छत्तीसगढ़ / बिलासपुर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के 12 गौरवशाली वर्षों को समर्पित छायाचित्र प्रदर्शनी का सफल समापन
दिनांक:- 20.06.2026
डीएमएफ मद से 24 सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों की होगी संविदा भर्ती
पशुपालकों को मिलेगी बेहतर पशु चिकित्सा सुविधा, 8 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित
बिलासपुर। जिले में लंबे समय से रिक्त पड़े सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी पदों को भरने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। पशुधन विकास विभाग, बिलासपुर में सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों के 40 पद पिछले एक वर्ष से रिक्त होने के कारण पशुपालकों को पशु चिकित्सा सेवाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा था। इस स्थिति को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने विभागीय प्रस्ताव पर 24 सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों की संविदा नियुक्ति के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, डॉ. जी.एस.एस. तंवर ने बताया कि डीएमएफ मद से संविदा भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट एग्रीपोर्टल डॉट सीजी डॉट एनआईसी डॉट इन अथवा जिला प्रशासन बिलासपुर की वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट बिलासपुर डॉट जीओवी डॉट इन से आवेदन पत्र डाउनलोड कर निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 8 जुलाई 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया डीएमएफ की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार की जाएगी। इसमें बिलासपुर जिले के स्थानीय पात्र अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि जिले से पर्याप्त पात्र उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होते हैं, तो बिलासपुर संभाग के अन्य जिलों के योग्य अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान किया जाएगा।
डीईओ ने अनुकंपा नियुक्ति के पूर्व मंगाई दावा-आपत्ति
बिलासपुर। जिला शिक्षा अधिकारी ने कार्यालय में अनुकंपा नियुक्ति के लिए प्राप्त 7 आवेदकों के आवेदन के छानबीन के क्रम में 7 दिवस के भीतर आमजनता से दावा आपत्ति मंगाई है। यदि आवेदक के परिवार के कोई भी सदस्य शासकीय सेवा में कार्यरत हो अथवा किसी प्रकार के अपराधिक या न्यायालीन मामले उनके विरूद्ध लंबित हो तो इसकी जानकारी उक्त समयावधि में बंद लिफाफे में या स्वयं कार्यालय में उपस्थित होकर जानकारी दे सकते है।
डीईओ ने आगे बताया कि बिल्हा ब्लॉक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला भाड़ी में व्यायाम शिक्षक (एलबी) के पद पर कार्यरत स्व. राकेश बाटवे के परिवार से उनकी पत्नी श्रीमती रेनू बाटवे, कोटा ब्लॉक के शासकीय प्राथमिक शाला नवाडीह उपका में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत स्व. कैलाश राम यादव की पत्नी श्रीमती सीता बाई एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीस में व्याख्याता एलबी के पद पर कार्यरत स्व. देवेन्द्र कुमार दीक्षित की पत्नी श्रीमती चन्द्रकिरण दीक्षित ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन दिया है। इसी प्रकार मस्तूरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला नवापारा नरगोड़ा में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत स्व. रमेश कुमार देवागंन के पुत्र लोकेश कुमार देवागंन, मस्तुरी जनपद पंचायत में कार्यरत ग्राम किरारी निवासी स्व. भागवत प्रसाद सुमन के पुत्र कृष्ण कुमार सुमन, शास.क.आ. एवं शास.कन्या शहिद रतनपुर में कार्यरत स्व. राजेश कुमार दुबे के पुत्र गौरव कुमार दुबे एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मोपका के कार्यरत स्व. पाण्डेय सिंह पैकरा के पुत्र अंकित सिंह पैकरा ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। आवेदकों के संबंध में जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कक्ष क्रमांक 25 पुरानी कम्पोजिट बिल्डिंग प्रथम तल में निर्धारित अवधि में दिया जा सकता है। विलंब से प्राप्त दावा आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
योग के साथ नशा मुक्ति का संकल्प भी दिलाया जाएगा
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सभी आयोजन स्थलों में मुख्य अतिथियों के माध्यम से कराई जाएगी शपथ
बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर जिले में आयोजित होने वाले सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रमों के बाद सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति का संकल्प भी दिलाया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग के निर्देशानुसार “नशामुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत योग दिवस के कार्यक्रमों को जनजागरूकता अभियान से जोड़ते हुए नशे के विरुद्ध सामूहिक शपथ ग्रहण कराया जाएगा।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले के सभी संबंधित विभागों, नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों एवं आयोजन समितियों को निर्देशित किया है कि योगाभ्यास के समापन उपरांत मुख्य अतिथि के माध्यम से नशा मुक्ति की शपथ अनिवार्य रूप से दिलाई जाए। इस दौरान प्रतिभागी स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार, समाज और युवाओं को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक करने का संकल्प लेंगे।
उल्लेखनीय है कि 17 जून से 26 जून 2026 तक “नशामुक्त भारत सप्ताह” मनाया जा रहा है। इसके तहत जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित होने वाले “योग फॉर वेलनेस” कार्यक्रम के साथ नशा मुक्ति संकल्प को जोड़कर स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी आयोजकों से शपथ ग्रहण कार्यक्रम की आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। योग और नशा मुक्ति के इस संयुक्त अभियान के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाइन आवेदन 20 जून से
बिलासपुर। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों हेतु पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 12वीं से उच्चतर) के लिए ऑनलाइन आवेदन, स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। पात्र विद्यार्थी विभाग की वेबसाइट https://postmatric-scholarship.cg.nic.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग बिलासपुर ने बताया कि जिले के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग, मेडिकल, नर्सिंग, आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाएगा। छात्रवृत्ति पोर्टल नवीनीकरण आवेदन के लिए 20 जून 2026 तथा नवीन आवेदन के लिए 1 अगस्त 2026 से प्रारंभ किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नवीनकरण आवेदन 30 जून, 30 सितंबर, 30 नवंबर एवं 30 दिसंबर 2026 तक तथा नवीन आवेदन 30 अगस्त, 30 सितंबर, 30 अक्टूबर एवं 30 दिसंबर 2026 तक किए जा सकेंगे। छात्रवृत्ति की राशि पात्र विद्यार्थियों के आधार सीडेड बैंक खातों में पीएफएमएस के माध्यम से सीधे जमा की जाएगी।
विभाग ने विद्यार्थियों से आवेदन करते समय सक्रिय एवं आधार से जुड़े बैंक खाते की जानकारी दर्ज करने तथा आवश्यक दस्तावेज जैसे आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र एवं पिछली परीक्षा की अंकसूची संलग्न करने की अपील की है। वर्ष 2025-26 से संबंधित विद्यार्थियों के लिए एनएसपी पोर्टल पर ओटीआर (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) प्राप्त करना भी आवश्यक होगा। साथ ही नवीन संस्थाओं के संस्था प्रमुख एवं छात्रवृत्ति प्रभारी का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण कराना अनिवार्य किया गया है।
विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को बताया जनविश्वास और जनकल्याण का स्वर्णिम काल
बिलासपुर - केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद तोखन साहू ने बिलासपुर स्थित लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित “12 साल विकास के, विश्वास के, जनकल्याण के — विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर के साथ सहभागिता की। सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण को समर्पित कार्यों तथा विकसित भारत के संकल्प पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं ने देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि प्रधानमंत्री जनधन योजना ने करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर वित्तीय समावेशन को नई दिशा दी है।आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि योजना, हर घर जल अभियान, डिजिटल इंडिया, किसान सम्मान निधि तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है।
