छत्तीसगढ़ / बलरामपुर
बुराई पर अच्छाई के जीत का पावन पर्व विजयादशमी
रामानुजगंज।
बुराई पर अच्छाई के जीत का पावन पर्व विजयादशमी नगर में परंपरागत उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। समाजसेवी संस्था सागर मोती फाउंडेशन द्वारा नगर के हाई स्कूल मैदान में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष आर के पटेल ,आरएसएस के पूर्व जिला संघ चालक सुभाष जायसवाल प्रतिष्ठित नागरिक राजेंद्र अग्रवाल जिला पंचायत के सभापति बद्री यादव नप उपाध्यक्ष शीला जायसवाल सहित विभिन्न समाज के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिको की उपस्तिथि में रावण पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान बालक रूप में मंच पर विराजमान भगवान श्री राम दरबार की जीवंत झांकी के साथ परमशान्ति धाम पेंड्रारोड से पहुंचे स्वामी परमात्मानंद महाराज के हाथों राम दरबार की झांकी, मां दुर्गा के पूजन के साथ-साथ शक्ति के प्रतीक शस्त्र का पूजन भी किया गया और भव्य आतिशबाजी, भजन संध्या और धार्मिक प्रवचनों के बीच रावण पुतला दहन का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। महामंडलेश्वर स्वामी परमात्मानंद गिरी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊंचाई एवं भव्यता प्रदान की। 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन कर असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया गया।
झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन से बिगड़ी बच्चे की हालत, अस्पताल में गई जान
बलरामपुर । जिले में झोलाछाप डॉक्टर के चक्कर में एक बच्चे की जान चली गई। जिला मुख्यालय में एक मेडिकल स्टोर संचालक के इंजेक्शन लगाने से बच्चे की तबियत बिगड़ गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
क्या है मामला?
मामला बलरामपुर जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 8 का है। मेडिकल स्टोर के संचालक द्वारा इंजेक्शन लगाने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी। शंभू मेडिकल स्टोर संचालक ने बच्चे को इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी तबियत बिगड़ने लगी और फिर दम तोड़ दिया।
पैरों में इंजेक्शन लगाया, फिर मौत
जानकारी के मुताबिक़, 10 वर्षीय बच्चे की पहचान अनमोल एक्का पिता जितेंद्र एक्का के रूप में हुई है। बच्चा सरस्वती शिशु मंदिर बलरामपुर में कक्षा छठवीं में पढता था। उसके पैरों में घाव हो गया था। घाव के इलाज के लिया बच्चे के पिता उसे बुधवार शाम शंभू मेडिकल स्टोर लेकर गया था।
मेडिकल स्टोर के संचालक ने बच्चे के पैरों में इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाने कुछ देर बाद बच्चे की तबियत बिगड़ने लगी। तबियत बिगड़ने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल बलरामपुर ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया। लेकिन बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस घटना के बाद हड़कंप मच गया, परिजनो का रो रोकर बुरा हाल है। माना जा रहा है इंजेक्शन से बच्चे की मौत हुई है। इस मामलर में सीएमएचओ डा. बसंत सिंह ने कहा कि मामला अभी संज्ञान में नहीं आया है। मामले में शिकायत मिलने पर इसकी जांच कराई जाएगी।
राज्य स्तरीय कूड़ो प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों को मिला स्वर्ण पदक
राष्ट्रीय चौंपियनशिप के लिए चयनित हुए खिलाड़ी
बलरामपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय कूड़ो प्रतियोगिता दुर्ग जिले में आयोजित हुआ। जिसमें बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न कटेगरी में स्वर्ण,रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त किया ।कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने खिलाड़ियों से सौजन्य भेंट कर विजेता प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के 40 खिलाड़ियों ने अलग-अलग वेट कैटिगरी में भाग लिया। प्रतियोगिता में 18 पुरुष एवं 22 महिला खिलाड़ी जिले का प्रतिनिधित्व किया। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 स्वर्ण पदक,7 रजत पदक, 13 कांस्य पदक जीत कर जिले का नाम रोशन किया। कूड़ो एसोसिएशन बलरामपुर के अध्यक्ष विकास दोहरे ने बताया कि यह खेल छत्तीसगढ़ शासन और भारत सरकार से मान्यता प्राप्त खेल है। जिसमें विजेता खिलाड़ियों शासन द्वारा नगद राशि से सम्मानित किया जाता है। उन्होंने बताया की राज्य स्तरीय कूडो चौंपियनशिप में विजेता खिलाड़ी आगामी अक्टूबर माह में गुजरात मे होने वाले राष्ट्रीय कूड़ो चौंपियनशिप प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जमीन बंटवारे के नाम पर रिश्वत लेते पटवारी रंगेहाथ गिरफ्तार
