छत्तीसगढ़ / बलरामपुर

बलरामपुर में हेडमास्टर की गला रेतकर हत्या, जमीनी विवाद की आशंका

 बलरामपुर ।

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक हेडमास्टर की दिनदहाड़े हत्या से सनसनी फैल गई। स्कूल जा रहे प्रधान पाठक की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना त्रिकुंड थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जयकरन जगते के रूप में हुई है। वे ग्राम धमनी-कुमीहा स्थित विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर कार्यरत थे। सोमवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर गला रेत दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मामले में संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही हत्या के कारणों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image