छत्तीसगढ़ / सरगुजा
कौशल प्रतियोगिता 23 को अंबिकापुर में
अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण रायपुर के निर्देशानुसार कौशल तिहार 2025 का आयोजन 21 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को तकनीकी कौशल के प्रदर्शन का अवसर प्रदान कर आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करना है, साथ ही इंडिया स्किल 2025 एवं वर्ल्ड स्किल 2026 के लिए संभावित प्रतिभाओं की पहचान व चयन किया जाना है।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (हेल्थ केयर सेक्टर) एवं असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन (कंस्ट्रक्शन सेक्टर) कोर्स में विगत तीन वर्षों में प्रशिक्षित एवं प्रशिक्षणरत युवाओं के लिए जिला स्तरीय कौशल प्रतियोगिता का आयोजन 23 जुलाई 2025 (बुधवार) को प्रातः 10ः00 बजे से जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज भवन, नमना रोड, अम्बिकापुर में किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 22 जुलाई 2025 तक https://cssda.cg.nic.in/Global/KaushalTiharEntryForm.aspx या CSSDA पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना से स्व-सहायता समूह की महिलाओं को मिला रोजगार
आवास पूर्णता में निभा रहीं हैं अपनी महत्वपूर्ण भूमिका
अम्बिकापुर । प्रत्येक व्यक्ति का सपना होता है कि उसका स्वयं का पक्का मकान हो। प्रधानमंत्री आवास योजना आज जरूरतमंद लोगों के इस सपने को साकार कर रही है, योजना के तहत प्रदेश के लाखों लोगों के सपनों का आशियाना बनकर तैयार है। जिसमें वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित एवं सुखमय जीवन व्यतीत कर रहें हैं। योजना से जिले के कई परिवार समाज में सम्मानजनक और स्थिर जीवन व्यतीत कर रहें हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना ने एक ओर जहां लोगों को आवास प्रदान किया है, वहीं दूसरी ओर रोजगार प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भरता दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। जिले की महिलाओं ने इस योजना को आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बना लिया है। स्व सहायता समूह की महिलाएं आवास निर्माण हेतु निर्माण सामग्री प्रदान कर आवास पूर्णता में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहीं हैं। समूह की दीदियों द्वारा समूह से लोन प्राप्त कर योजना के हितग्राहियों को आवास निर्माण हेतु ईंट, सीमेंट, गिट्टी, छड़, सेंटरिंग सामान एवं मिक्सर मशीन उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले के समूह की 281 दीदियों के द्वारा ईंट निर्माण किया गया, इन ईंटो का उपयोग आवास एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए किया गया। वहीं 413 दीदियों के द्वारा बैंक लिंकेज और समूहों से लोन लेकर सेंट्रिंग प्लेट्स को किराए में देने का व्यवसाय किया जा रहा है। इसी कड़ी में 9 दीदियों के द्वारा लोन राशि और अपने परिवार की सहायता से सीमेंट मिक्सर मशीन को खरीद कर किराए में लगाया गया है। वहीं 06 दीदियों के द्वारा सीमेंट गिट्टी व छड़ आदि सामग्रियों को ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। पीएम आवास के हितग्राहियों को ग्राम पंचायत स्तर पर ही निर्माण के आवश्यक सामग्रियां मिल जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को नियमित आय प्राप्त हो रही है, जिससे जिले कि कुल 465 महिलाएं लखपति दीदी क्लब में शामिल हो गई हैं। महिलाओं ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना उनके जीवन में नई रोशनी लेकर आयी है, जिसके माध्यम से उन्हें रोजगार का एक नया और सशक्त माध्यम मिल गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद दिया।
पहाड़ी कोरवा महिलाओं को मिला आत्मनिर्भरता का नया आयाम
सरकार की योजनाओं से बदली जिंदगी
अम्बिकापुर । छत्तीसगढ़ सरकार की महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका संवर्धन की योजनाएं आज सरगुजा जिले की विशेष पिछड़ी जनजाति की महिलाओं को आत्मनिर्भरता की नई दिशा दे रही हैं। कभी केवल घरेलू कार्यों तक सीमित रहने वाली पहाड़ी कोरवा महिलाएं अब स्व-सहायता समूहों के माध्यम से सैंटरिंग प्लेट एवं मिक्चर मशीन व्यवसाय से अपनी अलग पहचान बना रही हैं।