बलरामपुर । जिले के वाड्रफनगर तहसील में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी मोहन सिंह को 13 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह रिश्वत एक किसान से पैतृक जमीन के बंटवारे के नाम पर मांगी गई थी।
किसान से बार-बार पैसों की मांग
मामला पण्डरी गांव का है, जहां एक किसान ने अपनी पैतृक जमीन का बंटवारा कराने के लिए आवेदन दिया था। किसान का आरोप है कि पटवारी मोहन सिंह लंबे समय से काम में टालमटोल कर रहा था और बार-बार पैसों की मांग करता रहा। आखिरकार उसने काम करने के लिए 13 हजार रुपये की रिश्वत तय कर दी। किसान के इनकार करने पर पटवारी ने बंटवारा करने से भी साफ मना कर दिया।
ACB का जाल और गिरफ्तारी
लगातार दबाव और परेशानियों से तंग आकर किसान ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से शिकायत की। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने योजना बनाकर जाल बिछाया। बुधवार को जैसे ही पटवारी ने किसान से 13 हजार रुपये लिए, टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरामद हुई रकम, आगे की कार्रवाई
ACB अधिकारियों ने बताया कि मौके से पूरी रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई है। आरोपी पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं होने से बच्ची की मौत
बलरामपुर । जिले के जिला अस्पताल में कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है और लापरवाही के कारण एक 3 महीने के बच्चे की मौत हो गई है। बच्ची की मौत होने के बाद परिजनों ने देर रात जमकर हंगामा किया है। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने भी लापरवाही की बात स्वीकार की है।
दरअसल, ग्राम पंचायत पिंडरा से बच्ची के परिजन तबीयत खराब होने के बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे हुए थे। पर्ची बनवाने के बाद उसे अस्पताल में एडमिट किया गया और ऑक्सीजन भी दिया गया था, लेकिन जब उसकी हालत खराब होने लगी तो डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया था। रेफर करने के बाद एंबुलेंस में उसे ऑक्सीजन नहीं दिया गया और रास्ते में मासूम में दम तोड़ दिया है।
इस घटना के बाद परिजन बेहद आकर्षित हो गए और उन्होंने जिला अस्पताल जाकर जमकर हंगामा मचाया। सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी एवं जिला पंचायत के उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव भी मौके पर पहुंचे। परिजनों के आक्रोश को देखने के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने लापरवाही की बात स्वीकार करते हुए कार्रवाई का भरोसा दिया है।
बलरामपुर जिले में लुत्ती (सतबहिनी) डैम हादसा : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक
घटना में 4 मृत, 3 घायल और 3 लापता – राहत व बचाव कार्य जारी
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने जिला प्रशासन को दिए निर्देश
03 सितंबर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर जिले के ग्राम धनेशपुर स्थित लुत्ती (सतबहिनी) डैम टूटने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हादसे में 4 लोगों की मृत्यु, 3 लोगों के घायल होने तथा 3 लोगों के लापता होने की सूचना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अत्यंत दुखद और पीड़ादायी घटना है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूँ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी वर्षा के कारण उत्पन्न इस प्राकृतिक आपदा से जनहानि के साथ-साथ भवनों को क्षति पहुँची है, फसलों का नुकसान हुआ है और पशुहानि भी हुई है। यह स्थिति प्रभावित परिवारों के लिए बेहद कठिन और दुखदायी है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि इस कठिन घड़ी में प्रदेश सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है।
उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्यों के लिए जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय टीमें पूरी तत्परता से जुटी हुई हैं। घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था कराई गई है तथा लापता लोगों की खोज के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घटना में हुई जनहानि के लिए शासकीय नियमों के अनुरूप अनुग्रह सहायता स्वीकृति का प्रस्ताव शीघ्र तैयार किया जाए। प्रभावित परिवारों को अस्थायी आश्रय, खाद्यान्न और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मकान, फसल और पशुहानि का विस्तृत सर्वे कर शीघ्र राहत सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता एवं सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बलरामपुर जिले में लुत्ती (सतबहिनी) डैम हादसा
रामानुजगंज बलरामपुर जिले के तातापानी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम विश्रामनगर में बीते रात बारिश से लबालब भरा हुआ करीब चार दशक पुराने लुती बांध के अचानक टूटने से नीचले इलाके में सैलाब आ गया। बांध के टूटने से आए सैलाब की चपेट मे आने से जहा चार लोगो की मौत हो गई वही तीन अब भी लापता हैं। इस घटना में कई जानवर बह गए वही धान और टमाटर की फसलें भी बर्बाद हो गई। बांध के निचले हिस्से में बने कई घर भी पानी की चपेट में आकर ढह गए इन घरों में रहने वाले लोगों को प्रशासन के तरफ से पंचायत भवन में शिफ्ट किया जा रहा है। आधा दर्जन से अधिक गांव के सैकड़ो लोग लापता लोगों की खोजबीन में लगे हैं। देर रात ही सूचना पर कलेक्टर और एसपी भी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा के मार्गदर्शन में पुलिस और राजस्व अमले के साथ साथ एनडीआरएफ की टीम भी राहत और बचाव में जुटी हुई है।
अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की सख्ती
एनजीटी आदेश के उल्लंघन पर 14 ट्रैक्टर जब्ती की कार्रवाई
अवैध रेत उत्खनन पर रोकथाम के लिए सतत कार्यवाही की जा रही है। नदी में भारी संख्या में ट्रैक्टर लगाकर रेत उत्खनन की सूचना प्राप्त होने पर टीम के पहुंचने पर मौके नदी तट पर लगभग 14 ट्रैक्टर रेत से भरे जा रहे थे और उत्खनन कार्य में 100 से अधिक श्रमिक सक्रिय थे। अवैध रेत उत्खनन वालों के विरूद्ध पर्यावरण संरक्षण और कानून व्यवस्था के मद्देनज़र कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
जिला बलरामपुर-रामनुजगंज के विकासखंड शंकरगढ़ के डीपाडीह कला क्षेत्र में गलफुल्ला नदी से हो रहे अवैध रेत खनन पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुसमी ने जानकारी दी है कि गलफुल्ला नदी में भारी संख्या में ट्रैक्टर लगाकर रेत उत्खनन की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल संयुक्त दल का गठन किया। जिस पर नायब तहसीलदार शंकरगढ़ और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात कराया गया था। टीम के पहुंचने पर मौके पर पाया गया कि नदी तट पर लगभग 14 ट्रैक्टर रेत से भरे जा रहे थे और उत्खनन कार्य में 100 से अधिक श्रमिक सक्रिय थे। थाना प्रभारी ने संयम और सूझबूझ से कार्य करते हुए पहले श्रमिकों की भीड़ को शांतिपूर्वक हटाया।
इसके बाद नायब तहसीलदार की मौजूदगी में सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर पुलिस चौकी डीपाडीह में रखा गया। साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 में विहित प्रावधानों के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही पृथक से की जा रही है। गौरतलब है कि कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के संयुक्त प्रयास से अवैध रेत खनन एवं परिवहन पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है। उल्लेखनीय है कि एनजीटी के आदेशानुसार 15 जून से 15 अक्टूबर 2025 तक नदियों से रेत खनन पूर्णतः प्रतिबंधित है, जिसके तहत पर्यावरण संरक्षण और कानून व्यवस्था के मद्देनज़र अवैध रेत उत्खनन करने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
दंपति और मासूम हादसे का शिकार, एक की मौत
बलरामपुर । जिले से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां वाड्रफनगर में एक भीषण सड़क हादसा हुआ हैं। इस हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई है। इस हादसे में युवक की पत्नी और बच्ची घायल हो गए हैं, जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मृतक युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला बनारस मुख्य मार्ग का है। यहां एक तेज रफ़्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क हादसे में युवक की पत्नी और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि, दंपति ससुराल से वापस लौट रहे थे और इसी दौरान ये हादसा हुआ है।
