छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़
49 हजार राशनकार्ड का ईकेवायसी शेष
5 दिसंबर तक ईकेवायसी नहीं कराने वालों का राशनकार्ड रद्द की संभावना
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिले में प्रचलित कुल 222996 राशनकार्डों में कुल 674767 हितग्राही है। जिला खाद्य कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार इसमें से कुल 49 हजार हितग्राहियों का ईकेवायसी किया जाना शेष है। इस संबंध में समस्त शासकीय उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से ईकेवायसी किया जाना है।
अतः जिले के समस्त राशनकार्ड हितग्राहियों से अनुरोध है कि अपने नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान से सम्पर्क कर अपना ईकेवायसी अनिवार्य रूप से करावें। 05 दिसम्बर 2025 तक जिन राशनकार्ड हितग्राहियों का ईकेवायसी नहीं होने से राशनकार्ड निरस्त होने की संभावना बनी हुई है।
2 दिसम्बर की सुनवाई
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । न्यायालय कलेक्टर सारंगढ़ बिलाईगढ़ द्वारा आबकारी प्रकरण में सुनवाई हेतु 2 दिसम्बर को उपस्थित होने के लिए सारंगढ़ ब्लॉक के ग्राम हिर्री निवासी मनोज कुमार जोल्हे, पुरन्दर लाल जोल्हे, सूर्यकुमार जोल्हे को सूचना पत्र जारी किया गया है।
पीडीएस चावल वितरण को लेकर दो दलों में विवाद, ग्रामीण नाराज
बिलाईगढ़ । पीडीएस चावल वितरण को लेकर ग्राम पंचायत चिचोली और उसके आश्रित ग्राम सलौनी खुर्द में विवाद गहरा गया है। मामला तब बढ़ा जब दो अलग अलग दलों ने चावल वितरण को लेकर अपने अपने पक्ष बना लिए और किसी तीसरे व्यक्ति द्वारा दूसरे पंचायत में जबरन वितरण किए जाने की शिकायत अनुविभागीय अधिकारी से की गई। अधिकारी ने दोनों पक्षों को बुलाकर समाधान निकालने की कोशिश की, लेकिन दूसरा दल बैठक में पहुंचा ही नहीं। इस कारण ग्रामीणों में नाराजगी है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
यह विवाद सलौनी खुर्द में दो माह से रुके पीडीएस चावल के कारण शुरू हुआ। सलौनी खुर्द के ग्रामीणों का कहना है कि चिचोली के लोग उनके गांव आकर चावल लेने से इनकार कर रहे हैं। पहले सलौनी खुर्द के ग्रामीण चिचोली जाकर चावल लेते थे, इसलिए अब चिचोली के ग्रामीणों को भी सलौनी खुर्द आना चाहिए। लेकिन आरोप है कि चिचोली के लोग बेवजह विवाद कर रहे हैं और चावल लेने नहीं आ रहे।
इसी बीच पप्पू उर्फ तेज साहू नामक व्यक्ति ने बिना अनुमति चिचोली के ग्रामीणों को दूसरे पंचायत क्षेत्र सलिहाघाट में जाकर चावल बांट दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्य नियमों के खिलाफ है। शिकायत पर अनुविभागीय अधिकारी ने पप्पू साहू को फटकार लगाई।
उधर चिचोली के ग्रामीणों ने चिचोली में भी चावल भंडारण की मांग का आवेदन दिया है, जिस पर अभी कोई तय निर्णय नहीं हुआ है। इसके बावजूद पप्पू द्वारा चावल वितरण कर दिया गया।
वर्तमान में अनुविभागीय अधिकारी ने निर्देश दिया है कि फिलहाल पीडीएस चावल का वितरण सलौनी खुर्द से ही किया जाएगा।
इस पूरे विवाद को देखते हुए दोनों दलों के बीच बैठकर सामंजस्य बनाने की जरूरत है ताकि तनाव न बढ़े और क्षेत्र में शांति बनी रहे।
भवन पंजीयन के लिए सारंगढ़ में शिविर
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा सारंगढ़ के तुर्की तालाब के पास राजा जवाहिर भवन के मैदान में 29 नवंबर को शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में प्रस्तावित अटल बिहार योजना दानसरा, सारंगढ़- बिलाईगढ के भवनों का पंजीयन किया जाएगा। भवन का पंजीयन 1% की विशेष रियायती दर पर 30 नवम्बर 2025 तक मान्य रहेगा। भवन क्रय करने के इच्छुक नागरिक निर्धारित अवधि में पंजीयन कराकर इसका लाभ ले सकते हैं। यह 2 दिवसीय शुक्रवार से किया जा रहा है। अधिक जानकारी के लिए छग गृह निर्माण मंडल की वेबसाइट से संपर्क कर सकते हैं।
खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर खनि अमला ने की लगातार कार्यवाही
