छत्तीसगढ़ / मुंगेली

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने किशोर न्याय बोर्ड का किया औचक निरीक्षण

 व्यवस्थाओं में मिली कमियों पर दिए सुधार के निर्देश

मुंगेली,  सितंबर 2026

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी के मार्गदर्शन में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री सतीश कुमार खाखा ने जिले के किशोर न्याय बोर्ड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किशोर न्याय बोर्ड के कक्ष में इन्वर्टर का अभाव, महिला पुलिस बल की कमी, पक्षकारों के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं होने तथा परिसर में साफ-सफाई की कमी सामने आई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर इन कमियों को दूर करने तथा बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बोर्ड के कर्मचारियों को दैनिक गतिविधियों को रजिस्टर/पंजी में नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।
    साथ ही मौके पर उपस्थित कर्मचारियों को परिसर में बेहतर स्वच्छता एवं हवादार वातावरण बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान बाल कल्याण समिति एवं पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई। दोनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों की देखरेख, संरक्षण एवं उनके हितों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बोर्ड से संबंधित व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और बच्चों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए।

Leave Your Comment

Click to reload image