बिहान योजना बनी बदलाव की शुरुआत
अम्बिकापुर विकासखंड के मलंगवा खुर्द ग्रामपंचायत के रामनगर की महिलाएं पहले सामाजिक व आर्थिक रूप से सीमित थीं। लेकिन बिहान योजना से जुड़ने के बाद उनकी सोच और जीवनशैली में परिवर्तन आया। लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती संगीता पहाड़ी कोरवा बताती हैं कि उन्होंने बकरी व मुर्गी पालन से शुरुआत की और धीरे-धीरे आय का स्रोत बढ़ाया। बचत की आदत ने उनके जीवन को नई दिशा दी।
सैंटरिंग प्लेट से आमदनी और आत्मविश्वास दोनों में बढ़ोतरी
समूह की सचिव श्रीमती सुशीला पहाड़ी कोरवा ने जानकारी दी कि सितंबर 2024 में समूह ने 90 हजार रुपये का लोन लेकर सैंटरिंग प्लेट का व्यवसाय शुरू किया। सुशीला बताती है कि गांव में पीएम आवास निर्माण के लिए सेंट्रिंग प्लेट अब शहर से किराए पर नहीं लाना पड़ता है. गांव में सबके निर्माण में ये महिलाओं सेंट्रिंग प्लेट और मिक्सचर मशीन देती है साथ ही राजमिस्त्री का काम भी करती है. इससे एक घर से लगभग 8 से 9 हजार रुपये की कमाई हो जाती है.अब तक लगभग एक लाख रुपए कमा चुकी हैं।
आत्मनिर्भर बनाने में स्व-सहायता समूहों की बड़ी भूमिका
सरगुजा जिला पंचायत सीईओ श्री विनय अग्रवाल ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत अब तक 31,772 सामान्य आवास और 2,565 जनमन आवास स्वीकृत किए गए हैं। लक्ष्य बड़ा था, इसलिए निर्माण प्रक्रिया में गति लाने के लिए 413 स्व-सहायता समूहों की 782 महिलाओं को सैंटरिंग प्लेट किराये पर देने और मिक्चर मशीन संचालन के व्यवसाय से जोड़ा गया।
उन्होंने बताया कि 387 ग्राम पंचायतों में महिलाएं सैंटरिंग प्लेट्स और मिक्सर मशीनें किराए पर देकर आय अर्जित कर रही हैं, जिससे न सिर्फ आवास निर्माण में तेजी आई है बल्कि ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि भी हो रही है। यह पहल नारी सशक्तिकरण का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन चुकी है।
महतारी वंदन योजना बनी सहारा
महिलाएं बताती हैं कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हर महीने खातों में मिलने वाली राशि से घरेलू आवश्यकताएं पूरी हो रही हैं। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना से उन्हें पक्का मकान मिलने से अब रहने की स्थायी व्यवस्था भी सुनिश्चित हो गई है।
नारी सशक्तिकरण की मिसाल
पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए संघर्ष करने वाली पहाड़ी कोरवा महिलाएं आज आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर, सशक्त और प्रेरणास्रोत बन चुकी हैं। वे अन्य ग्रामीण महिलाओं को भी समूहों से जुड़कर स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं। स्व सहायता समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में नगर निगम अंबिकापुर को मिला सुपर स्वच्छ लीग अवॉर्ड
50 हजार से 3 लाख आबादी वाले शहरों में सुपर स्वच्छ लीग में अंबिकापुर रहा प्रथम
अम्बिकापुर । छत्तीसगढ़ के नगर निगम पालिका अम्बिकापुर को स्वच्छता के क्षेत्र में एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। भारत सरकार आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के अंतर्गत 50 हजार से 3 लाख की जनसंख्या वर्ग में नगर निगम पालिका अम्बिकापुर को “सुपर स्वच्छ लीग” में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
इस उपलब्धि के लिए गुरुवार को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने अंबिकापुर नगर निगम को सम्मानित किया। अम्बिकापुर की ओर से यह पुरस्कार अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत एवं नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप संयुक्त रूप से उपस्थित रहे।
इस सम्मान समारोह के अवसर पर सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, एमआईसी सदस्य श्रीमती श्वेता गुप्ता, कार्यपालन अभियंता संतोष रवि, एसबीएम नोडल अधिकारी रितेश सैनी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अवधेश पांडेय, सहायक अभियंता दुष्यंत बजाज एवं प्रशांत खुल्लर, साथ ही स्वच्छता अभियान से जुड़ी स्वच्छता दीदी शशिकला सिन्हा एवं ज्ञानलता कुजूर भी उपस्थित थे।
क्या है सुपर स्वच्छ लीग?
