छत्तीसगढ़ / रायपुर

आयुष्मान भारत योजना बनी संबल, बस्तर की बासनी यादव का सिस्ट ऑपरेशन हुआ पूरी तरह निःशुल्क

 रायपुर, 20 सितम्बर 2026

भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित 'आयुष्मान भारत - प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना' बस्तर के सुदूर अंचलों में जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो रही है। इसी कड़ी में बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड की ग्राम पंचायत सिरीसगुड़ा निवासी 40 वर्षीय बासनी यादव का जटिल सिस्ट ऑपरेशन योजना की मदद से पूरी तरह निःशुल्क और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।

         बासनी यादव पिछले कुछ समय से अपने बाएं हाथ में उभरे एक दर्दनाक सिस्ट से बेहद परेशान थीं। हाथ का असहनीय दर्द उनके दैनिक कार्यों में बड़ी बाधा बन गया था, जिसके चलते वे गहरे मानसिक तनाव से गुजर रही थीं। परेशानी बढ़ने पर उन्होंने अपने गांव के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में संपर्क किया, जहां पदस्थ स्वास्थ्य कर्मी ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज डिमरापाल जाने का परामर्श दिया।

        स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले की सलाह पर डिमरापाल मेडिकल कॉलेज पहुंचीं बासनी की डॉक्टरों ने विस्तृत जांच की। वहां अत्याधुनिक लैब टेस्ट, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और खून की जांच आदि के माध्यम से बाएं हाथ में सिस्ट होने की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने सिस्ट को निकालने के लिए तुरंत सर्जरी कराने की सलाह दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर ऑपरेशन थिएटर में सुरक्षित प्रक्रिया पूरी की गई। अस्पताल में भर्ती होने से लेकर जांच, सर्जरी, दवाइयों और भोजन तक की पूरी व्यवस्था आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क रही, जिससे बासनी के परिवार ने उपचार के लिए आने वाली लगभग साढ़े 85 हजार रुपए की बड़ी आर्थिक बोझ से पूरी तरह बच कर राहत पायी।

       अब पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी रहीं बासनी यादव ने राहत की सांस लेते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को आयुष्मान भारत जैसी योजना संचालित करने और स्वास्थ्य विभाग एवं अस्पताल के समस्त कर्मचारियों का उपचार और सहयोग के लिए आभार जताया। साथ ही उन्होंने आम जनता से यह अपील भी की कि शरीर में किसी भी तरह की गांठ, दर्द या असामान्य सूजन को नजरअंदाज न करें, बल्कि समय रहते स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच करवाकर शासन की इन जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं।

Leave Your Comment

Click to reload image