छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा
माँ दंतेश्वरी को साक्षी मानकर मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह में 191 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे
नव विवाहितों के सुखद दाम्पत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दी विधायक ने
समर्पित नक्सली युगल हिड़में और बामन ने भी अग्नि को साक्षी मानकर लिया सात फेरा
दंतेवाड़ा, 10 फरवरी 2026


आज माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंढक डोबरा मैदान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माँ दंतेश्वरी को साक्षी मानकर 48 कुंडों में विधिवत मंत्रोच्चार के साथ 191 जोड़े नव दांपत्य जीवन में बंधे। मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ऑनलाइन, वर्चुअल रूप से कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को नव जीवन के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए उनके सुखमय, समृद्ध और खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना की। समारोह में विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अधिकारी ने भी नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान किया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराए गए, जिससे आदिवासी संस्कृति, सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस दौरान नव दंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्रीय विधायक श्री चैतराम अटामी ने कहा कि माँ दंतेश्वरी के पावन प्रांगण में आयोजित यह मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह हमारे समाज की एक सुंदर और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। आज यहाँ 191 नवदंपति नए जीवन की शुरुआत कर रहे हैं, यह हम सभी के लिए गर्व और खुशी का क्षण है। इस पवित्र स्थान पर विवाह होना स्वयं में सौभाग्य की बात है, क्योंकि मां दंतेश्वरी की कृपा और हमारे बुजुर्गों का आशीर्वाद आपके जीवन को सही दिशा देगा। उन्होंने आगे कहा कि जैसे आप सभी ने अब तक अपने माँ-बाप की सेवा और सम्मान किया है, उसी तरह अब अपने सास-ससुर को भी अपने माता-पिता समान मानकर उनकी सेवा करनी है। इसके अलावा ही वर को भी चाहिए कि वह अपनी वधु का सम्मान पूर्वक पालन-पोषण करे, उसकी भावनाओं का आदर करे और जीवन के हर मोड़ पर उसका साथ निभाए। पति-पत्नी एक-दूसरे के पूरक हैं, आपसी प्रेम, विश्वास और सहयोग से ही दांपत्य जीवन सुखमय बनता है। इसके साथ ही उन्होंने सभी के दांपत्य जीवन सुख, शांति और समृद्धि से भरे जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य शासन ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना प्रारंभ करके नवदंपत्तियों के लिए अभिभावकों जैसी भूमिका निभाई है। उन्होंने नव विवाहित युगलों से एक अच्छी बहु और अच्छा पति बनने का आग्रह करते हुए कहा कि परिवार को एक रखते हुए वरिष्ठ सदस्यों का ख्याल रखें। साथ ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविन्द कुंजाम ने कहा कि आपकी खुशियों की इस घड़ी में शामिल होकर हमें गहरी खुशी हुई है। जीवन की हर महत्वपूर्ण घड़ी में राज्य शासन की योजनाएं आपका सहयोग करेंगी। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री वरुण नागेश ने बताया कि इस वर्ष मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कुल 191 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। शासन की ओर से प्रति जोड़े 35 हजार रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से वर-वधु के खातों में अंतरित की गई। वहीं, प्रत्येक जोड़े के लिए 15 हजार रुपये की राशि आयोजन एवं साज-सज्जा पर व्यय की गई। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री संतोष गुप्ता,जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। यहां कन्या विवाह दुबे आचार्य जी के पंडितों द्वारा कराया गया। उल्लेखनीय है कि आयोजित हुए मुख्यमंत्री कन्या विवाह में आत्मसमर्पित नक्सली युगल हिडमें और बामन ने भी सात फेरे लेकर समाज के मुख्यधारा से स्वयं को जोड़ा। इसके अलावा इस विवाह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुमित्रा वेको और पोंदुम के सरपंच ने भी अपना विवाह रचाया।
ब्लॉकचेन आधारित भूमि अभिलेख डिजिटलीकरण से अब सीएससी केंद्रों पर मिलेगी त्वरित सेवा
दंतेवाड़ा, 31 जनवरी 2026
कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार जिले के समस्त चॉइस सेंटर सीएससी केंद्रों में ब्लॉकचेन आधारित भूमि अभिलेख ;लैंड रिकॉर्ड डिजिटलीकरण सॉफ्टवेयर के लिए आईडी एवं पासवर्ड उपलब्ध करा दिए गए हैं। साथ ही सभी सीएससी सेंटर ऑपरेटरों को इस सॉफ्टवेयर के संचालन हेतु आवश्यक भौतिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा चुका है।
