छत्तीसगढ़ / बालोद

मिशन नवचेतना : गुंडरदेही में नशे के नेटवर्क पर शिकंजा, 550 ग्राम गांजे के साथ तस्कर चढ़ा पुलिस के हत्थे

 बालोद। जिले को पूर्णतः नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के संकल्प के साथ शुरू किया गया ‘मिशन नवचेतना’ अब धरातल पर रंग लाने लगा है। अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री तथा तस्करी करने वाले असमाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान के तहत गुंडरदेही पुलिस ने एक और सफल एवं प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सिकौसा क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस टीम ने एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा और उसके कब्जे से आधा किलो से अधिक अवैध गांजा जब्त किया। बालोद पुलिस प्रशासन की इस मुस्तैदी से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

जिला पुलिस कप्तान किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना तथा एसडीओपी गुंडरदेही श्रीमती श्रुति सिंह के मार्गदर्शन में जिलेभर में मादक पदार्थों की अवैध क्रय-विक्रय पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसी कड़ी में 1 सितम्बर 2026 को गुंडरदेही पुलिस को गुप्त मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सिकौसा स्थित बड़े तालाब के समीप एक व्यक्ति मादक पदार्थ गांजा बेचने की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहा है।

सूचना की गंभीरता को समझते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए तत्काल रणनीति बनाई और मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से मजबूत घेराबंदी की। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से आरोपी को भागने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस द्वारा मौके पर की गई सघन तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कुल 550 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजारू कीमत लगभग ₹25,500 आंकी गई है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान गोवर्धन राय (उम्र 37 वर्ष), पिता जगन्नाथ राय, निवासी वार्ड क्रमांक 08, सिकौसा के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया। इसके पश्चात थाना गुंडरदेही में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 284/2026, धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को 01 सितम्बर 2026 को ही न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई को सफलता के मुकाम तक पहुँचाने में थाना प्रभारी गुंडरदेही रवि पाण्डेय की दूरदर्शिता, रणनीतिक सूझबूझ और त्वरित निर्णय क्षमता का विशेष योगदान रहा। उनके नेतृत्व में थाना स्तर पर आपराधिक गतिविधियों पर न केवल नकेल कसी जा रही है, बल्कि अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को सख्ती से लागू किया गया है। उनके कुशल मार्गदर्शन में एएसआई राजेश ठाकुर, पीएसआई सुश्री सृष्टि, आरक्षक पंकज ताराम तथा यशवंत देशमुख की सजगता एवं मुस्तैदी सराहनीय रही।

कार्रवाई के उपरांत बालोद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे के इस जानलेवा कारोबार से पूरी तरह दूर रहें। जिले को अपराध मुक्त और नशामुक्त बनाने हेतु पुलिस का सहयोग करें। यदि किसी भी स्थान पर मादक पदार्थों के अवैध व्यापार या परिवहन की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें; सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूर्णतः गुप्त रखी जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image