छत्तीसगढ़ / रायपुर

बिना वीजा रह रही दो रूसी युवतियां गिरफ्तार, सेक्स रैकेट से जुड़े होने की आशंका

 रायपुर  । राजधानी में अवैध रूप से रह रही दो रूसी युवतियों को तेलीबांधा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों युवतियां बिना वैध वीजा के शहर में रह रही थीं। गिरफ्तार युवतियों के नाम दिनोरा और सारा बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि इनके खिलाफ वर्ष 2026 में भी मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस को आशंका है कि दोनों युवतियां देह व्यापार से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकती हैं। हाल ही में हुए एक मामले की जांच के दौरान इस पूरे रैकेट का खुलासा हुआ था, जिसमें विदेश और अन्य राज्यों से लड़कियों को बुलाकर सेक्स रैकेट संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई थी।

बताया जा रहा है कि वीआईपी रोड पर हुए हादसे और हंगामे के बाद पुलिस ने एक रूसी युवती और भावेश आचार्य नामक व्यक्ति से पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान युवती ने कई अहम खुलासे किए, जिसके बाद तेलीबांधा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि तेलीबांधा और सरस्वती नगर क्षेत्र के कुछ होटलों में युवतियों से देह व्यापार कराया जा रहा था। इस मामले में पुलिस पहले ही 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image