अब जिले के हितग्राही अपने नजदीकी सीएससी केंद्र में जाकर 1930 से लेकर वर्तमान तक के भूमि संबंधी दस्तावेज जैसे बी.1ए मिसल अभिलेख खसरा पांचशाला इत्यादि अभिलेख प्राप्त कर सकेंगे एवं इन दस्तावेजों के आधार पर भूमि अभिलेखों का डिजिटलीकरण एवं सत्यापन करवा सकेंगे। इससे पुराने रिकॉर्ड भी सुरक्षित रूप से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकेंगे।
कलेक्टर ने ब्लॉकचेन तकनीक के उपयोग से भूमि रिकॉर्ड अधिक सुरक्षित पारदर्शी एवं छेड़छाड़.रहित रहेंगे। इससे भूमि से जुड़े विवादों में कमी आएगी तथा सेवाओं की गति एवं विश्वसनीयता बढ़ेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएससी केंद्रों पर नागरिकों को सरल प्रक्रिया समयबद्ध सेवा एवं उचित मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाए। इस पहल से जिले में डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा मिलेगा और आमजन को भूमि अभिलेख से संबंधित सेवाएं अपने क्षेत्र में ही सहज रूप से उपलब्ध हो सकेंगी।
मोबाइल वेटनरी यूनिट से दूरस्थ गांवों में निःशुल्क पशु उपचार की सुविधा
दंतेवाड़ा, 31 जनवरी 2026
कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार जिले के चारों विकास खंडों में मोबाइल वेटनरी यूनिट (एमवीयू) का संचालन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ एवं दुर्गम ग्रामों में पहुंचकर पशुओं का निशुल्क उपचार, दवाइयों का वितरण, बधियाकरण, टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा उपलब्ध कराना है। मोबाइल वेटनरी यूनिट निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन प्रात 8 बजे से सायं 4 बजे तक तीन ग्रामों का भ्रमण कर बीमार पशुओं का उपचार, दवा वितरण, बधियाकरण, टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान का कार्य कर रही है। साथ ही विभागीय योजनाओं की जानकारी, मौसमी टीकाकरण का प्रचार-प्रसार, पशुपालकों की संगोष्ठी एवं पशु चिकित्सा शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है।
इस मोबाइल यूनिट में पशु चिकित्सक, पैरावेट स्टाफ, आवश्यक दवाइयाँ एवं आधुनिक उपकरण उपलब्ध रहते हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में पशुपालकों को बड़ी राहत मिल रही है। यह सेवा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वरदान साबित हो रही है। राज्य शासन द्वारा पशुपालकों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 1962 जारी किया गया है, जिसके माध्यम से सड़क अथवा घर पर बीमार पशुओं का निःशुल्क उपचार कराया जा सकता है। घर-घर पहुंच सेवा के माध्यम से पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार होने से दुग्ध, मांस एवं अंडा उत्पादन में वृद्धि हो रही है, जिससे पशुपालकों की आय में बढ़ोतरी हो रही है।
36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का हुआ समापन
सुरक्षित सड़कें, सशक्त समाज की नींव है-विधायक श्री अटामी
यातायात नियमों का पालन जीवन की सुरक्षा की गारंटी-पुलिस अधीक्षक श्री राय
दंतेवाड़ा, 31 जनवरी 2026
जिले के सिटी कोतवाली परिसर में 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्री चैतराम अटामी उपस्थित रहे। उनके साथ नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री कैलाश मिश्रा, जनपद पंचायत सदस्य श्री रामूराम नेताम, पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री नसर उल्लाह सिद्दीकी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री राहुल उइके, श्री गोविंद दीवान, श्री कमलजीत पाटले सहित मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विधायक श्री चैतराम अटामी ने अपने उद्बोधन में कहा कि पुलिस विभाग द्वारा लगातार चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा एवं जागरूकता अभियानों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है। उन्होंने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं वाहन चालकों की लापरवाही, तेज गति, शराब पीकर वाहन चलाने एवं यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं भी जिम्मेदार नागरिक बनें और अपने परिवार व समाज की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही युवाओं को विशेष रूप से सावधानी बरतने की सलाह दी।