भाजपा मध्य मंडल ने किया संगठन प्रभारी राजेश मिश्रा का सम्मान
भाजपा शहर, जिला बिलासपुर के मध्य मंडल में आज दिनांक 7 जून 2026 दिन रविवार को पंडित देवकीनंदन दीक्षित सभागार मे गरिमामय वातावरण में मंडल प्रभारी श्री राजेश मिश्रा जी का भव्य स्वागत, सम्मान किया गया एवं प्रेरणादायी उद्बोधन एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उद्बोधन में राजेश मिश्रा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकास के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विस्तृत जानकारी दी
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्री देवेंद्र पाठक जी ने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु वार्ड पार्षदों, बूथ केंद्र प्रमुखों, शक्ति केंद्र प्रभारियों एवं समस्त कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई एवं संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम संचालक मंडल महामंत्री दीपक साहब द्वारा किया गया कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन श्री योगेश बोले जी द्वारा किया गया. इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता एवं महिला मोर्चा के सभी बहने विशेष रूप से उपस्थित थी
निर्धन बच्चों के भविष्य को शिक्षा से जोड़ने का अनूठा प्रयास शुरू किया लायंस क्लब
समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था लायंस इंटरनेशनल के अंतर्गत लायंस क्लब बिलासपुर संगम एक अनूठा कार्यक्रम प्रारंभ किया है जिसमें जो बच्चे पुस्तक कॉपी नहीं खरीद सकते उन्हें लायंस क्लब बिलासपुर संगम सहयोग कर शिक्षा दिलाने का बीड़ा उठाया है
आईटीआई बिल्हा में प्रवेश के लिए आवेदन 15 जून तक
बिलासपुर । शासकीय आईटीआई बिल्हा में प्रवेश सत्र 2026-27 एवं 2026-28 के लिए व्यवसाय कोपा, स्टेनोग्राफी हिंदी, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, डीजल मैकेनिक, वेल्डर एवं डीसीएम में प्रवेश हेतु 15 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते है। ऑनलाइन आवेदन वेबसाइट https://cgiti.admissions.nic.in पर जाकर कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी आईआईटी बिल्हा के सूचना पटल या वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।
‘मन की बात’ में गूंजी मल्हार की ऐतिहासिक धरोहर, प्रधानमंत्री ने किया दुर्लभ ताम्र-पट्टिकाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा-यह छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना और गौरवशाली इतिहास का राष्ट्रीय सम्मान
बिलासपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रसारित अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक नगर मल्हार में ज्ञान भारतम् अभियान के तहत प्राप्त दुर्लभ ताम्र-पट्टिकाओं का उल्लेख कर छत्तीसगढ़ की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई। प्रधानमंत्री द्वारा इस महत्वपूर्ण खोज का उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लगभग 1400 से 1500 वर्ष पुरानी मानी जा रही ये ताम्र-पट्टिकाएं पांडुवंशी शासनकाल, विशेषकर महर्षि बालार्जुन के कालखंड से संबंधित महत्वपूर्ण ऐतिहासिक साक्ष्य हैं। प्राचीन ब्राह्मी लिपि और पाली भाषा में अंकित ये अभिलेख तत्कालीन शासन व्यवस्था, सामाजिक जीवन, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों की अमूल्य जानकारी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह खोज छत्तीसगढ़ की गौरवशाली ऐतिहासिक परंपरा का सशक्त प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण, संवर्धन और शोध कार्यों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। मल्हार में प्राप्त यह धरोहर केवल एक पुरातात्विक उपलब्धि नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक स्मृति और ऐतिहासिक चेतना को समृद्ध करने वाला महत्वपूर्ण अध्याय है। इससे आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली अतीत को जानने और समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय मंच से ऐसी उपलब्धियों का उल्लेख किए जाने से विरासत संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ती है तथा ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति सम्मान की भावना और मजबूत होती है। आज का ‘मन की बात’ कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि नया भारत अपनी संस्कृति, विरासत, प्रतिभा, खेल और नवाचार सभी क्षेत्रों को समान महत्व देते हुए आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मल्हार की ऐतिहासिक धरोहर भारत के गौरवशाली अतीत की कहानी दुनिया के सामने रख रही है। यह छत्तीसगढ़ के लिए उपलब्धि है, जो पूरे प्रदेश में आत्मगौरव, प्रेरणा और नई ऊर्जा का संचार करने वाली है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ में मल्हार की ऐतिहासिक खोज का उल्लेख किया जाना बिलासपुर जिले के लिए अत्यंत गौरव और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि ज्ञान भारतम् अभियान के माध्यम से जिले में ऐतिहासिक पांडुलिपियों, अभिलेखों और पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं दस्तावेजीकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है। मल्हार में प्राप्त ताम्र-पट्टिकाएं न केवल क्षेत्र के प्राचीन इतिहास को नई रोशनी में प्रस्तुत करेंगी, बल्कि शोधकर्ताओं और इतिहासकारों के लिए भी महत्वपूर्ण अध्ययन सामग्री सिद्ध होंगी। कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन इस अमूल्य धरोहर के संरक्षण और वैज्ञानिक अध्ययन के लिए संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों पर सख्ती: किसानों के हित में खाद की कालाबाजारी पर प्रहार
अवैध भंडारण पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 368 बोरी उर्वरक जब्त
बिना अनुमति गोदाम में रखा गया उर्वरक सीलबंद, नोटिस जारी
बिलासपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार किसानों को खाद-बीज की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और कृषि आदानों की उपलब्धता में बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर के मार्गदर्शन में कृषि विभाग की उड़नदस्ता टीम द्वारा जिलेभर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिले में अब तक 91 से अधिक निजी एवं सहकारी उर्वरक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जा चुका है।
निरीक्षण अभियान के दौरान ग्राम सेंदरी में उर्वरक के अवैध भंडारण की सूचना प्राप्त होने पर कृषि विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए छापामार कार्रवाई की। विकासखंड बिल्हा के ग्राम सेंदरी में कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने मेसर्स बंसल फर्टिलाइजर के सेंदरी एवं लोफंदी स्थित प्रतिष्ठान तथा गोदामों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 368 बोरी उर्वरक ऐसे स्थान पर भंडारित पाया गया, जो संस्था के लाइसेंस में दर्ज अधिकृत गोदामों में शामिल नहीं था। संस्था द्वारा बिना वैधानिक अनुमति के अतिरिक्त किराये के स्थल पर उर्वरक का भंडारण किया जाना पाया गया। अधिकारियों द्वारा मौके पर दस्तावेजों एवं लाइसेंस संबंधी अभिलेखों की जांच की गई, किंतु संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर संबंधित उर्वरक को अवैध भंडारण मानते हुए जब्त कर सीलबंद कर दिया गया। जब्त उर्वरक को संबंधित संस्था की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया है। प्रारंभिक जांच में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 की धारा-7 के उल्लंघन का मामला पाए जाने पर उर्वरक निरीक्षक एवं प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी आर.एस. गौतम द्वारा संबंधित संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक कृषि शशांक शिंदे, उर्वरक निरीक्षक आर.एस. गौतम, कृषि विकास अधिकारी डी.पी. दिवाकर, शाखा प्रभारी उमेश कश्यप तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें तथा खरीदारी के समय अनिवार्य रूप से पक्की रसीद प्राप्त करें। खाद की बोरी पर निर्माण तिथि, बैच नंबर, कंपनी का नाम एवं गुणवत्ता संबंधी विवरण अवश्य जांचें। विभाग ने किसानों को खुले अथवा बिना पैकेजिंग वाले उर्वरक खरीदने से बचने तथा किसी भी संदिग्ध खाद, बीज या कीटनाशक की सूचना तत्काल कृषि विभाग अथवा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को देने की सलाह दी है।
बिलासपुर पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 7 निरीक्षकों का तबादला
