छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

डब्ल्यूडीएल प्रशिक्षण से महिला स्व-सहायता समूहों को मिली डिजिटल व्यापार की नई दिशा

कौंदकेरा और कोचबाय क्लस्टर में 83 महिलाओं ने प्राप्त की ई-कॉमर्स, ऑनलाइन मार्केटिंग और ब्रांडिंग की जानकारी

गरियाबंद, 18 जून 2026
गरियाबंद विकासखंड अंतर्गत कौंदकेरा एवं कोचबाय क्लस्टर में महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को डिजिटल बाजार से जोड़ने और उनकी आर्थिक गतिविधियों को सशक्त बनाने के लिए डब्ल्यूडीएल (ई-कॉमर्स) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण एएफसी इंडिया द्वारा छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पाेरेशन (सीएसआईडीसी) के सहयोग से संचालित रैम्प परियोजना के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कौंदकेरा क्लस्टर में 11 जून को आयोजित प्रशिक्षण में 43 महिलाओं तथा कोचबाय क्लस्टर में 13 जून को आयोजित कार्यक्रम में 40 महिलाओं ने भाग लिया। दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उत्पादों की ऑनलाइन लिस्टिंग, ग्राहक प्रबंधन, बिक्री बढ़ाने की रणनीतियां, डिजिटल भुगतान प्रणाली, सोशल मीडिया के माध्यम से उत्पादों के प्रचार-प्रसार, प्रभावी ब्रांडिंग तथा आकर्षक पैकेजिंग के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को बताया गया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से वे अपने उत्पादों को स्थानीय बाजार तक सीमित न रखकर प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक भी पहुंचा सकती हैं। 
कार्यक्रम में बिहान की ओर से पीआरपी एवं एरिया कोऑर्डिनेटर ने महिला स्व-सहायता समूहों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों तथा बाजार से जुड़ने के प्रभावी माध्यमों की जानकारी देते हुए डिजिटल तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं को आधुनिक व्यापारिक अवसरों का लाभ उठाने, आत्मनिर्भर बनने तथा स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने के लिए प्रोत्साहित किया।

Leave Your Comment

Click to reload image