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और यातायात संकेतों का पालन न करने से गंभीर दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें कई बार जान तक चली जाती है। उन्होंने दुपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चार पहिया चालकों से सीट बेल्ट लगाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से कहा कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकें।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री नसर उल्लाह सिद्दीकी ने 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिले में किए गए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों, रैली, स्कूल-कॉलेजों में संवाद, पोस्टर प्रदर्शनी एवं यातायात नियमों के प्रचार-प्रसार की जानकारी दी। कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय बारसूर के छात्र-छात्राओं द्वारा सड़क सुरक्षा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनों ने सराहा। अंत में मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का विधिवत समापन किया गया। इस दौरान यातायात अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
अवैध रेत उत्खनन व परिवहन पर कड़ी कार्रवाई
खनिज जांच दल व पुलिस दल ने जप्त की 7 वाहन, मशीन
दंतेवाड़ा, 28 जनवरी 2026
कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार एवं उप संचालक (खनिज) श्री योगेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में खनिज जांच दल एवं पुलिस विभाग द्वारा दंतेवाड़ा जिले के बालपेट एवं बालूद क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गौण खनिज साधारण रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों एवं वाहन मालिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई। मौके पर विधिवत पंचनामा तैयार कर कुल 7 वाहन, मशीन जप्त किए गए, जिनमें अवैध परिवहन में प्रयुक्त 5 ट्रैक्टर तथा अवैध उत्खनन में संलिप्त 1 जेसीबी मशीन एवं 1 ट्रैक्टर लोडर शामिल हैं। जप्त सभी वाहनों को सुरक्षार्थ कलेक्टर कार्यालय परिसर, दंतेवाड़ा में रखा गया है।
उक्त प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(4) के तहत जप्ती की कार्रवाई करते हुए धारा 21(5) के अंतर्गत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा पूर्व में भी खनिज ठेकेदारों एवं परिवहनकर्ताओं को बिना वैध अभिवहन पास के खनिज परिवहन को दण्डनीय अपराध बताया गया है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त दण्डात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिले में खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु खनिज अमले द्वारा निरंतर जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में खनि निरीक्षक श्री अश्वनी झाड़ी सहित जिला खनिज जांच दल के कर्मचारी उपस्थित थे।
ग्राम बेनपाल में शासकीय उचित मूल्य दुकान आवंटन किए जाने हेतु 22 जनवरी से 04 फरवरी तक आवेदन आमंत्रित
दंतेवाड़ा, 28 जनवरी 2026
अनुविभागीय दण्डाधिकारी बड़ेबचेली,से प्राप्त जानकारी अनुसार दंतेवाड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बेनपाल में नवीन शासकीय उचित मूल्य दुकान आबंटन किया जाना प्रस्तावित है। उक्त संबंध में आवेदन प्रस्तुत करने हेतु अंतिम अवसर देते हुए दुकान संचालन हेतु इच्छुक एजेन्सी यथा वृहदाकार आदिम जाति बहुउद्देशीय सहकारी समितियां, ग्राम पंचायत, महिला स्व. सहायता समूह, वन सुरक्षा समितियां राज्य शासन द्वारा विनिर्दिष्ट, सार्वजनिक उपक्रम अन्य उपभोक्ता सहकारी समितियां एवं प्राथमिक कृषि साख समितियों से विहित प्रारूप में दिनांक 22 जनवरी 2026 से दिनांक 04 फरवरी 2026 तक कार्यालयीन दिवस एवं समय में अनुविभागीय दण्डाधिकारी बड़े बचेली के कार्यालय में आवेदन आमंत्रित किया जाता है।
पंचायत सचिवों के कुल 06 पदों भर्ती हेतु कम्प्यूटर कौशल परीक्षा होगा 4 एवं 5 फरवरी को
दंतेवाड़ा, 28 जनवरी 2026
कार्यालय जिला पंचायत से जारी विज्ञप्ति अनुसार जिले में ग्राम पंचायत सचिवों के कुल 06 पदों पर भर्ती हेतु विज्ञापन जारी किया गया है। इस संबंध में पात्र अभ्यर्थियों का कम्प्यूटर कौशल परीक्षा का आयोजन दिनांक 04 फरवरी एवं 05 फरवरी 2026 को प्रातः 10.30 बजे से कार्यालय लाइवलीहुड कॉलेज दंतेवाड़ा में किया गया है। कम्प्यूटर कौशल परीक्षा में पात्र अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र की मूल प्रति एवं पहचान पत्र जिसमें फोटो लगा हो के साथ उपस्थित होने के लिए सूचना जारी किया जा रहा है। कम्प्यूटर कौशल परीक्षा हेतु पात्र अभ्यर्थियों की सूची का अवलोकन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दन्तेवाड़ा के सूचना पटल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत दंतेवाड़ा, गीदम, कुआकोंडा, कटेकल्याण के सूचना पटल पर एवं जिला दक्षिण बस्तर दन्तेवाड़ा के वेबसाईटhttps://dantewada.nic.in/में कर सकते हैं।
गणतंत्र दिवस पर ग्राम पंचायत फरसपाल में स्वच्छता ग्राही दीदियों का सम्मान
दंतेवाड़ा, 27 जनवरी 2026
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत फरसपाल में स्वच्छता अभियान अंतर्गत स्वच्छता ग्राही दीदियों का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच, जनपद सदस्य एवं पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा दीदियों को पारंपरिक रूप से सॉल एवं नारियल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन न केवल स्वच्छता कर्मियों के सम्मान का प्रतीक रहा, बल्कि ग्राम पंचायत फरसपाल की स्वच्छ, सुरक्षित एवं संगठित ग्राम व्यवस्था का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।
ग्राम पंचायत फरसपाल को एक ऐतिहासिक ग्राम के रूप में जाना जाता है, जहाँ स्वच्छता केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। ग्राम में प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया जाता है। इसके अंतर्गत ढोलकल मंदिर, देवगुड़ी, बाजार चौक, स्कूल परिसर, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन एवं सड़कों के किनारे विशेष रूप से साफ-सफाई की जाती है। इस अभियान में ग्रामवासी, पंचायत प्रतिनिधि एवं स्वच्छता ग्राही दीदियाँ सक्रिय सहभागिता निभाती हैं। सम्मान समारोह के दौरान स्वच्छता ग्राही दीदियों का मनोबल एवं आत्मविश्वास बढ़ाया गया। यह सम्मान ग्राम पंचायत द्वारा उनके सतत योगदान के प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान को दर्शाता है। ग्राम पंचायत की सोच में श्रम सम्मान के साथ-साथ स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा एवं सामाजिक गरिमा को भी प्राथमिकता दी जाती है। ग्राम पंचायत फरसपाल द्वारा सभी स्वच्छता ग्राही दीदियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ा गया है, जिससे उन्हें समय-समय पर योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है। इसके साथ ही स्वच्छता ग्राही दीदियों का प्रतिमाह नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाता है, जिससे वे स्वस्थ रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।इस अवसर पर ग्राम पंचायत द्वारा एक नई पहल की जानकारी भी साझा की गई। पंचायत भवन के समीप कबाड़ एवं अनुपयोगी सामग्री से जुगाड़ के माध्यम से एक स्वच्छता गार्डन विकसित किया जा रहा है। यह गार्डन स्वच्छता के संदेश के साथ-साथ बस्तर की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक प्रतीकों एवं स्थानीय पहचान को भी प्रदर्शित करेगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह ग्राम पंचायत फरसपाल की स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं संवेदनशील प्रशासनिक सोच को दर्शाता है। फरसपाल ग्राम पंचायत का यह प्रयास यह संदेश देता है कि स्वच्छ भारत की परिकल्पना तभी साकार होगी, जब स्वच्छता कर्मियों को सम्मान, सुरक्षा एवं सहयोग के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
जिले की लखपति दीदियाँ बनीं दिल्ली में विशिष्ट अतिथि, पहली बार कर्तव्य पथ परेड देख गौरवान्वित
दंतेवाड़ा, 27 जनवरी 2026
ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की पहल पर महिला सशक्तिकरण की सशक्त पहचान बनी लखपति दीदियों को गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में नई दिल्ली आमंत्रित किया गया। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से लखपति दीदी श्रीमती बिम्बति नाग एवं श्रीमती यमुना कडि़यारी राजधानी दिल्ली पहुँचीं।
इस मौके प्र दोनों लखपति दीदियों ने 26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ पर आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में सहभागिता की तथा जीवन में पहली बार कर्तव्य पथ परेड का भव्य और ऐतिहासिक दृश्य देखा। यह अनुभव उनके लिए अविस्मरणीय एवं प्रेरणादायी रहा। श्रीमती बिम्बति नाग एवं श्रीमती यमुना कडि़यारी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आजीविका के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। दोनों दीदियाँ लाख रुपये से अधिक की वार्षिक आय अर्जित कर न केवल आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी हैं।
ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं नेतृत्व क्षमता के उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में उनका चयन किया गया। दंतेवाड़ा जिले के लिए यह क्षण अत्यंत गौरव एवं सम्मान का विषय है। छत्तीसगढ़ राज्य से दंतेवाड़ा, नारायणपुर एवं कवर्धा जिले की कुल पाँच लखपति दीदियाँ अपने सहयोगियों के साथ इस राष्ट्रीय आयोजन में सम्मिलित हुईं। इस अवसर पर स्टेट नोडल के रूप में श्री धर्मेंद्र ठाकुर, बीपीएम, जनपद पंचायत दंतेवाड़ा भी दिल्ली पहुँचे तथा कर्तव्य पथ परेड में सहभागिता की। जिला प्रशासन दंतेवाड़ा द्वारा लखपति दीदियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा गया कि यह जिले में संचालित आजीविका एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों की सफलता का जीवंत प्रमाण है। जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु ऐसे प्रयास निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
आजीविका सेवा केंद्रों से महिलाओं को मिलेगी आत्मनिर्भरता की नई राह, ‘लखपति दीदी’ बनने की दिशा में मजबूत कदम
दंतेवाड़ा, 27 जनवरी 2026
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत एकीकृत फार्मिंग क्लस्टर परियोजना के माध्यम से जिले में महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा के विशेष मार्गदर्शन तथा बीपीएम श्री नितेश देवांगन एवं श्री धर्मेंद्र ठाकुर के सहयोग से चार आजीविका सेवा केंद्रों ,पोन्दूम, मेटापाल, भोगाम और मंगनार की स्थापना की गई है। इन केंद्रों के माध्यम से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिला किसान ‘लखपति दीदी’ बनने की ओर अग्रसर होंगी। इन आजीविका सेवा केंद्रों का शुभारंभ ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा किया गया। केंद्रों के माध्यम से कुल 11 ग्रामों की लगभग 1000 महिला किसानों की पहचान कर उन्हें कृषि आधारित आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। महिलाओं को सब्जी बाड़ी, मुर्गी पालन, बकरी पालन तथा वनोपज संग्रहण जैसी गतिविधियों में प्रशिक्षण एवं सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे उनकी आय में सतत वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
पोन्दूम आजीविका सेवा केंद्र के अंतर्गत ग्राम पोन्दूम, बड़े गोडरे एवं तोयलंका को शामिल किया गया है। मेटापाल केंद्र के अंतर्गत मेटापाल, मेन्डोली और कांवडगांव, भोगाम केंद्र के अंतर्गत भोगाम एवं कवलनार तथा मंगनार केंद्र के अंतर्गत मंगनार, कुपेर और पंडेवार ग्रामों को कवर किया गया है। इस परियोजना के सफल संचालन हेतु मा दंतेश्वरी महिला संकुल संगठन, बालूद को नोडल संस्था के रूप में चयनित किया गया है। परियोजना के तहत चयनित महिला किसानों में से प्रत्येक आजीविका सेवा केंद्र के लिए 6 से 24 महिला उद्यमियों का चयन किया गया है। इन केंद्रों के माध्यम से हितग्राहियों को खेती के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज एवं जैविक खाद, मुर्गी, बकरी एवं मछली पालन हेतु उन्नत नस्ल की ब्रीड, पशुओं के लिए चारा-दाना एवं वैक्सीन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, उत्पादित फसलों एवं अन्य उत्पादों के विपणन के लिए सामूहिक बाजार व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे महिलाओं को उचित मूल्य प्राप्त हो सके। उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की दीदियों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में एंकर ढलेश्वर सिन्हा, सीनियर सीआरपी प्रमिला मण्डावी, सोहन सेठिया, विकास नाग, कुमबती वेट्टी, पीआरपी गरिमा पांडेय, आशा कश्यप, सीएलएफ पदाधिकारी निकिता दीदी, मनकी दीदी, अंबिका दीदी एवं सुनीता दीदी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक सहभागिता, उत्साह और आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ किया गया।
शासकीय महेंद्र कर्मा कन्या महाविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस
दंतेवाड़ा, 27 जनवरी 2026
शासकीय महेंद्र कर्मा कन्या महाविद्यालय, दंतेवाड़ा में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः महाविद्यालय परिसर में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विवेक शर्मा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती सरिता ऊईके, अध्यक्ष जन भागीदारी समिति, तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. विवेक शर्मा ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए संविधान के मूल आदर्श न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने संविधान एवं गणतंत्र दिवस के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा नृत्य एवं गायन प्रस्तुत कर गणतंत्र दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री विश्वत कुमार (कार्यक्रम अधिकारी) एवं श्रीमती अर्चना झा (सहायक अध्यापक) द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र कुमार साहू, श्री मारुति नंदन मरकाम (क्रीड़ा अधिकारी), श्री राहुल गौरखेड़े, डॉ. सत्यव्रत त्रिपाठी, श्री राजेंद्र सिंह राज सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
