पंचायत चुनाव: गुण्डरदेही-गुरुर विकासखण्ड के 550 केन्द्रों में मतदान 23 को
सफलतापूर्वक मतदान संपन्न कराने मतदान दलों को किया गया रवाना
बालोद । जिले में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के तृतीय चरण के अंतर्गत जिले के गुण्डरदेही और गुरुर विकासखण्ड के कुल 550 मतदान केन्द्रों में 23 फरवरी को मतदान संपन्न किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा मतदान एवं मतगणना कार्य को सुचारू रूप से एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। 23 फरवरी को होने वाले तृतीय चरण के मतदान के लिए मतदान अधिकारियों को गुण्डरदेही विकासखण्ड के शासकीय आईटीआई खलारी एवं गुरूर विकासखण्ड के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से मतदान दलों को मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया है।
विकासखण्ड गुण्डरदेही के मतदान सामग्री वितरण स्थल शासकीय आईटीआई खलारी से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने मतदान दलों के वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कलेक्टर चन्द्रवाल एवं एसडीएम श्रीमती प्रतिमा ठाकरे झा ने मतदान दलों को निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की। इसी प्रकार विकासखंड मुख्यालय गुरुर स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए सामग्री वितरण केंद्र से आज जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं रिटर्निंग आफिसर डाॅ. संजय कन्नौजे ने मतदान दलों के वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सीईओ डॉ कन्नौजे और एसडीएम श्रीमती प्राची ठाकुर ने मतदान दलों को मिठाई खिलाकर एवं पुष्प भेंटकर कर निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की।