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे द्वारा दिये गये निर्देश एवं खनि अधिकारी के मार्गदर्शन में खनिज अमला द्वारा जिले के खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के रोकथाम हेतु 3 दिन तक जिले के अलग अलग क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। सहायक खनि अधिकारी बजरंग पैकरा ने जानकारी दी कि जाँच दल ने 26 नवंबर को अवैध उत्खनन्, परिवहन एवं भण्डारण पर कार्यवाही करते हुए तहसील सरिया के कटंगपाली-बोन्दा क्षेत्र अंतर्गत गौण खनिज मुरूम के अवैध उत्खनन में संलिप्त 01 जे.सी.बी. (मशीन) एवं 02 वाहन (ट्रैक्टर) पर कार्यवाही करते गौण खनिज मुरूम के अवैध उत्खनन में संलिप्त 1 नग जे.सी.बी. मशीन तथा 2 ट्रैक्टर (मात्रा 20 घन मीटर) पर जप्ती की कार्यवाही की गई। तहसील सरिया अंतर्गत स्वीकृत उत्खनिपट्टा गौण खनिज डोलोमाईट मेसर्स रायगढ़ मिनरल्स प्रा. लिमिटेड प्रो. कमल शर्मा को निरीक्षण दौरान छ.ग. गौण खनिज नियम 2015 के नियम 51 के शर्तों का उल्लंघन पायें जाने के फलस्वरुप नोटिस दिया गया तथा स्वीकृत अस्थायी भण्डारण गौण खनिज डोलोमाईट मेसर्स पुष्पा मिनरल्स, प्रो. भरतलाल पटेल को निरीक्षण दौरान छ.ग. खनिज खनन, परिवहन एवं भण्डारण नियम 2009 में निहित शर्तों एवं नियमों का उल्लघंन पाये जाने पर नोटिस दिया गया।
इसी प्रकार जाँच दल ने 27 नवंबर 2025 को अवैध उत्खनन्, परिवहन एवं भण्डारण पर कार्यवाही करते हुए तहसील सरिया अंतर्गत ग्राम कटंगपाली में गौण खनिज चूनापत्थर के अवैध परिवहन में सलिप्त 01 वाहन (हाईवा) क्रमांक CG 13 AR 6309 वाहन मालिक अशोक सिंघल पर कार्यवाही करते हुए थाना बरमकेला के सुरक्षार्थ में दिया गया। इसी तरह 28 नवंबर 2025 को टीम ने तहसील सारंगढ़ के कोसीर क्षेत्र अंतर्गत गौण खनिज रेत के अवैध परिवहन मंत संलिप्त 04 वाहन (ट्रैक्टर) पर कार्यवाही करते हुए थाना कोसीर के सुरक्षार्थ में दिया गया। यह कार्यवाही छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 एवं खान एवं खनिज विकास अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत की गई। उल्लेखनीय है कि अवैध उत्खनन परिवहन एवं भण्डारण की कार्यवाही आगे भी निरंतर कलेक्टर के निर्देश और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त सूचना पर तत्परता से कार्यवाही की जायेगी।
कलेक्टर ने सारंगढ़ में संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण
सखी सेंटर में संकटग्रस्त महिलाओं को दी जाती है सहयोग
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने सारंगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत इस वर्ष से संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, परियोजना अधिकारी कृष्ण कुमार साहू उपस्थित थे।
कलेक्टर ने केंद्र के प्रशासक शालिनी सिंह से अब तक प्राप्त प्रकरण में किए गए निराकरण के संबंध में जानकारी ली। साथ ही रजिस्टर रिकार्ड सहित कार्यालय का अवलोकन किया। कलेक्टर ने वहां घरेलू कारणों से सखी वन स्टॉप सेंटर में आश्रय ली महिला के संबंध में जानकारी लेकर, महिलाओ के उत्थान के लिए विधिक सलाहकार के माध्यम से एफआईआर करने के लिए कहा।
सखी केंद्र के प्रशासक शालिनी सिंह ने जानकारी दी कि अब तक महिला उत्पीड़न के 40 प्रकरण प्राप्त हुए थे, जिसमें से 28 प्रकरण निराकृत किए जा चुके हैं। 12 प्रकरण आश्रय में है। सखी सेंटर द्वारा संकटग्रस्त महिलाओ को पुलिस सहायता, चिकित्सा, विधिक, आश्रय और परामर्श निःशुल्क दी जाती है। हेल्पलाइन 181, 1098 के माध्यम से और सखी वन स्टॉप सेंटर अपेक्स बैंक के पास प्रतापगंज सारंगढ़ में पहुंच कर सहयोग प्राप्त कर सकते हैँ।
सलौनीकला स्कूल के प्राचार्य पर गिरने वाली है गाज, बड़ी कार्रवाई की संभावना...