लाइवलीहुड कॉलेज एवं पुनर्वास केंद्र में आत्मसमर्पित हितग्राहियों के साथ गरिमामय गणतंत्र पर्व आयोजन
दंतेवाड़ा, 27 जनवरी 2026
जिले के लाइवलीहुड कॉलेज एवं पुनर्वास केंद्र, दंतेवाड़ा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे आत्मसमर्पित नक्सलियों के साथ गणतंत्र दिवस का आयोजन अत्यंत गरिमामय एवं सकारात्मक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्राचार्य श्री हरीश कुमार सिन्हा द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। ध्वजारोहण उपरांत प्राचार्य श्री सिन्हा ने आत्मसमर्पित हितग्राहियों को समाज की मुख्यधारा में लौटने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह दृश्य अत्यंत प्रेरणादायक है कि जो लोग कभी तिरंगे के विरोध में खड़े थे, आज वही तिरंगे के नीचे गर्व और सम्मान के साथ खड़े होकर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट कर रहे हैं। यह परिवर्तन पुनर्वास, प्रशिक्षण एवं सकारात्मक सोच की सफलता का सशक्त उदाहरण है।
कार्यक्रम के दौरान देश की एकता, अखंडता तथा संविधान के मूल्यों पर भी प्रकाश डाला गया। प्रशिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा आत्मसमर्पित हितग्राहियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर लाइवलीहुड कॉलेज के समस्त प्रशिक्षक, कर्मचारी एवं प्रशिक्षणरत आत्मसमर्पित हितग्राही उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं प्रेरणादायी वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
गणतंत्र दिवस पर ग्राम पंचायत फरसपाल में स्वच्छता ग्राही दीदियों का सम्मान
दंतेवाड़ा, 27 जनवरी 2026
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत फरसपाल में स्वच्छता अभियान अंतर्गत स्वच्छता ग्राही दीदियों का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच, जनपद सदस्य एवं पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा दीदियों को पारंपरिक रूप से सॉल एवं नारियल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन न केवल स्वच्छता कर्मियों के सम्मान का प्रतीक रहा, बल्कि ग्राम पंचायत फरसपाल की स्वच्छ, सुरक्षित एवं संगठित ग्राम व्यवस्था का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।
ग्राम पंचायत फरसपाल को एक ऐतिहासिक ग्राम के रूप में जाना जाता है, जहाँ स्वच्छता केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। ग्राम में प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया जाता है। इसके अंतर्गत ढोलकल मंदिर, देवगुड़ी, बाजार चौक, स्कूल परिसर, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन एवं सड़कों के किनारे विशेष रूप से साफ-सफाई की जाती है। इस अभियान में ग्रामवासी, पंचायत प्रतिनिधि एवं स्वच्छता ग्राही दीदियाँ सक्रिय सहभागिता निभाती हैं। सम्मान समारोह के दौरान स्वच्छता ग्राही दीदियों का मनोबल एवं आत्मविश्वास बढ़ाया गया। यह सम्मान ग्राम पंचायत द्वारा उनके सतत योगदान के प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान को दर्शाता है। ग्राम पंचायत की सोच में श्रम सम्मान के साथ-साथ स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा एवं सामाजिक गरिमा को भी प्राथमिकता दी जाती है। ग्राम पंचायत फरसपाल द्वारा सभी स्वच्छता ग्राही दीदियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ा गया है, जिससे उन्हें समय-समय पर योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है। इसके साथ ही स्वच्छता ग्राही दीदियों का प्रतिमाह नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाता है, जिससे वे स्वस्थ रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।इस अवसर पर ग्राम पंचायत द्वारा एक नई पहल की जानकारी भी साझा की गई। पंचायत भवन के समीप कबाड़ एवं अनुपयोगी सामग्री से जुगाड़ के माध्यम से एक स्वच्छता गार्डन विकसित किया जा रहा है। यह गार्डन स्वच्छता के संदेश के साथ-साथ बस्तर की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक प्रतीकों एवं स्थानीय पहचान को भी प्रदर्शित करेगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह ग्राम पंचायत फरसपाल की स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं संवेदनशील प्रशासनिक सोच को दर्शाता है। फरसपाल ग्राम पंचायत का यह प्रयास यह संदेश देता है कि स्वच्छ भारत की परिकल्पना तभी साकार होगी, जब स्वच्छता कर्मियों को सम्मान, सुरक्षा एवं सहयोग के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
