*अंतरराष्ट्रीय मंच पर कबीरधाम का मान बढ़ाने वाली बेटी गीता यादव का जोरदार स्वागत*
कबीरधाम |
2026-09-18 18:22:31
*अंतरराष्ट्रीय मंच पर कबीरधाम का मान बढ़ाने वाली बेटी गीता यादव का जोरदार स्वागत*
*जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने की मुलाकात, छत्तीसगढ़ सरकार से आर्थिक सहयोग देने की मांग*
कवर्धा। चीन में आयोजित जूनियर महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाली कबीरधाम जिले के बोड़ला की बेटी गीता यादव के निवास पहुंचकर जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम के अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने उनसे मुलाकात की और शानदार उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ गीता यादव के माता-पिता, सर्व यादव समाज के पदाधिकारी, युवा एवं बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि, “कबीरधाम जिले की बेटी गीता यादव ने अपनी मेहनत, संघर्ष और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे कबीरधाम और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। एक साधारण किसान परिवार से निकलकर भारतीय हॉकी टीम में अपनी जगह बनाना और देश के लिए शानदार प्रदर्शन करना गीता की कड़ी मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम है।”
*उन्होंने कहा कि, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ और कबीरधाम का नाम रोशन करने वाली हमारी बेटी को सरकार की ओर से अपेक्षित आर्थिक सहयोग नहीं मिल रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार, क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को आगे आकर गीता यादव को आर्थिक सहयोग एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल करनी चाहिए, ताकि वह आगे भी देश के लिए बेहतर प्रदर्शन कर सके और अपने खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जा सके।”*
चीन में आयोजित जूनियर महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में गीता यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 5 गोल दागे और भारतीय टीम की खिताबी सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके इस प्रदर्शन ने न केवल उनके परिवार और क्षेत्र बल्कि पूरे कबीरधाम जिले को गौरवान्वित किया है।
गीता यादव की इस उपलब्धि से उनके परिवार, गांव और पूरे कबीरधाम जिले में खुशी का माहौल है। आर्थिक रूप से साधारण किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करने तक का उनका सफर क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी बन गया है।
स्वागत के दौरान गीता यादव के माता-पिता भी भावुक नजर आए और उन्होंने बेटी की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। समाज के लोगों ने कहा कि गीता यादव ने अपनी मेहनत, संघर्ष और प्रतिभा के दम पर कबीरधाम एवं छत्तीसगढ़ का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है। उनकी सफलता निश्चित रूप से क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।