बिलासपुर । बिलासपुर में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार 7 निरीक्षकों का तबादला किया गया है। नई पदस्थापनाओं के तहत कई थाना प्रभारियों और अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी सूची के अनुसार निरीक्षक निलेश पाण्डेय की पुलिस अधीक्षक कार्यालय बिलासपुर से संबद्धता समाप्त कर उन्हें थाना रतनपुर भेजा गया है। वहीं निरीक्षक उमेश साहू को थाना अजाक से थाना सकरी की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह निरीक्षक विजय चौधरी को थाना सकरी से हटाकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय बिलासपुर पदस्थ किया गया है। निरीक्षक राजश्री दामू को थाना कोनी से नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली कार्यालय भेजा गया है।
निरीक्षक अवनीश पासवान को रक्षित केंद्र बिलासपुर से थाना तखतपुर भेजा गया है। वहीं निरीक्षक विवेक पाण्डेय को थाना तखतपुर से थाना कोनी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरीक्षक उत्तम कुमार साहू को रक्षित केंद्र बिलासपुर से थाना अजाक भेजा गया है।
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
सिम्पलेक्स कास्टिंग्स की एमडी संगीता केतन शाह को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने सिम्पलेक्स कास्टिंग्स लिमिटेड की मैनेजिंग डायरेक्टर और महिला उद्यमी संगीता केतन शाह तथा उनके पति केतन एम शाह को बड़ी राहत देते हुए अग्रिम जमानत दे दी है।
शिकायतकर्ता सुनील कुमार सोमन ने न्यायालय और पुलिस से यह महत्वपूर्ण तथ्य साजिशन छिपाया कि उसे 10 लाख रुपये की बयाना (एडवांस) राशि वापस मिल चुकी थी। यह भी छिपाया कि इसी अनुबंध के संबंध में दुर्ग कोर्ट में पहले से ही एक सिविल (दीवानी) मुकदमा दायर है। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए न्यायालय ने जमानत अर्जी मंजूर कर ली। जिस इकरारनामे (अनुबंध) के आधार पर यह मामला दर्ज कराया गया था, उस पर न तो किसी गवाह (Witness) के हस्ताक्षर थे और न ही उसे नोटरीकृत (Notarised) कराया गया था। यह विवाद 13 मार्च 2023 को कोहका स्थित एक संपत्ति के 50 लाख रुपये में हुए सौदे और 10 लाख रुपये के एडवांस से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए न्यायालय में परिवाद दायर किया था, जिसके बाद सुपेला थाने में आईपीसी की धारा 406, 420, 468, और 471 के तहत FIR दर्ज की गई थी।
दिल्ली में दुष्कर्म, फिर ब्लैकमेलिंग! कारोबारी के खिलाफ FIR दर्ज
बिलासपुर । बिलासपुर की एक भाजपा नेत्री ने झारखंड के रांची निवासी कारोबारी पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपए की ठगी का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने बताया कि उनकी मुलाकात करीब दो साल पहले दिल्ली में कारोबारी संजय सिंह से हुई थी। आरोपी ने खुद को बड़ा व्यवसायी बताते हुए माइनिंग कारोबार में निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा दिया और धीरे-धीरे दोनों के बीच संपर्क बढ़ा।
महिला ने आरोप लगाया कि भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने दिल्ली में उनके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार ब्लैकमेल कर पैसों की मांग करता रहा। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने किश्तों में करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए लिए। यह रकम आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से दी गई। आरोपी निवेश के नाम पर नकद राशि मांगता रहा और बाद में पैसे लौटाने के बजाय धमकाने लगा।
मानसिक रूप से परेशान होने के बाद भाजपा नेत्री ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी कारोबारी संजय सिंह के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब लेनदेन और आरोपों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
एजेंसी के झांसे में लेकर कारोबारी से ठगे 7.87 लाख, सरकंडा थाने में केस दर्ज
बिलासपुर । एफएमसीजी कारोबार से जुड़े एक व्यापारी को बड़ी बिस्किट कंपनी की चैनल सेल्स एजेंसी दिलाने का सपना दिखाकर करीब 7.87 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को कंपनी का नेशनल सेल्स हेड और डायरेक्टर बताने वाले लोगों ने कारोबारी से एडवांस रकम जमा कराई, लेकिन वादे के मुताबिक माल नहीं भेजा। जो सामान पहुंचा भी, वह दूसरी कंपनियों का निकला।
सकर्री क्षेत्र निवासी माधव अग्रवाल “माधव इंटरप्राइजेस” के नाम से एफएमसीजी उत्पादों की डिस्ट्रीब्यूशन और चैनल सेल्स एजेंसी का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि नवंबर-दिसंबर 2025 के दौरान सुरेश साव नामक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। उसने खुद को “बंगाल फूड एंड बेवरेज कंपनी” का नेशनल सेल्स हेड बताते हुए बिलासपुर क्षेत्र की अधिकृत सीएसए एजेंसी देने का प्रस्ताव रखा।