विकासखंड कटेकल्याण के पोटा केबिन आवासीय विद्यालयों को कलेक्टर ने किया आकस्मिक निरीक्षण
आवासीय संस्थाओं की मूलभूत आवश्यकताओं एवं मरम्मत कार्यों को पूर्ण करने पर दिया जोर
दंतेवाड़ा, 24 जनवरी 2026
कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव द्वारा आज विकासखंड कटेकल्याण के बेंगलूर, गाटम,बडेलखापाल, मंडोली स्थित पोटा केबिन आवासीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर संस्थाओं की मूलभूत आवश्यकताओं एवं मरम्मत कार्यों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस क्रम में सर्वप्रथम पोटाकेबिन बेंगलूर पहुंचे यहां उन्होंने कक्षा-2 और कक्षा 5 वीं छात्राओं से उनकी पढ़ाई के स्तर को परखा कक्षा-2 में उन्होंने जहां बच्चों से अंग्रेजी की वर्णमाला का पाठ करवाया वहीं कक्षा 5 वीं में उन्होंने हिन्दी कक्षा में छात्रों से हिन्दी पाठों के पैराग्राफ पढ़कर सुनाने को कहा। मौके पर छात्रों ने कलेक्टर के कहे अनुसार सही उच्चारण से पढ़कर सुनाया इसके लिए कलेक्टर ने उन्हें प्रशंसा की। इसके साथ ही कलेक्टर ने यहा कम्प्यूटर कक्ष का भी अवलोकन किया और उपस्थित शिक्षकों को चैट जीपीटी के माध्यम से व्यावसायिक शिक्षा देने की बात कही।
इस दौरान कलेक्टर ने आवासीय विद्यालय के भोजन कक्ष को भी देखा यहां अधीक्षक ने बताया कि पहली से आठवीं तक 349 बच्चें निवासरत है। इन बच्चों को नियमित रूप से नियमित नाश्ता, भोजन के अलावा अंडे भी दिये जाते है। मौके पर कलेक्टर ने कहा कि छात्रों की संख्या के अनुरूप एवं आवश्यकता को देखते हुए शौचालय निर्माण को प्राथमिकता से बनाया जाये।
इसके पश्चात कलेक्टर कन्या आवासीय परिसर पोटाकेबिन गाटम पहुंचे यहां पर भी उन्होंने अधीक्षिका से आवासीय परिसर की स्थिति जानकारी ली। गौरतलब है कि यहां 401 छात्राएं अध्ययनरत है। जिनकी देखरेख के लिए 19 स्टाफ पदस्थ है। इसक्रम कलेक्टर कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास एवं बालक आवासीय पोटाकेबिन मंडोली पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए कहा कि आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए पूर्व से संस्थाओं में पेयजल हेतु वैकल्पिक इतंजामत कर लिये जाए। इस दौरान डीएमसी श्री हरीश गौतम सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
गणतंत्र दिवस समारोह का हुआ ’फाइनल रिहर्सल’
जवानों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक मार्चपास्ट में लिया हिस्सा
दंतेवाड़ा, 24 जनवरी 2026
जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला खेल मैदान में 26 जनवरी को होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल 24 जनवरी को हुई। जिसमें जवानों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक मार्चपास्ट में भाग लिया। इस दौरान कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव और पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और वहीं मार्चपास्ट प्रस्तुत करने वाले परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। इसके अलावा स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों सहित छत्तीसगढ़ी गीत पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। इस दौरान जिला कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने मुख्य समारोह हेतु की जा रही तैयारियों का भी जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये। इस मौके अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के.बर्मन सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे। गौरतलब है कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह नगर के हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में प्रातः 9 बजे से आयोजित होगा।
इस मुख्य समारोह में स्कूल शिक्षा,ग्रामोद्योग,विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। मुख्य समारोह में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में सीआरपीएफ, 9 वीं बटालियन, जिला पुलिस बल, जिला महिला पुलिस बल, नगर सैनिक, सीनियर एवं जूनियर डिवीजन एन.सी.सी.,स्काउट व गाइड के दल आस्था विद्या मंदिर जावंगा की बैंड पार्टी के देशभक्ति धुनों पर कदम से कदम मिलाते हुए आकर्षक मार्च पास्ट का प्रदर्शन करंगे।
छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 : अभ्यर्थियों के लिए जारी हुए महत्वपूर्ण दिशा निर्देश
