कवर्धा - सेवा संकल्प अभियान के तहत जल संरक्षण और जल स्रोतों के संवर्धन को जनभागीदारी से जोड़ने की पहल जारी है। इसी क्रम में विकासखंड पंडरिया के ग्राम पंचायत छिरपानी में ‘जल जन सेवा संकल्प’ के तहत जन संवाद एवं जल स्रोत निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों से संवाद कर भू-जल संवर्धन, जल स्रोतों के रखरखाव, निस्तारी के लिए पानी की उपलब्धता तथा जल के मितव्ययी उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही छिरपानी एनिकट-कम-काजवे का निरीक्षण कर जल स्रोतों के संरक्षण और सुधार पर चर्चा की गई।
*ग्रामीणों से संवाद कर जल संरक्षण की दी जानकारी*
कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग पंडरिया के अनुविभागीय अधिकारी के के शर्मा ने ग्रामीणों के साथ जन चौपाल लगाकर जल संरक्षण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद छिरपानी एनिकट-कम-काजवे का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भू-जल संवर्धन, निस्तारी के लिए जल की उपलब्धता, जल स्रोतों के रखरखाव तथा उनके संरक्षण के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। साथ ही जल का समुचित एवं मितव्ययी उपयोग करने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
*जल स्रोतों के रखरखाव में सहभागिता का किया आह्वान*
श्री शर्मा एवम अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि जल स्रोतों का संरक्षण केवल विभागीय जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामुदायिक सहभागिता से ही इसे प्रभावी बनाया जा सकता है। जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकने तथा उपलब्ध जल का आवश्यकता के अनुरूप उपयोग करने की अपील की गई। ग्रामीणों ने भी जल संरक्षण और निस्तारी से संबंधित अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।
*जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने लिया सहभागिता*
कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी के.के. शर्मा, उप अभियंता योगेश्वर सिन्हा एवं स्थल सहायक उमेश तिवारी उपस्थित रहे। जनपद सदस्य श्रीमती तुलसी स्वारथ साहू, ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। ग्रामीणों ने अधिकारियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और जल संरक्षण तथा भू-जल संवर्धन के लिए अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही।