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक कर्मचारियों के टेबल में नेम प्लेट लगाने के निर्देेश दिए। उन्होंने सेवा पुस्तिका में अवकाश लेखा, परिवार सूची, नॉमिनेशन, सेवा सत्यापन में डीडीओ का अनिवार्य रूप से हस्ताक्षर करवाकर अद्यतन करने के निर्देश दिए।
संभाग आयुक्त श्री कावरे ने जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान वहां मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा मरीजों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मरीजों की बेडशीट मेडिकेटेड होनी चाहिए तथा अस्पताल से मरीजों को दवाईयों का नियमित वितरण किया जाना चाहिए। उन्होंने जिला चिकित्सालय में ओपीडी, आई वार्ड, केजुअल्टी, डायलिसिस वार्ड का निरीक्षण किया। जिला चिकित्सालय में सभी रिकार्ड को अद्यतन रखने व कैशबुक नियमित रूप से संधारित करने के निर्देश दिए।
संभाग आयुक्त श्री कावरे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मेडिकल कालेज के प्रबंध कारिणी समिति की बैठक ली। जिसमें विभिन्न एजेंडों पर चर्चा की गई। इसमें स्वशासी मद से रेडियोग्राफी विभाग में कर्मचारियों को रखे जाने पर चर्चा की गई। मेडिकल कालेज अस्पताल के लिए ट्रॉजिट हॉस्टल के निर्माण व रख-रखाव के संबंध में भी चर्चा कर दिशा-निर्देश दिए गए। संभाग आयुक्त श्री कावरे ने मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के समुचित इंतजाम रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में दवाईयों की उपलब्धता के साथ उपचार संबंधी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान मेडिकल कालेज डीन डॉ.विनीत जैन, सीएमएचओ डॉ.बी.के.चंद्रवंशी, प्रभारी अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर, एसडीएम रायगढ़ प्रवीण तिवारी, डिप्टी कलेक्टर महेश शर्मा, डिप्टी कलेक्टर रेखा चन्द्रा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सीमित आय एवं आर्थिक तंगी में महतारी वंदन योजना बना सहारा
करूणा की बेटी के सुरक्षित भविष्य के साथ शिक्षा की राह हुई आसान
रायगढ़ । जिले के दूरस्थ धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम अलोला की करूणा महेश्वरी एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पति बारू महेश्वरी राजमिस्री का कार्य करते हैं। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य एवं कम आय से परिवार का भरण पोषण ही हो पाता है। सीमित आय और बढ़ते खर्चों के कारण परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।
इसी बीच छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गई महतारी वंदन योजना ने उनके जीवन में नई रोशनी लेकर आई। इस योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीकरण करवा कर उन्हें हर महीने 1000 रुपए की सहायता राशि मिलने लगी। करूणा महेश्वरी ने महतारी वंदन योजना से मिल रही प्राप्त राशि का उपयोग अपने 8 वर्षीय बेटी कनक की शिक्षा के लिए कर रही। जिससे बेटी की पढ़ाई में सुधार हुआ है। इसके अलावा उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना के तहत पोस्ट ऑफिस में खाता खुलवा कर हर महीने एक निश्चित राशि उसमें जमा करना शुरू किया, ताकि बच्ची का भविष्य सुरक्षित हो सके। करूणा महेश्वरी कहती है इस योजना ने उनके परिवार को आर्थिक मजबूती दी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया। जहां पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ता था, लेकिन अब उनका परिवार बेहतर स्थिति में है।
करूणा महेश्वरी कहती हैं महतारी वंदन योजना हमारे जीवन में आर्थिक सहायता देने का कार्य कर रही है। जिससे अब मैं अपनी बेटी के भविष्य के लिए बचत कर पा रही हूं और परिवार की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के सक्षम हूं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को इस योजना के लिए धन्यवाद दी।
गले में स्वर यंत्र कैंसर से पीडि़त सुशील मुण्डा की ऑपरेशन के बाद लौटी आवाज
रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में स्वर यंत्र के कैंसर का सफल इलाज
रायगढ़ । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी के निर्देशन में रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार हो रही है, जिससे आमजन लाभान्वित हो रहे है।
स्व. लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति शासकीय चिकित्सालय रायगढ़ लगातार अपनी सुविधाओं को बढ़ाने के लिए प्रयास करते हुए मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान कर रही है। इस कड़ी में कान, नाक, गला विभाग द्वारा जशपुर निवासी 33 वर्षीय सुशील मुण्डा का डीन डॉ. विनीत जैन एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ.मनोज कुमार मिंज के मार्गदर्शन में सफल ऑपरेशन किया गया।
गुरू गोबिंद सिंह के चार वीर पुत्रों की शहादत को स्कूली बच्चों के साथ पालक व शिक्षकों ने किया नमन
वीर बाल दिवस
रायगढ़। वीर बाल दिवस के अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया। कार्यक्रम में प्रधान मंत्री श्री मोदी ने राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों से संवाद करते हुए वीर बाल दिवस के अवसर पर गुरु गोविंद साहेब के पुत्रों के बालिदान को याद किये और उन्होंने समाज में राष्ट्र के प्रति बालिदान, त्याग एवं समर्पण की भावना स्थापित करने की बात कही। वीर बाल दिवस के इस कार्यक्रम में कक्षा पहली से बारहवीं के विद्यार्थी सम्मिलित हुए। छात्रों ने इस वर्ष के राष्ट्रीय बाल वीरता पुरस्कार प्राप्त 17 बच्चों से परिचित हुए, प्रधानमंत्री के सजीव संवाद को सुने और वीरता की भावना से प्रेरित हुए।
रायगढ़ जिले के समस्त विद्यालयों में आज बलिदान की याद में वीर बाल दिवस मनाया गया। वीर बाल दिवस सिख धर्म के 10वें गुरु, गुरु गोबिंद सिंह जी के चार बेटों की याद में मनाया जाता है, जिन्होंने मुगल बादशाह औरंगजेब के खिलाफ लड़ाई में भाग लिया था और वे सभी शहीद हो गए थे। उनकी शहादत को सिख धर्म में महत्व देने के साथ ही उन्हें वीर बाल के रूप में सम्मान दिया जाता है।
इसी कड़ी में आज खरसिया विकासखण्ड के समस्त विद्यालयोंं में वीर बाल दिवस के अवसर पर पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग, डांस, रंगोली का कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों ने वीर बाल दिवस के अवसर पर 10 वें सिख गुरु गोविंद सिंग साहेब के पुत्रों को रंगोली में उकेर कर उनके राष्ट्र के प्रति त्याग, समर्पण एवं बालिदान को याद किये। इसी तरह पुसौर के पंचपारा संकुल अंतर्गत आने वाले समस्त शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में वीर बाल दिवस का आयोजन किया गया। स्कूली बच्चों को बताया गया कि धर्म की रक्षा और मातृभूमि के सम्मान के लिए गुरू गोविन्द सिंह का बलिदान मानवता की अमूल्य धरोहर है। उनकी गौरवमयी गाथा आने वाली पीढिय़ों को सच्चाई, निडरता और कर्तव्यनिष्ठा का पाठ पढ़ाती रहेगी। इसी उद्देश्य के पूर्ति हेतु पंचपारा संकुल के प्राथमिक शाला कोसमंदा, बाघाडोला, नावापारा अ, पंचपारा, सुकुल भठली, माध्यमिक शाला पंचपारा में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमे रंगोली प्रतियोगिता, निबंध लेखन, पेटिंग, स्टोरी टेंलिग, पोस्टर, स्लोगन, डांस, फैन्सी ड्रेस आदि विविध कार्यक्रम आयोजित हुए।
आयुष्मान वय वंदना योजना : घर-घर पहुंच रहे स्वास्थ्य कर्मी
कैंप लगाकर बना रहे कार्ड
रायगढ़ । रायगढ़ में 70 वर्ष या अधिक उम्र के बुजुर्ग व्यक्तियों के आयुष्मान वय वंदना योजना के कार्ड बनाने के लिए पूरे जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए कैंप लगाए जा रहे है, स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा डोर-टू-डोर संपर्क कर हितग्राहियों की जानकारी जुटा कर कार्ड बनाने का काम भी जारी है। आयुष्मान वय वंदना योजना के अंतर्गत 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के हितग्राहियों को प्रति व्यक्ति 5 लाख रुपए तक नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिलती है।
कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देश और सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव ने मार्गदर्शन में जिले में आयुष्मान वय वंदना योजना के कार्ड निर्माण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्ययोजना बनाकर काम किया जा रहा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में योजना के अंतर्गत कार्ड निर्माण किया जा रहा है।
योजना के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी देते हुए सीएमएचओ डॉ बी के चंद्रवंशी ने बताया कि पूरे जिले के लिए 135 टीमें बनाई गई हैं। 101 टीम ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत हैं। 34 टीमों को शहरी क्षेत्रों का जिम्मा दिया गया है। हर ब्लॉक के लिए प्रतिदिन 5-5 गांवों का रूट चार्ट बनाया जाता है। प्रतिदिन मुख्यालय स्तर से इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है।
70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के हर वृद्धजन को मिलेगा 5 लाख तक नि:शुल्क उपचार का लाभ
शासन के निर्देशानुसार 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक योजनान्तर्गत लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र होंगे। जिले के जनसामान्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ मेडिकल कालेज रायगढ़, जिला अस्पताल रायगढ़, एमसीएच रायगढ़, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र या शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपस्थित होकर 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवा सकते है।
आयुष्मान वय वंदना कार्ड के लिए लगेंगे ये दस्तावेज
आयुष्मान वय वंदना कार्ड के बनवाने के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड (फोटोयुक्त अन्य कोई भी शासकीय पहचान पत्र) एवं मोबाइल नंबर लगेंगे। इस संबंध में अधिक जानकारी या किसी भी प्रकार की सहायता के लिए हेल्प लाईन नंबर 104 या जिला स्तर पर हेल्प लाईन नंबर 9755891322 पर संपर्क कर सकते है।
पंचायत निर्वाचन : आरक्षण प्रक्रिया प्रशिक्षण व ड्राई रन का आयोजन
रायगढ़ । त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2024-25 अंतर्गत शासन द्वारा जारी समय-सीमा में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्तिकेया गोयल एवं सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में आज जिला पंचायत रायगढ़ के सभा कक्ष में आरक्षण प्रक्रिया के लिए प्रशिक्षण और ड्राई रन (पूर्वाभ्यास) का आयोजन किया गया। जिसमें निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी अनुविभाग के एसडीएम एवं संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों को आरक्षण नियमों से संबंधित व्यवहारिक प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास के संबंध में जानकारी दी गई एवं आरक्षण प्रक्रिया के दौरान आने वाली व्यवहारिक परेशानियों का समाधान किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत चुनाव में आरक्षण प्रक्रिया की पूर्ण जानकारी प्रदान करना, तकनीकी पहलुओं को स्पष्ट करना और संभावित त्रुटियों को समय रहते ठीक करना था। ड्राई रन (पूर्वाभ्यास) के दौरान वास्तविक प्रक्रिया के समान ही सभी चरणों एवं सीटों के आरक्षण से संबंधित सभी आवश्यक नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। प्रशिक्षण सह कार्यशाला में सभी एसडीएम, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, उप संचालक पंचायत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं अन्य कर्मचारी कार्यशाला में उपस्थित रहे।
वाहन सहित 58 बोरी धान जप्त
रायगढ़ । कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में जिले में अवैध धान विक्रय रोकने संयुक्त टीम बनाई गई। जिसके माध्यम से जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित रूप से निगरानी की जा रही है ताकि अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के साथ ही मंडी अधिनियम का पालन सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में बीती रात्रि संयुक्त जांच दल राजस्व, खाद्य, मंडी एवं कृषि विभाग ने अंतराज्यीय सीमा ग्राम लमडांड़ बिजना, तहसील तमनार में उड़ीसा से अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए बिजना निवासी भीष्म देव गुप्ता के पिकअप वाहन को पकड़ा। जिसमें 58 बोरी धान लोड था, जिसे मंडी अधिनियम के तहत जप्ती की कार्यवाही की गई। वाहन को जब्त कर हमीरपुर समिति को सुपुर्द किया गया।
सहकार से समृद्धि योजना: नवीन पंजीकृत समितियों के सदस्यों को दिया गया प्रशिक्षण
पंजीयन प्रमाण पत्र, केसीसी कार्ड, माइक्रो एटीम का किया गया वितरण
रायगढ़। केन्द्र सरकार की सहकार से समृद्धि अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में सहकारिता आंदोलन को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सहकारी समितियों में नई सुविधाएं बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए डेयरी, मत्स्य पालन के क्षेत्र में नई सहकारी समितियों के गठन को बढ़ावा दिया जा रहा है। वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने आज जगदलपुर में राज्य में गठित 300 से अधिक नवगठित बहुउद्देशीय पैक्स, डेयरी व मत्स्य सहकारी समितियों का शुभारम्भ किया।
इसी कड़ी में आज सहकार से समृद्धि योजनान्तर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। सहकार से समृद्धि योजना अंतर्गत समस्त ग्राम पंचायत में पैक्स, दुग्ध, मत्स्य एवं बहुआयामी सहकारी समितियों का 5 वर्ष के भीतर नवीन सहकारी समिति पंजीकृत करने का लक्ष्य निर्धारित है। फल स्वरुप वर्तमान में जिले के 6 मत्स्य एवं 5 दुग्ध सहकारी समिति का पंजीयन कर आज के कार्यक्रम में नवीन पंजीकृत समितियों के सदस्यों का प्रशिक्षण आयोजन किया गया। साथ ही पंजीयन प्रमाण पत्र, केसीसी कार्ड, माइक्रो एटीम वितरण किया गया। प्राथमिक सेवा सहकारी समिति कांटा हरदी के प्रबंधक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर को सीएससी सेंटर के माध्यम से सराहनीय कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उप आयुक्त सहकारिता एवं विभाग निरीक्षक, उपसंचालक पशुपालन, सहायक संचालक मत्स्य पालन, ओएसडी अपेक्स बैंक उपस्थित रहे।