“सुपर स्वच्छ लीग“ भारत सरकार द्वारा उन शहरों के लिए आरंभ की गई एक विशेष लीग है, जो पिछले वर्षों में स्वच्छ सर्वेक्षण में निरंतर असाधारण प्रदर्शन करते आए हैं। यह लीग स्वच्छता मानकों, जनभागीदारी, कचरा प्रबंधन, और सतत सफाई व्यवस्था में श्रेष्ठता प्राप्त शहरों को मान्यता प्रदान करती है।
लगातार 5-स्टार और टॉप पर बना अम्बिकापुर
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में अतिरिक्त मानदंडों के आधार पर अम्बिकापुर नगर निगम का मूल्यांकन किया गया। इस मूल्यांकन में अम्बिकापुर ने अपनी श्रेणी में शीर्ष स्थान हासिल किया है। साथ ही, अम्बिकापुर नगर को “गार्बेज फ्री सिटी” अभियान के अंतर्गत पुनः 5-स्टार रेटिंग भी प्राप्त हुई है, जो स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर उच्च प्रदर्शन का प्रमाण है।
गौरतलब है कि सुपर स्वच्छ लीग में शहरों की रैंकिंग नहीं की जाती, बल्कि प्रदर्शन के आधार पर चयन किया जाता है। आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में इस विशेष लीग में बने रहने के लिए नगर निकायों को कम से कम 85 प्रतिशत स्कोर हासिल करना होता है और शीर्ष 20 शहरों में स्थान बनाए रखना आवश्यक है। मुख्यमंत्री साय ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि “अंबिकापुर की यह सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह पुरस्कार आम नागरिकों की सहभागिता और स्वच्छता कर्मियों की मेहनत का परिणाम है।”
नगरीय प्रशासन मंत्री ने भी नगर निगम की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के अन्य नगर निकायों को भी प्रेरणा देगी। इस अवसर पर महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने कहा कि अम्बिकापुर की जनता, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और स्वच्छता टीम की सतत मेहनत का ही परिणाम है कि आज हमारा शहर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हुआ है। यह हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है।
कलेक्टर विलास भोसकर ने नगर निगम अम्बिकापुर को “सुपर स्वच्छ लीग“ में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा ,यह सम्मान नगर निगम की टीम, स्वच्छता दीदियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
नगर निगम आयुक्त श्री कश्यप ने कहा कि अम्बिकापुर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की आधुनिक व्यवस्था, प्लास्टिक प्रतिबंध, स्वच्छता जागरूकता और पर्यावरणीय संतुलन पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अम्बिकापुर की यह राष्ट्रीय उपलब्धि अब छत्तीसगढ़ के अन्य नगर निकायों के लिए एक मॉडल के रूप में देखा जा रही है।
अम्बिकापुर की यह उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि देशभर के शहरों के लिए स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता और नवाचार का प्रेरणास्रोत बन चुकी है।
विद्यालयों में 6 से 12 अगस्त तक मनाया जाएगा “संस्कृत सप्ताह“
अम्बिकापुर । राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के समस्त हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों में इस वर्ष भी श्रावण पूर्णिमा (रक्षाबंधन) के तीन दिन पूर्व एवं तीन दिन बाद अर्थात 06 अगस्त से 12 अगस्त 2025 तक “संस्कृत सप्ताह“ का आयोजन किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्कृत सप्ताह के आयोजन संबंधी निर्देश सचिव, छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम्, रायपुर द्वारा जारी किए गए हैं। कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार इस अवधि में विद्यालयों में निबंध लेखन, वाद-विवाद, संस्कृत नाटक, कहानी लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही संस्कृत आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विद्वानों की संगोष्ठी, साहित्य प्रदर्शनी, भाषण, परिचर्चा एवं संस्कृत गीत आदि कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत संस्कृत विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को सम्मानित भी किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया है कि निर्धारित तिथि अनुसार कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित करें एवं संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
सूने मकान से लाखों की चोरी, FIR दर्ज