दंतेवाड़ा, 21 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा आगामी छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी 2026) का आयोजन 01 फरवरी 2026 को राज्य के 20 जिलों में दो पाली में किया जा रहा है। प्रथम पाली, जो प्राथमिक स्तर के लिए होगी, इस पाली में लगभग 1 लाख 19 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे, इसी प्रकार उच्च प्राथमिक स्तर द्वितीय पाली, में लगभग 2 लाख 05 हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे। परीक्षा यद्यपि मात्र 20 जिलों में आयोजित हो रही है, परंतु इसमें राज्य के सभी 33 जिलों के अभ्यर्थी सम्मिलित हो रहे हैं।
छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 हेतु व्यापम द्वारा अभ्यर्थियों के हित में दिशा निर्देशों जारी किए गए है। ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की भ्रम या असुविधा की स्थिति न बने। जारी निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अवश्य निरीक्षण करने कहा गया है, जिससे परीक्षा दिवस पर किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके। परीक्षा केंद्र में समय पर प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पूर्व उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है, ताकि फ्रिस्किंग और मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र से सत्यापन की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। प्रथम पाली के लिए यह समय सुबह 9 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 2ः30 बजे निर्धारित है। परीक्षा में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बाँह वाले कपड़े पहनने की सलाह दी गई है, जबकि काला, गहरा नीला, जामुनी, मैरून, गहरा हरा, बैंगनी तथा गहरे चॉकलेटी रंग के परिधान पहनना प्रतिबंधित रहेगा। मौसम को ध्यान में रखते हुए बिना पॉकेट वाला साधारण स्वेटर पहनने की अनुमति होगी, जिसे सुरक्षा जांच के दौरान उतारकर जांच करानी होगी। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुँचने और अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरने की आवश्यकता होगी। सुरक्षा कारणों से अभ्यर्थियों को फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी तथा कानों में किसी भी प्रकार के आभूषण प्रतिबंधित रहेंगे।
इसके अलावा मोबाइल फोन, ईयरफोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पाउच, टोपी, बेल्ट, स्कार्फ आदि वस्तुओं को परीक्षा केंद्र में ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अनुचित साधनों का प्रयोग करते पाए जाने पर अभ्यर्थी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा उसकी अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी। परीक्षा में अभ्यर्थियों को केवल काले या नीले बॉलपॉइंट पेन का ही उपयोग करना अनिवार्य होगा।
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
दंतेवाड़ा, 21 जनवरी 2026
राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित 15 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के अंतर्गत प्री-मीट्रिक कन्या हाई स्कूल भूसारास में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री वरुण सिंह नागेश एवं महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्रीमती तनूजा बेलसरिया के दिशा-निर्देश में जिला स्तरीय महिला सशक्तिकरण केन्द्र द्वारा संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं को लैंगिक समानता, लक्ष्य निर्धारित कर अध्ययन पर ध्यान केंद्रित करने, तथा सही पोषण के लिए संतुलित आहार अपनाने, फोलिक एसिड टैबलेट, आयरन तथा कैल्शियम युक्त खाद्य पदार्थों के महत्व पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए एनीमिया की रोकथाम और मासिक धर्म स्वच्छता से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
इसके अलावा विभाग द्वारा सखी वन स्टॉप सेंटर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, तथा महिलाओं और बच्चों से संबंधित विभिन्न कानूनों, घरेलू हिंसा अधिनियम 2005, पोक्सो अधिनियम 2012, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961, की जानकारी भी उपस्थित बालिकाओं और महिलाओं को दी गई। कार्यक्रम में जिला समन्वयक सरिता देशमुख, संरक्षण अधिकारी आईसीपीएस रवि शंकर सनाड्या, आईसीपीएस संरक्षण अधिकारी शशिकांत झा, काउंसलर योगेश ठाकुर, विद्यालय के प्राचार्य श्री कुमार मरकाम, शिक्षकगण तथा चाइल्डलाइन टीम के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से सहभागिता की।