बिलाईगढ़। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलौनीकला में प्राचार्य की गंभीर लापरवाही वाले मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। जिला शिक्षाधिकारी द्वारा बनाई गई जांच टीम ने अपनी जांच पूरी कर ली है। यह वही मामला है जिसमें साइकिल वितरण के दौरान बच्चों को साइकिलों से भरा ट्रैक्टर चलाते देखा गया था। बच्चों द्वारा ट्रैक्टर में साइकिल लोड करते और उसे स्कूल तक ले जाते हुए वीडियो वायरल हुआ था, जो कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय चैनलों, सोशल मीडिया और अखबारों में सुर्खियों में रहा।
जांच में सामने आई सच्चाई
जांच टीम ने बच्चों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन से हर पहलू पर पूछताछ की। पूछताछ में बच्चों ने माना कि उन्होंने ही ट्रैक्टर स्कूल तक चलाकर लाया था। प्रभारी प्राचार्य ने भी अपनी गलती स्वीकार की है। बयानों और तथ्यों के आधार पर जांच दल ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बड़ी कार्रवाई की संभावना
अब अटकलें लगाई जा रही हैं कि इस घटना पर कड़ी कार्रवाई तय है। शिक्षा विभाग ऐसी कार्रवाई कर सकता है जो अन्य स्कूलों के लिए सबक बने। इस घटना ने सुरक्षा प्रोटोकॉल पर कई सवाल खड़े किए हैं और विभाग पर दबाव भी बढ़ा है कि वह स्पष्ट और सख्त कदम उठाए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र की जान जोखिम में न पड़े।
राजनीतिक दखल की चर्चा भी तेज
इस बीच क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि कुछ राजनीतिक लोग दोषियों को बचाने की कोशिश कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो जनता का भरोसा शिक्षा विभाग के अधिकारियों से उठ सकता है और मामले की गंभीरता कम हो जाने का खतरा रहेगा। इससे अन्य स्कूलों को भी सही संदेश नहीं मिल पाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका बनी रहेगी।
अब नजर उच्च अधिकारियों पर
जांच रिपोर्ट भेजने की तैयारी चल रही है, और अब सबकी नजर उच्च अधिकारियों के फैसले पर है। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि वे वास्तव में कड़ा एक्शन लेते हैं या मामला औपचारिक कार्रवाई में सीमित रह जाता है।
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु नवीनीकरण और नवीन आवेदन 30 नवंबर तक
शिक्षा सत्र 2025-26 के एसटी, एससी और ओबीसी वर्ग के युवाओं के लिए अवसर
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अध्ययनरत विद्यार्थियों को सूचित किया गया है कि, वे शिक्षा सत्र 2025-26 के पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति छात्रवृत्ति के लिए विभागीय पोर्टल पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप डॉट सीजी डॉट एनआईसी डॉट इन https://postmatric-scholarship.cg.nic.in में नवीनीकरण और नवीन आवेदन 30 नवंबर 2025 तक जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद शिक्षा सत्र 2025-26 के पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति छात्रवृत्ति के लिए विभागीय पोर्टल को बंद किया जाएगा। इसका संभावित भुगतान तिथि 31 दिसंबर निर्धारित है। विद्यार्थियों को आधार सीडेड बैंक खाते में भुगतान 7 कार्य दिवस में प्राप्त होगा।
छात्रवृत्ति हेतु पात्रता
अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों के पालक की आय सीमा रू. 2.50 लाख और अन्य पिछड़ा वर्ग हेतु आय सीमा 1 लाख रूपये प्रतिवर्ष होना चाहिए। सक्षम अधिकारी द्वारा जारी स्थाई जाति प्रमाण पत्र, छ.ग. का मूल निवास प्रमाण पत्र, विद्यार्थी के अध्ययनरत् पाठ्यक्रम के विगत वर्ष का परीक्षा परिणाम संलग्न करना होगा।
आधार सीडेड बैंक खाता दर्ज करें विद्यार्थी
पीएफएमएस के माध्यम से आधार आधारित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का भुगतान किया जा रहा है। अतः सभी विद्यार्थी ऑनलाईन आवेदन करते समय ध्यान रखे कि उनका बचत खाता एक्टिव हो एवं आधार सीडेड बैंक खाता नम्बर की प्रविष्टि करना सुनिश्चित करें। इस संबंध में विस्तृत जानकारी अपने जिले के कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से प्राप्त की जा सकती है।
सारंगढ़ के सरिया इलाके में 560 बोरी धान से भरा ट्रक जब्त
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 नवंबर 2025
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर किसानों से की जा रही धान खरीदी में गड़बड़ी की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार जांच-पड़ताल का अभियान संचालित किया जा रहा है। पड़ोसी राज्य ओडिशा से आने वाले माल वाहकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। धान के अवैध संग्रहण एवं परिवहन के मामले में कार्रवाई कस सिलसिला जारी है।
इसी सिलसिले में सारंगढ़ जिले की सरिया तहसीलदार सुश्री कोमल साहू के नेतृत्व में गठित जांच दल द्वारा ओड़िशा से सरिया क्षेत्र में धान का अवैध परिवहन कर रहे ट्रक (वाहन क्रमांक ओडी 17 के 7832) को ग्राम बोरिदा में पकड़ा गया। मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई। वाहन में 560 बोरी धान बिना किसी वैध दस्तावेज के परिवहन किया जा रहा था। जब्त ट्रक और धान को फिलहाल थाना प्रभारी सरिया के सुपुर्द किया गया है। जांच में यह भी पाया गया कि यह धान भठली (ओड़िशा) से नौघटा (सरिया) लाया जा रहा था।
बरमकेला क्षेत्र में 120 क्विंटल अवैध धान जब्त
माधोपाली में दो व्यापारियों पर कार्रवाई
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 नवम्बर 2025

सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देशन में जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बरमकेला क्षेत्र के बिरनीपाली चेक पोस्ट पर संयुक्त जांच दल द्वारा 120.80 क्विंटल धान से भरा वाहन पकड़ा गया। धान के अवैध परिवहन के मामले में मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्त धान को डोंगरीपाली थाना में सुपुर्द किया गया है।
वहीं, सारंगढ़ मंडी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान जांच दल ने माधोपाली स्थित शंकर ट्रेडर्स के गोदाम से 200 बोरी (80 क्विंटल) तथा तारा ट्रेडर्स, केदार के दुकान परिसर से 169 बोरी (67.60 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया। मंडी अधिनियम के तहत दोनों व्यापारियों पर प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा अवैध धान परिवहन व भंडारण पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
पेंटर शिवकुमार निराला ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को भेंट किया विशिष्ट ‘राजनीतिक मानचित्र’
मुख्यमंत्री ने की सराहना, रचनात्मक प्रतिभा का किया सम्मान
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के ग्राम चकरदा निवासी पेंटर श्री शिवकुमार निराला ने अनूठा ‘राजनीतिक मानचित्र’ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को भेंट किया। उनकी इस अद्वितीय कला प्रस्तुति ने कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बढ़ा दिया।
श्री निराला द्वारा तैयार यह सचित्र मानचित्र छत्तीसगढ़ की सम्पूर्ण राजनीतिक यात्रा का विस्तृत और कलात्मक दस्तावेज है। इसमें राज्य के लोकसभा एवं विधानसभा सदस्यों, मंत्रिमंडल की रूपरेखा, संसदीय क्षेत्रवार विवरण तथा वर्ष 1998 से अब तक हुए सभी लोकसभा और विधानसभा चुनावों का तुलनात्मक विश्लेषण सुव्यवस्थित रूप से दर्शाया गया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जीत के अंतर, राजनीतिक दलवार जनप्रतिनिधियों का क्रम तथा सीटों के ऐतिहासिक बदलाव को भी कलात्मक शैली में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस रचनात्मक मानचित्र की सराहना करते हुए कहा कि “श्री शिवकुमार निराला ने आंकड़ों और तथ्यों को इतनी सहज, सुंदर और विश्लेषणात्मक शैली में प्रस्तुत किया है कि यह कला-कृति राजनीति के विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और आम नागरिकों—सभी के लिए उपयोगी दस्तावेज बन जाती है।” मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिभा को सम्मानित करते हुए उन्हें पुरस्कृत भी किया।