मवेशी तस्करी मामले में 2 तस्कर गिरफ्तार
बलरामपुर । जिले में शनिवार को पुलिस ने मवेशी तस्करी मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जो कि झारखंड के रहने वाले हैं।
विजयनगर थाना पुलिस आरोपी अकबूल और शमशेर को गिरफ्तार किया है। यह मामला 26 अप्रैल 2025 का है। विजयनगर पुलिस ने झारखंड के बूचड़खाने ले जा रहे 110 पशुओं को जब्त किया था। पशुओं को गोशाला में भेजा गया था। कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
पूछताछ के दौरान पुलिस तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही थी। 15 अगस्त 2025 की रात को पुलिस ने मास्टरमाइंड अकबूल और शमशेर को तस्करी के लिए निकलते समय पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों ने पशु तस्करी में शामिल होना स्वीकार कर लिया। आरोपियों को थाना रामानुजगंज के अपराध क्रमांक 63/2025 के तहत छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 में न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
श्रावण मास में झारखंड राज्य के देवघर में स्थित बाबा बैजनाथ धाम को जलाभिषेक
रामानुजगंज श्रावण मास में झारखंड राज्य के देवघर में स्थित बाबा बैजनाथ धाम को जलाभिषेक करने गए कांवरियों की पूरे श्रावण मास लगातार 24 घंटे की सेवा जलपान एवं विश्राम की व्यवस्था पंडित दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन में कावरिया सेवा समिति के द्वारा नगर वासियों के सहयोग से की गई थी उसके सफलतापूर्वक संपन्न होने और सेवा कार्य के इस सत्र के समापन को लेकर नगर वासियों की बैठक कांवरिया सेवा समिति के प्रमुख एवं नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन में संपन्न हुई जिसमें इस सेवा कार्य को सफल बनाने में सहयोगी सभी सदस्यों के प्रती कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए यह सेवा कार्य आगामी वर्ष में चालू रखने के संकल्प के साथ इस वर्ष के सेवा कार्य को विराम दिया गया। इस दौरान कावड़ यात्रियों के सेवा में लगे सेवादारों का सम्मान भी किया गया जिसमे बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं कांवरिया सेवा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
चड्डा पहन कर स्कूल पहुंचा नशे में धुत हेडमास्टर, DEO ने किया निलंबित
बलरामपुर । बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर ब्लॉक के रूपपुर प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ हेडमास्टर मनमोहन सिंह को शराब के नशे में स्कूल आने पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने निलंबित कर दिया। हेडमास्टर के चड्डा-कुर्ता पहनकर कक्षा में पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
डॉक्टर ने बोला रोज 100-200 ग्राम लेने...
जानकारी के अनुसार, सोमवार को मनमोहन सिंह नशे में धुत हालत में स्कूल पहुंचे और टेबल पर पैर रखकर बैठ गए। पूछने पर उन्होंने सफाई दी कि उन्हें फ्रैक्चर है और डॉक्टर ने "दवा के रूप में रोज 100-200 ग्राम लेने" की सलाह दी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हेडमास्टर का यह कोई पहला मामला नहीं है — वह अक्सर शराब पीकर स्कूल आता था। पहले भी दो बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन सुधार नहीं हुआ। अंततः शिकायतों और वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई।
बाइक चालक की मौत, ट्रक ने रौंदा
बलरामपुर । जिला मुख्यालय के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
घटना बलरामपुर कोतवाली क्षेत्र की है। नेशनल हाइवे-343 सुहानी ढाबा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक चालक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खतरनाक मोड़ और रफ्तार की वजह से हादसे हुआ। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची यातायात पुलिस बाइक नंबर के आधार पर मृतक की पहचान में जुटी है।
सब्जी में छिपकली गिरने से फूड पॉइजनिंग, एक ही परिवार के 4 लोग अस्पताल में भर्ती
बलरामपुर । जिले से फूड पॉइजनिंग का मला सामने आया है। जहां चने की सब्जी में छिपकली गिरने के बाद अनजाने में परिवार के चार सदस्यों ने खा लिया।
रात में अचानक सभी लोगों की तबियत बिगड़ गई। सभी को फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण दिखने लगा। आनन-फानन में सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हरिगवां गांव के एक परिवार में बीती रात चने की सब्जी बनी, जिसमें छिपकली गिर गई थी. इस बात से अनजान परिवार के 3 बच्चों समेत 4 लोगों ने खाना खाया, जिसके बाद उनकी तबियत बिगड़ने लगी. सभी को आनन-फानन में सिविल अस्पताल वाड्रफनगर में भर्ती किया गया। फिलाहल सभी का इलाज जारी है।
पत्नी ने की करंट लगाकर पति की हत्या
बलरामपुर । जिले में पति को करंट लगाकर पत्नी ने हत्या कर दी। पुलिस को कंट्रोल रूम के जरिये सूचना मिली कि अधौरा गांव में पति-पत्नी विवाद इतना बढ़ गया कि पति को करंट लगाकर पत्नी ने मार डाला। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, पहली पत्नी के रहते मृतक मनोज गुप्ता ने दूसरी शादी की थी। बताया जा रहा है कि, संपत्ति विवाद के चलते भी दोनों में विवाद होता रहता था। मनोज गुप्ता पहली पत्नी के घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। मृतक के हाथ और पैर दोनों थे बंधे हुए थे। बलरामपुर कोतवाली क्षेत्र के अधौरा गांव का यह मामला है।
पुलिस ने बताया कि, मकान अंदर से बंद था। अंदर से पति मनोज गुप्ता के चिल्लाने की आवाज आ रही थी। लेकिन कुछ देर बाद पति की आवाज अचानक बंद हो गई। पुलिस ने पहले काफी देर तक घर का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया लेकिन अंदर से दरवाजा नहीं खोलने पर उसे तोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान पत्नी पार्वती गुप्ता ने दरवाजा खोला और तुरंत बेहोश हो गई। पुलिस जब घर के अंदर गए तो घर के अंदर मनोज गुप्ता जमीन पर पड़ा हुआ पाया गया। उसके दोनों हाथ और पैर बंधे हुए थे।
सीमांकन के लिए मांगी रिश्वत: ACB ने पटवारी को दबोचा...
बलरामपुर । एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पटवारी सीमांकन के नाम से 15 हजार रुपए रिश्वत ले रहा था। जिसे शिकायत पर ट्रैक कर एसीबी ने पकड़ा है।
सीमांकन के नाम से पटवारी महेंद्र कुजूर द्वारा प्रार्थी से रिश्वत मांगी जा रही थी। परेशान होकर प्रार्थी ने एंटी करप्शन ब्यूरो को इसकी शिकायत कर दी। एंटी करप्शन ब्यूरो ने जब शिकायत का सत्यापन करवाया तब यह शिकायत सही पाया गया। जिसके बाद एंटी ब्यूरो ने जाल बिछाकर ट्रेप का आयोजन किया।
गुरुवार को पटवारी महेंद्र कुजूर को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने पटवारी को हिरासत में लेकर शंकरगढ़ रेस्ट हाउस में पहुंची है। यहां पटवारी से पूछताछ चल रही है। एसीबी पूरी कार्यवाही के बाद जल्द ही विस्तृत डिटेल जारी करेगी।
मंदिर से मूर्ति चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर। जिले के थाना बसंतपुर अंतर्गत चौकी वाड्रफनगर क्षेत्र के एक मंदिर से पार्वती माता की संगमरमर की मूर्ति चोरी करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की गई मूर्ति भी बरामद कर ली है। जानकारी के अनुसार वाड्रफनगर के वार्ड क्रमांक नौ निवासी जैनेंद्र मिश्रा बाजारपारा स्थित शंकर मंदिर के पुजारी हैं।
उन्होंने चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि पांच जुलाई की रात लगभग नौ बजे वे पूजा-अर्चना के बाद मंदिर का दरवाजा बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब वे मंदिर पहुंचे तो दरवाजा खुला पाया और मंदिर के गर्भगृह से संगमरमर की बनी माता पार्वती की मूर्ति गायब थी।
शिकायत पर पुलिस ने चौकी वाड्रफनगर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए संभावित संदिग्धों से पूछताछ प्रारंभ की गई। जांच के दौरान पुलिस को करमडीहा निवासी छोटेलाल कनौजिया (46) पर संदेह हुआ, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपित ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने ही मंदिर से मूर्ति चुराकर उसे वाड्रफनगर के वार्ड क्रमांक चार स्थित अपने घर में छिपाकर रखा था। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई मूर्ति बरामद कर ली। इसके बाद छोटेलाल कनौजिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।