छत्तीसगढ़ / बालोद

दल्ली राजहरा में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 22 मई से

 दल्ली राजहरा में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 22 मई से


फिरोज अहमद खान 
बालोद। जिले के दल्ली राजहरा स्थित लौह अयस्क समूह के मानव संसाधन विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ सिटीजन क्लब परिसर में किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य महाप्रबंधक (खान) आरबी गहरवार के करकमलों से संपन्न हुआ।

यह प्रशिक्षण शिविर 22 मई 2025 से शुरू होकर 10 जून 2025 तक चलेगा, जिसमें विभिन्न खेलों की बारीकियों का प्रशिक्षण अनुभवी कोचों की देखरेख में दिया जाएगा। शिविर का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करते हुए उनकी प्रतिभा को निखारना है।

मानव संसाधन विभाग लौह अयस्क समूह दल्ली राजहरा द्वारा आयोजित किए जा रहे ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन आरबी गहरवार मुख्य महाप्रबंधक खान के करकमलो से सिटीजन क्लब राजहरा में किया गया। मुख्य महाप्रबंधक (खान) आरबी गहरवार ने कहा कि इस प्रकार के शिविर न केवल शारीरिक विकास के लिए उपयोगी हैं, बल्कि उनमें नेतृत्व, अनुशासन और टीम भावना भी विकसित करते हैं। यह प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य दल्ली राजहरा एवं आसपास के क्षेत्र के 10 से 17 वर्ष के प्रतिभाशाली क्रीडा प्रेमी खिलाड़ियों की प्रतिभा का उन्नयन राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों के माध्यम से कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी बनाना होता है। इस वर्ष शिविर में 12 खेलो को शामिल किया गया है। इसमें क्रिकेट, फुटबॉल, शतरंज, वॉलीबॉल, जूडो, कराटे, बॉक्सिंग, वेट लिफ्टिंग, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और तीरंदाजी के सैकड़ों खिलाड़ी प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। इन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षको में बालमुकुंद सिंह, सुदर्शन कुमार सिंह, सुश्री दामिनी सिंह, सुश्री तेजेश्वरी साहू, कृष्णमूर्ति, सुश्री अनीता शिंदे, सुश्री तामिन साहू, कुशाल रजक प्रमुख रूप से हैं। जिन्होंने पूर्व में राष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल प्रतिभा से राजहरा और देश का नाम रोशन किया है। 

अपने उद्घाटन भाषण में मुख्य अतिथि आरबी गहरवार ने खिलाड़ियों को उनके आगामी खेल जीवन में सफलता के लिए शुभकामना दी। साथ ही साथ बीएसपी द्वारा विभिन्न खेलों के आयोजन में दिए जा रहे सहयोग की बातें बताई। कार्यक्रम के अध्यक्ष जयप्रकाश महाप्रबंधक राजहरा खान ने प्रशिक्षण शिविर के आयोजन के लिए मानव संसाधन विभाग की प्रशंसा कर खेल प्रेमियों को शुभकामना दी एवं प्रशिक्षण का लाभ लेकर आगे राजहरा, राज्य एवं देश का नाम रोशन करने उत्साहित किया। 

कार्यक्रम के प्रारंभ में मानव संसाधन विभाग की ओर से प्रबंधक गिरीश मढरिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं प्रस्तावना के साथ-साथ आयोजन में सहयोग के लिए मुख्य अतिथि को धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1971 से प्रारंभ हुई इस खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मानव संसाधन विभाग द्वारा लगातार सफलतापूर्वक किया जा रहा है। खेल आयोजन समिति के प्रमुख सलाहकार सदस्य एसके व्यास ने अपने उद्बोधन में मुख्य महाप्रबंधक द्वारा विभिन्न खेलों के आयोजन में दिए जा रहे हैं सहयोग के लिए धन्यवाद दिया गया एवं उन्हें विभिन्न खेलों से जुड़े हुए समिति/क्लब की वस्तु स्थिति एवं उनकी आवश्यकता परेशानियां से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख अधिकारीगणों में विपिन कुमार महाप्रबंधक दल्ली खान, अरुण कुमार महाप्रबंधक महामाया दुलकी कलवार, एनके साहू महाप्रबंधक अनुरक्षण एवं सेवाएं, अतुल कॉलेश, रमेश हेडाऊ सहायक महाप्रबंधक नगर प्रशासन, नितेश छतरी सहायक महाप्रबंधक सचिवालय एवं लखन लाल चौधरी, तिलक मानकर, श्रीनिवासुलू सहित सभी यूनियन के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन रतीश मिश्रा अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी ने किया। कार्यक्रम का सफल आयोजन मानव संसाधन विभाग के प्रमुख अधिकारी गण सहायक प्रबंधक के शशांक राव, आनंद कुमार एवं अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी संतराम साहू, घनश्याम पारकर तथा सहयोगी हरकराम, भोजराम एवं महेश कुमार के सहयोग से हुआ। उम्मीद जताई जा रही कि यह प्रशिक्षण भविष्य के उभरते खिलाड़ियों को नई दिशा देगा।

Leave Your Comment

Click to reload image