बरपाली में आबकारी विभाग की कार्रवाई
14 लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी जेल भेजा गया
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 05 नवम्बर 2025
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में में आज सरिया क्षेत्र के ग्राम बरपाली में आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सरिया आबकारी उपनिरीक्षक श्री लोकनाथ साहू के नेतृत्व में छापामार कर आरोपी डिग्री चौहान पिता भुजबल चौहान, निवासी बरपाली के मकान से कुल 14 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक श्री लोकनाथ साहू (सरिया), श्री रामेश्वर राठिया (बरमकेला), श्री हबील खलखो (बिलाईगढ़), मुख्य आरक्षक उमेश तथा सुरक्षा कर्मी मुकुंदराम चौहान और ढोल नारायण चौहान की विशेष भूमिका रही।
आबकारी विभाग द्वारा यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर नियंत्रण के लिए की गई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले में आगे भी इस प्रकार की सघन जांच एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि अवैध शराब कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सके।
बरमकेला ब्लॉक के सभी छात्रावास में किया गया स्वास्थ्य चेकअप
डॉक्टरों ने छात्रावासों के सभी छात्र-छात्राओं को दिया स्वास्थ्य सुझाव
सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे के निर्देश पर गुरुनानक जयंती के दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला के सभी स्वास्थ्य संयोजक, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने ब्लॉक के सभी बालक एवं बालिका हॉस्टल में पहुंच कर स्वास्थ्य परीक्षण और हीमोग्लोबिन का परीक्षण किया गया।
नवंबर माह में सर्दी की शुरआत हो जाता है, जिसके कारण मौसमी बीमारियों सर्दी, खांसी, बुखार, उल्टी आदि की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क होकर गहन जांच किया गया। इसी कड़ी में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश पाणिग्राही के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में बरमकेला, सरिया, लेन्धरा, डोंगरीपाली, बिरनीपाली,बोंन्दा, झनकपुर, बड़े नावापारा, झाल सहित बालक एवं कन्या छात्रावासों के सभी छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में बच्चों के लक्षणों के आधार पर तुरंत दवा वितरण भी किया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि नवंबर का महीना शुरू होते ही मौसम में तेजी से बदलाव होने लगता है, तापमान गिरने और उसके हिसाब से अपने को नहीं ढालने की वजह से लोग मौसमी बीमारी की चपेट में आने लगते है। इस कारण मौसम में डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बना रहता है। इसलिए सभी बच्चों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, गर्म और ताजा भोजन करने तथा पीने के पानी को छानकर या उबालकर सेवन करने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की यह पहल छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में सराहना का विषय बनी हुई है। विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी तरह की सावधानी बरतने और जागरूकता फैलाने की अपील की है, जिससे मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रहा जा सके।
सरिया क्षेत्र के बरपाली में 14 लीटर अवैध शराब पकड़ाया, आरोपी को भेजा गया जेल
सारंगढ़ बिलाईगढ़। आबकारी आयुक्त आर संगीता के निर्देशानुसार और कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे तथा जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में 5 नवंबर 2025 को आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सरिया आबकारी उपनिरीक्षक लोकनाथ साहू के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर ग्राम पंचायत बरपाली में छापा मार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान डिग्री चौहान पिता भुजबल चौहान, उम्र 44 वर्ष, निवासी बरपाली के मकान से सात हरे रंग की प्लास्टिक बोतलों में रखी गई कुल 14 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस अभियान में उपनिरीक्षक सरिया लोकनाथ साहू, उपनिरीक्षक बरमकेला रामेश्वर राठिया, उपनिरीक्षक बिलाईगढ़ हबील खलखो, मुख्य आरक्षक उमेश, तथा सुरक्षा कर्मी मुकुंदराम चौहान और ढोल नारायण चौहान की विशेष भूमिका रही।
आबकारी विभाग की यह कार्रवाई अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर नियंत्रण के लिए की गई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में आगे भी इस प्रकार की सघन जांच जारी रहेगी, ताकि अवैध शराब कारोबार को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
सरकारी चेक डैम को तोड़ने का मामला: ग्रामीणों ने की शिकायत, SDO ने जांच के दिए निर्देश
बिलाईगढ़ । बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मल्दी में बने शासकीय चेक डैम को ड्रिल मशीन से तोड़ने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) बिलाईगढ़ को शिकायत पत्र सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग डैम को क्षतिग्रस्त करते हुए स्पष्ट नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मल्दी सरपंच के भाई शंकर लाल साहू ने झाडूराम केंवट के साथ मिलकर अपने व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए मजदूर लगाकर चेक डैम को तोड़वाया है।
गांव में निस्तारी जल संकट का खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में निस्तारी (पशु-पानी और घरेलू उपयोग) के लिए यही एकमात्र मुख्य डैम है। डैम टूटने से गर्मी के मौसम में जलसंकट गहराने का खतरा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्रवाई न सिर्फ गांव के हितों के विपरीत है, बल्कि इससे शासन को आर्थिक क्षति भी पहुंचाई गई है।
एसडीओ ने दिए जांच के निर्देश
शिकायत के बाद अनुविभागीय अधिकारी प्रफुल्ल रजक ने संबंधित सरपंच को तलब कर प्रारंभिक जानकारी ली है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
क्या होगी कड़ी कार्रवाई या फिर खानापूर्ति?
ग्रामीण अब प्रशासन की कार्रवाई पर निगाहें टिकाए हुए हैं। लोगों का कहना है कि यदि इस तरह सरकारी संपत्तियों को निजी स्वार्थ में क्षतिग्रस्त किया जाता रहा, तो आने वाले दिनों में गांव के विकास कार्यों पर भी विपरीत असर पड़ेगा।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन चेक डैम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई करता है या मामला जांच के नाम पर कागजों में ही सिमटकर रह जाता है।
ASI कुर्रे की मजबूत विवेचना से मिला न्याय: बलात्कार के आरोपी को 20 साल की सजा
सारंगढ़ । कनकबीरा थाना क्षेत्र के एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को अदालत ने 20 वर्ष के सश्रम कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है। यह फैसला एएसआई बी.पी. कुर्रे की मजबूत विवेचना और साक्ष्य-आधारित जांच का परिणाम माना जा रहा है, जिसने पीड़िता को न्याय दिलाया।
मामला पॉक्सो प्रकरण क्रमांक 12/2024 का है, जिसमें आरोपी भीमदास महंत (22 वर्ष), निवासी सालर ने 17 वर्षीय नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था। घटना के बाद पीड़िता गर्भवती हो गई और सारंगढ़ अस्पताल में गर्भपात के दौरान मृत शिशु को जन्म दिया।
इस पर तत्कालीन थाना प्रभारी भगवती प्रसाद कुर्रे (वर्तमान में एएसआई, चौकी कनकबीरा) ने अपराध दर्ज कर मजबूत साक्ष्य सहित अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। डीएनए परीक्षण में मृत शिशु का पीड़िता और आरोपी से जैविक संबंध सिद्ध हुआ, जिससे मामला और पुख्ता हो गया।
अदालत का फैसला
28 अक्टूबर को अपर सत्र न्यायाधीश अमित राठौर, फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट (पॉक्सो एक्ट), सारंगढ़ ने आरोपी को 20 वर्ष सश्रम कारावास एवं आर्थिक दंड से दंडित किया। साथ ही, अदालत ने पीड़िता की शारीरिक और मानसिक क्षति को देखते हुए राज्य शासन से प्रतिकर भुगतान की अनुशंसा की।