सरगुजा । गांधीनगर थाना क्षेत्र के नमनाकला इलाके में बीती रात एक सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने 21 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 80 हजार रुपए नकद पार कर दिए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, नमनाकला निवासी बलदेव सिंह का परिवार दो दिन पहले अपने पैतृक गांव सोनगरा गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर को निशाना बनाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और भीतर घुसकर अलमारी में रखे नगदी और कीमती जेवरात चुरा लिए।
चोरी की जानकारी उस वक्त सामने आई जब बलदेव सिंह का परिवार वापस लौटकर घर पहुंचा और दरवाजा टूटा व सारा सामान बिखरा हुआ पाया। परिवार ने तुरंत गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की भी मदद ली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन आज तक किसी भी बड़ी घटना का खुलासा नहीं हो सका है। लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और पुलिस की सतर्कता की मांग की है।
सड़क पर झूल रही थी 'मौत'...बिजली कंपनी की लापरवाही से गई स्कूटी सवार की जान
अंबिकापुर: बिजली कंपनी की लापरवाही से अंबिकापुर शहर के एक व्यक्ति की मौत हो गई। सदर रोड में बिजली तार से उलझकर गिर जाने के कारण उन्हें गंभीर चोट आई थी। रायपुर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से जुड़ा सीसी कैमरे का फुटेज भी सामने आ गया है।
मामले में बिजली कंपनी के विरुद्ध पूर्व में ही अपराध पंजीकृत किया था। मौत के बाद पृथक से धाराएं जोड़ी जाएंगी। घटना दो जुलाई के भोर चार से पांच बजे की है। बौरीपारा निवासी सुरेश सोनी स्कूटी से खरसिया नाका की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सदर रोड कदम्मी चौक स्थित जयपुरी कुर्ती दुकान के सामने सड़क पर बिजली का टूटा हुआ तार लटक रहा था, जिसमें उलझने के कारण सुरेश सोनी सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद वे करीब एक घंटे तक अचेत अवस्था में सड़क पर पड़े रहे। बाद में मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से उन्हें तत्काल शासकीय अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें रायपुर रिफर किया गया। सिर में गंभीर चोट के कारण उनकी मौत हो गई।
अंबिकापुर में बड़ा हादसा, दो की मौत
अंबिकापुर । अंबिकापुर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिल रहा है. अंबिकापुर की ओर आ रही कार हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई. वहीं 3 की हालत गंभीर है. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के चठिरमा के पास की है।
जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार में तीन युवक और दो युवती सवार होकर अंबिकापुर आ रहे थे. इस दौरान चठिरमा के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. हादसे में एक युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई. जोरदार भिड़ंत की आवाज से आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद किया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
2413 इंजेक्शन के साथ एक गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार
अंबिकापुर । मणिपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर वेयरहाउस के पास आबकारी उडऩदस्ता सरगुजा की टीम ने 2413 नग नशीले इंजेक्शन जब्त करते हुए एक आरोपी गंगाराम मुंडा को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी देवेंद्र सिंह मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
बुधवार देर रात आबकारी उडऩदस्ता टीम को सूचना मिली थी कि एक सफेद हुंडई वरना कार में नशीले इंजेक्शन रखे गए हैं और उन्हें ग्राहकों को सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने तत्काल दबिश दी। मौके पर एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरा व्यक्ति पकड़ा गया, जिसने अपना नाम गंगाराम मुंडा बताया।कार की तलाशी में अलग अलग नाम के नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी गंगाराम ने बताया कि फरार व्यक्ति देवेंद्र सिंह है, जो इस रैकेट का मुख्य संचालक है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका भर्ती के लिए आवेदन 21 जुलाई तक