इसके बाद कुमार सिन्हा और राकेश सिन्हा नाम के लोगों से भी बातचीत कराई गई। आरोपियों ने कंपनी का बड़ा नेटवर्क और अच्छे कारोबार का भरोसा दिलाकर एडवांस राशि मांगी। माधव अग्रवाल ने अलग-अलग तारीखों में आरटीजीएस समेत अन्य माध्यमों से कुल 7 लाख 87 हजार 156 रुपये कंपनी के खाते में जमा कर दिए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने फर्जी सेल्स बिल और ई-वे बिल भेजे, ताकि सौदा असली लगे। काफी इंतजार के बाद जो माल पहुंचा, उसमें दूसरी कंपनियों के बिस्किट और अन्य उत्पाद निकले। शेष माल कभी भेजा ही नहीं गया। विरोध करने पर आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया।
मामले की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राष्ट्र कवि मैथिलीशरण गुप्त ने राष्ट्रीय विमर्श की आधारशिला रखी: डॉ पाठक
बिलासपुर में मैथिलीशरण गुप्त गौरव ग्रंथ विमोचन व विमर्श का अभिनव कार्यक्रम
बिलासपुर । बिलासपुर के शासकीय जेपी वर्मा कला एवं वाणिज्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय सभागार में राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त गौरव ग्रंथ के विमोचन एवं विमर्श का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रयास प्रकाशन साहित्य अकादमी और गहोई वैश्य समाज बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में न्यायमूर्ति डॉ. चन्द्र भूषण वाजपेई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं थावे विद्यापीठ गोपालगंज के कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक ने अध्यक्षता की। विशेष अतिथि के रूप में मनोहर लाल बरसैंया, डॉ. श्याम लाल निराला, लक्ष्मी नारायण बिलैया और डॉ. आर.के. गांधी मौजूद रहे।
प्रमुख अतिथि न्यायमूर्ति डॉ चन्द्र भूषण वाजपेई ने अपने सारगर्भित संबोधन में आयोजकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि मैथिलीशरण गुप्त का पूरा जीवन और साहित्य राष्ट्र के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने खड़ी बोली हिन्दी को समृद्ध किया तथा महाकाव्य, खण्ड काव्य,मुक्तक व प्रगीत काव्य के द्वारा हिन्दी काव्य की नींव स्थापित की।
अध्यक्षता की आसंदी से उद्बोधित उद्गार के उपक्रम में डा विनय कुमार पाठक ने कहा कि राष्ट्र कवि मैथिलीशरण गुप्त ने राष्ट्रीय विमर्श की जो आधारशिला रखी, उसके विकास और कार्यान्वयन का समय आ गया है। डॉ विनय कुमार पाठक ने गौरव ग्रंथ की समीक्षा करते हुए कहा कि समीक्षकों ने वाद को प्रमुखता देकर और राष्ट्रीय नारा को पार्श्व में रखकर जो भूल की है, उसे अब सुधारने और पुनर्पाठ के द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति में समावेशित करने की आवश्यकता है।
विशेष अतिथि संपादक मनोहर लाल बरसैंया ने गौरव ग्रंथ की संकल्पना और संघर्ष का ब्यौरा प्रस्तुत किया वहीं डॉ श्याम लाल निराला ने गौरव ग्रंथ को राष्ट्र स्तर का निर्दिष्ट करते हुए संपादक त्रय को बधाई दी। लक्ष्मी नारायण बिलैया एवं डॉ आर के गंधी ने गहोई वैश्य समाज बिलासपुर द्वारा राष्ट्र कवि की जयंती मनाने व उनकी प्रतिमा स्थापित जैसे महत्वपूर्ण कार्य की योजना का स्मरण किया और प्रस्तुत ग्रंथ को देश के लिए धरोहर बताया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सरस्वती व राष्ट्र कवि मैथिलीशरण गुप्त के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ डाक्टर किरण राठौर द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना व राष्ट्र कवि के गीत की प्रस्तुति दी। अतिथियों के स्वागत के बाद विमोचन एवं विमर्श के अतिरिक्त राष्ट्र कवि के पुस्तकों की प्रदर्शनी व विक्री भी आकर्षण के केंद्र बनी।यह योजना पीयूष गुप्ता बुक डिपो के सौजन्य से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ विनोद कुमार गुप्त संपादक एवं आभार प्रदर्शन राज कुमार बरसैंया ने किया। इस अवसर पर जिन लोगों की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही, उनमें राधवेंद्र दूबे, डॉ रमेश चंद्र श्रीवास्तव, डॉक्टर बजरंगबली शर्मा और विष्णु कुमार तिवारी प्रमुख थे।गहोई वैश्य समाज से डॉक्टर वी के नगरिया, सचिव अमित सेठ,शिव कुमार मोतले, राजकुमार बरसैंया, संजीव बहरे एवं समाज की उपाध्यक्षा श्रीमती रश्मि बिलैया और मनीष बरसैंया उपस्थित थे।इस अवसर पर बड़ी संख्या में कवि, साहित्यकार और विद्वतजनों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य और गरिमामय स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भू-जल संरक्षण को बनाना होगा जनआंदोलन : सुशांत शुक्ला