न्याय और कानून में विश्वास की जीत
अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक प्रफुल्ल कुमार तिवारी ने प्रभावी पैरवी की। यह फैसला न सिर्फ पीड़िता के लिए न्याय की मिसाल है, बल्कि यह दर्शाता है कि सटीक जांच और सशक्त विवेचना से कोई भी अपराधी कानून के शिकंजे से नहीं बच सकता। यह निर्णय बाल संरक्षण और यौन अपराधों के विरुद्ध राज्य शासन और न्यायपालिका की दृढ़ प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के सभी बिंदुओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने समय सीमा की बैठक में कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के महत्वपूर्ण बिंदुओं के क्रियान्वयन के लिए गहन समीक्षा किया गया। इसके साथ साथ एग्रीस्टेक पोर्टल में धान खरीदी हेतु किसानों के पंजीयन को मिशन मोड में पूर्ण करने के निर्देश दिए। डॉ संजय ने जिला स्तर पर 2 से 4 नवंबर तक आयोजित राज्योत्सव में सभी अधिकारियों को 25 वर्ष की उपलब्धियों का प्रदर्शन करने के दिए निर्देश दिए साथ ही अपने कार्यालयों में 1 से 5 नवंबर तक रोशनी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिले के सभी अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर डॉ कन्नौजे ने कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के महत्वपूर्ण बिंदुओं कार्यों और योजनाओ जैसे समर्थन मूल्य पर धान और मक्का की खरीदी की तैयारी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत विभिन्न प्रकार के टीकाकरण, महिला एवं स्वास्थ्य बाल विकास अंतर्गत बच्चों, किशोरी एवं गर्भवती माता को सुपोषण आहार, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग अंतर्गत आदि कर्म योगी, भारतीय जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (धरती आबा) पीएम जनजन अभियान, छात्रवृत्ति भोजन सहाय, पीएम अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री आवास,स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग अंतर्गत लोक सेवा गारंटी, ईसेवाएं, मोबाइल टावर्स की स्थिति खरीदी में पारदर्शिता हेतु जेम पोर्टल का उपयोग, शासकीय योजनाओं के भुगतान के लिए हितग्राही का ईकेवाईसी एवं डीबीटी से भुगतान करने आदि बिंदुओं पर गहन समीक्षा किया।
डॉ कन्नौजे ने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों का उद्देश्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से आम नागरिकों तक पहुंचाना है। कलेक्टर ने मुख्य रूप से विकास कार्यों की प्रगति नागरिक सेवाओं को उपलब्धता, जनशिकायतों के शीघ्र निराकरण, राजस्व एवं भूमि प्रबंधन, कानून व्यवस्था, पर्यवेक्षक, स्वास्थ्य, शिक्षा, मनरेगा, स्वच्छता, जल संरक्षण महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा कृषि एवं ग्रामीण विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन करने कलेक्टर ने प्रत्येक विभाग के लक्ष्य की पूर्ति हेतु समय सीमा निर्धारित करते हुए अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का निराकरण अभियान मोड में किया जाए तथा प्रगति की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
किसी प्रकार की लापरवाही में होगी कार्यवाही : कलेक्टर डॉ कन्नौजे
कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगा। आम नागरिकों के साथ संवेदनशील, सक्रिय एवं सम्मानजनक व्यवहार दें। जिले के विकास कार्यों के दौरान स्थानीय आवश्यकताओं एवं नवाचारों को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाए ताकि प्रत्येक योजना का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सके। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को कलेक्टर कान्फ्रेंस से जुड़े सभी कार्यों एवं अपने विभागीय कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।