अम्बिकापुर । बाल विकास परियोजना अम्बिकापुर (ग्रामीण) के परियोजना अधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी केंन्द्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका के रिक्त पदों पर आवेदन पत्र 21 जुलाई तक आमंत्रित किये गये हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम मानिकप्रकाशपुर के आंगनबाड़ी केंन्द्र मानिकप्रकाशपुर एक में कार्यकर्ता के 01 पद एवं ग्राम लब्जी के आंगनबाड़ी केंन्द्र बैगापारा में 01 सहायिका पद पर भर्ती की जानी है। इस हेतु केवल महिला ही आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए आयु सीमा आवेदिका की आयु 18 से 44 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। वे अपना आवेदन पत्र परियोजना कार्यालय अम्बिकापुर (ग्रामीण) से प्राप्त कर निर्धारित अंतिम तिथि तक परियोजना कार्यालय (ग्रामीण) में पंजीकृत डाक अथवा स्वयं उपस्थित होकर आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं।
आसन में अनुशासन है : CM विष्णुदेव साय
सरगुजा । मैनपाट सांसद-विधायक प्रशिक्षण शिविर में आज भी योग किया गया, CM साय ने X पोस्ट में बताया, "समत्वं योग उच्यते" योग भारत की सनातन परंपरा का वह दिव्य सूत्र है, जिसके प्रत्येक आसन में अनुशासन है, प्रत्येक श्वास में ध्यान है और प्रत्येक क्षण में आत्मिक संतुलन की अनुभूति होती है। आज सांसद-विधायक प्रशिक्षण वर्ग के तृतीय दिवस पर प्रातःकालीन योग सत्र में सम्मिलित हुआ।
बता दें कि कल शिविर में विकसित छत्तीसगढ़ अवसर और चुनौती विषय पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए कठोर निर्णय लेने पड़ रहे हैं। प्रशासनिक विसंगतियों पर हमको कठोर होना पड़ेगा तब हम निर्णय ले पाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक स्कूल में 12 शिक्षक हैं यदि उनको एकल शिक्षकीय या शिक्षक विहीन स्कूल में नहीं भेजेंगे तो शिक्षा व्यवस्था चरमरा जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकोषीय घाटे का संरक्षण बड़ी चुनौती है। राजकोषीय घाटा को कम करने के लिए हम जो योजनाएं लॉन्च कर रहे हैं, उसके लिए पैसे की व्यवस्था भी कर रहे हैं। हमने जीएसटी का कलेक्शन बढ़ाया है। आबकारी और माइनिंग के लीकेज को बंद किया है।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत थाने में बैठाए गए, समर्थकों ने किया हंगामा
अंबिकापुर । सरगुजा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमरजीत भगत को पुलिस ने कमलेश्वरपुर थाना ले जाकर बैठा दिया। पूर्व मंत्री किसानों की समस्याओं को लेकर सीएम विष्णुदेव साय से मिलने के लिए मैनपाट जा रहे थे, लेकिन रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त नाराजगी देखी गई। बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक कमलेश्वरपुर थाना पहुंच गए और थाने के बाहर जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर से मैनपाट के लिए रवाना हुए पूर्व मंत्री अमरजीत भगत किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से सीधे संवाद करना चाहते थे। लेकिन मैनपाट में चल रहे बीजेपी के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर और मुख्यमंत्री की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा बलों ने कमलेश्वरपुर चौक के पास उनका काफिला रोक लिया।
इसके बाद पुलिस ने अमरजीत भगत और उनके कुछ समर्थकों को थाने ले जाकर बैठा दिया। भगत समर्थकों का आरोप है कि यह किसानों की आवाज को दबाने की कोशिश है और सरकार विपक्ष की बात सुनने को तैयार नहीं है।
थाने में हंगामा, पुलिस की तैनाती
कमलेश्वरपुर थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता ‘तानाशाही नहीं चलेगी’, ‘किसान विरोधी सरकार मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगा रहे हैं। पुलिस ने थाने की सुरक्षा बढ़ा दी है और अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह, तावड़े पहुंचे मैनपाठ
अम्बिकापुर । भारतीय जनता पार्टी के सरगुजा के मैनपाट में चल रहे प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन के कार्यक्रम में शामिल होने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंच गए हैं। सरगुजा के मां महामाया एयरपोर्ट पर गृह मंत्री विजय शर्मा सहित कई भाजपा नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मां महामाया एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से होते हुए मैनपाट के लिए रवाना हो गए। मैनपाट में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में विधायक सांसदों को मंत्री शिवराज सिंह चौहान देंगे ट्रेनिंग।
मैनपाट प्रशिक्षण शिविर में CM साय, सांसद और विधायकों ने किया योग
सरगुजा। जिले के मैनपाट में भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन बीजेपी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने किया. इस शिविर का आज दूसरा दिन है. दूसरे दिन की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ विधायकों और सांसदों ने योगाभ्यास किया।
भाजपा के प्रशिक्षण शिविर का दूसरा दिन की शुरुआत सुबह 9:30 बजे से होगी. आज भी प्रशिक्षण शिविर चार सत्रों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और संगठन के वरिष्ठ नेता बी.एल. संतोष प्रशिक्षण देंगे. बता दें कि शिविर के पहले दिन 10 सांसद, 10 मंत्री और 52 विधायक शामिल हुए थे, जिन्हें पार्टी की कार्य नीति और संगठनात्मक दिशा को लेकर मार्गदर्शन दिया गया था।
नवापारा यूसीएचसी में बच्चे को दी गई कीमोथेरेपी
अम्बिकापुर। नवापारा स्थित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नवापारा में शुक्रवार को एक ऐतिहासिक पहल की गई, जब न्यूरोब्लास्टोमा (Neuroblastoma) से पीड़ित एक मासूम बच्चे को कीमोथेरेपी की चौथी साइकिल सफलतापूर्वक दी गई। यह पहला अवसर है जब नवापारा सीएचसी में किसी बाल कैंसर मरीज को कीमोथेरेपी दी गई है।
अब तक की प्रथा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बच्चों को कीमोथेरेपी देना दुर्लभ माना जाता था. लेकिन नवापारा यूसीएचसी ने इस सोच को बदलते हुए एक नई मिसाल कायम की है। इस पहल का उद्देश्य है कि गंभीर कैंसर से पीड़ित बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल या बड़े शहरों में न भटकना पड़े. बल्कि स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले।
इस मौके पर चिकित्सा अधिकारी व ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ.हिमांशु गुप्ता ने कहा यह सिर्फ इलाज नहीं है बल्कि एक उम्मीद की शुरुआत है। पहले बच्चों को कीमोथेरेपी के लिए मेडिकल कॉलेज या बड़े अस्पताल भेजना पड़ता था. लेकिन अब हम नानपारा सीएचसी में इस सुविधा की शुरुआत कर चुके हैं। यह हमारी टीम की सामूहिक मेहनत और सेवा भाव का परिणाम है।“
डॉ हिमांशु गुप्ता ने पूरी चिकित्सा टीम डॉक्टर्स स्टाफ नर्स तकनीशियन, फार्मासिस्ट और सफाई कर्मचारियों को इस सफल पहल के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि आने वाले समय में और भी कैंसर मरीजों को यहां इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। यह कदम नवापारा सीएचसी को एक मॉडल कैंसर ट्रीटमेंट सेंटर की दिशा में ले जाने वाला है।
यह सफलता जिला कलेक्टर विलास भोसकर सर के कैंसर देखभाल के मार्गदर्शन में कैंसर मरीजों के लिए अटूट समर्थन, जनप्रतिनिधियों के अथक प्रयासों से. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयासों और केंद्र प्रभारी डॉ. शीला नेताम एवं नवापा रा के समस्त स्टाफ नर्स की दृढ संकल्प सेवा तक पहुंच बढ़ाने के अथक समर्पण से संभव हुई है।
यह ऐतिहासिक विकास न केवल नवापारा यूसीएचसी के स्वास्थ्यकर्मियों का उत्साह बढ़ाता है, बल्कि छत्तीसगढ़ के कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए नई उम्मीद लेकर आता है।
सीएम साय पहुंचे अंबिकापुर, अधिकारियों-जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
अम्बिकापुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार सुबह अंबिकापुर पहुंचे। यात्रा के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी उनके साथ मौजूद रहे। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में आईजी सरगुजा दीपक कुमार झा, कलेक्टर विलास भोसकर, एसपी राजेश अग्रवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमेशा की तरह रेल की यह यात्रा बड़ी शानदार रही और स्मृतियों में दर्ज हो गई। मुख्यमंत्री का सरल, सहज व्यवहार यात्रियों और रेल कर्मचारियों को भी खूब भाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी रेल कर्मचारियों को उनकी सेवाओं के लिए आभार जताया।
जिले में अब तक 219.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
अम्बिकापुर । भू-अभिलेख शाखा के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि जिले के सभी तहसीलों में 24 घण्टे के दौरान 37.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान सर्वाधिक 82.4 मि.मी. वर्षा तहसील अम्बिकापुर में दर्ज की गई है। इसे मिलाकर पूरे जिले में 1 जून से अब तक 219.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि 01 जून 2025 से 06 जुलाई 2025 तक अम्बिकापुर में 277.0, दरिमा में 166.6, लुण्ड्रा में 277.0, सीतापुर में 243.2, लखनपुर में 236.1, उदयपुर में 186.0, बतौली में 204.2 एवं मैनपाट में 237.0मिमी वर्षा दर्ज की गई है।