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी बचाना जरूरी
भू-जल संरक्षण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित
कलेक्टर ने दिलाई जल संरक्षण और स्वच्छता की शपथ
बिलासपुर । जिले में भू-जल संवर्धन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज पंडित देवकीनंदन दीक्षित सभागृह शनिचरी बाजार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, डीएफओ नीरज यादव, पार्षद बंधु मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। कार्यशाला में नगरीय निकायों के अध्यक्ष, जिला पंचायत और जनपद सदस्य सहित 154 ग्रामों के सरपंच, सचिव, रजिस्टर्ड आर्किटेक्ट, उप अभियंता, तकनीकी विशेषज्ञ, बिल्डर्स एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई।
बतौर मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि जल संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी को केवल अभियान नहीं बल्कि जनआंदोलन बनाना होगा। उन्होंने कहा कि तेजी से घटते भू-जल स्तर और बढ़ती जल समस्या को देखते हुए अब प्रत्येक नागरिक को पानी बचाने के लिए जागरूक होना जरूरी है। वर्षा जल संचयन, तालाब संरक्षण और पौधरोपण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने के लिए आज से ही सामूहिक प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने सभी से आव्हान किया कि अपने विशेष दिन जैसे जन्मदिन, वर्षगांठ जैसे आयोजनों पर हमें एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। गांवों में तालाब, कुएं और पारंपरिक जल संरचनाओं को संरक्षित कर जल संकट से बचा जा सकता है। महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसे जनभागीदारी से ही सफल बनाया जा सकता है। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि जल संरक्षण और स्वच्छता को जनभागीदारी से ही सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से पौधरोपण, स्वच्छता और जल बचत को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि भू-जल का अत्यधिक दोहन होने से जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। भविष्य में जल संकट से बचने के लिए हमें जल संरक्षण के लिए हमारे गांव और शहर के हिसाब से नई तकनीक को अपनाना होगा। हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए हमें एक दिशा में ठोस कार्य योजना बनाकर इसे क्रियान्वित करना होगा। तालाब, डबरी और वर्षा जल संचयन जैसी संरचनाओं को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने स्वच्छता, नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता को भी समय की आवश्यकता बताते हुए लोगों से कचरे का पृथक्करण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की। एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि जिस प्रकार चोर सामान चुरा लेता है, उसी तरह हम धरती का पानी लगातार खत्म कर रहे हैं। आने वाली पीढ़ियों के लिए अभी से जल संरक्षण पर गंभीरता से कार्य करना होगा। उन्होंने साइबर अपराधों से सतर्क रहने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा नशे से दूर रहने की अपील की। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि भू-जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी है। वहीं नगर निगम के उपायुक्त खजांची कुमार ने कार्यशाला को जनजागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यशाला में राजनांदगांव जिले के सहायक परियोजना अधिकारी फैज मेमन ने वी वायर टेक्नोलॉजी, पोंड विथ इंजेक्शन वेल सहित अन्य विभिन्न भू-जल संरक्षण संरचनाओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने जल संरक्षण के वैज्ञानिक तरीकों और वर्षा जल संचयन की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आधुनिक तकनीक से नक्शे का तथ्यात्मक आंकलन, स्थल का चयन, ग्राम पंचायत की कार्ययोजना, संरचनाओं की स्वीकृति, संरचनाओं का निर्माण, संरचनाओं का उपयोग और उनके मरम्मत एवं संधारण के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया।