सिर्राभांठा में पूजा के दौरान बैगा की हत्या : पांच आरोपी गिरफ्तार
बालोद |
2025-05-27 18:58:41
सिर्राभांठा में पूजा के दौरान बैगा की हत्या : पांच आरोपी गिरफ्तार
झाड़-फूक अंधविश्वास बना हत्या का कारण।
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के सिर्राभांठा गांव में 26 मई 2025 को एक धार्मिक अनुष्ठान के दौरान बैगा पुनीत राम ठाकुर की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तिहारू राम निषाद ने अपने घर में बंधन पूजा का आयोजन किया था, जिसमें गांव के बैगा पुनीत राम ठाकुर और अन्य लोग शामिल हुए थे। पूजा के दौरान पुनीत राम और अजीत मंडावी के बीच विवाद हो गया, जिसमें अजीत मंडावी ने पुनीत राम के गले पर धारदार चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। तिहारू राम, कमलेश निषाद और चतुर निषाद ने पुनीत राम को पकड़कर हत्या में सहयोग किया, जबकि तिहारू राम की पत्नी धनेश्वरी निषाद ने साक्ष्य छुपाने के लिए खून से सने चाकू को धोकर अजीत को वापस दिया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 153/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
मौका ए वारदात से एक लोहे की चाकू, एक लोहे की बरछी (माला), एक सांकल, खून लगे कपड़े, पूजा का सामान नीबू बंदन, आम, नारियल, शराब की खाली शीशी को पुलिस द्वारा जप्त किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। यह घटना धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान उत्पन्न होने वाले विवादों की गंभीरता को दर्शाती है और समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने की आवश्यकता पर बल देती है।
पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग दुर्ग रेंज, दुर्ग, के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमति मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन पर आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पृथक से टीम गठित कर थाना गुण्डरदेही, चौकी हल्दी, सायबर सेल बालोद के अधिकारी/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया था। घटना के बाद पुलिस की तत्परता से आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने में सउनि नंदकुमार साहू, प्रआर ओमप्रकाश धुवे, योगेश्वर चंदनिया, आर. राकेश कुमार साहू, ओमप्रकाश साहू, खेमलाल मधुकर, थाना गुण्डरदेही से थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनीष शेण्डे, प्रआर योगेश सिन्हा, आर. यशवंत देशमुख, सायबर सेल बालोद से उनि जोगेन्द्र साहू, आर. संदीप यादव, विपिन गुप्ता, भोप साहू की सराहनीय भूमिका रही।