छत्तीसगढ़ / खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में उत्साहपूर्वक हुआ आंगन सेवा मिलन कार्यक्रम

 *संकल्प सेवा अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों की सहभागिता में पोषण, स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित*

खैरागढ़, सितंबर 2026

सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों में आज आंगन सेवा मिलन कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए बच्चों, माताओं, हितग्राहियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण, स्वास्थ्य, जनभागीदारी और शासकीय योजनाओं से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम में ‘मेरी पोषण थाली’ का प्रदर्शन किया गया। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल कर संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों एवं माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया तथा पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

न्योता भोज के माध्यम से बच्चों एवं हितग्राहियों के साथ सामूहिक सहभागिता का वातावरण बनाया गया। वहीं ‘हर घर मुनगा’ अभियान के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में मुनगा पौधों का रोपण किया गया। मुनगा में उपलब्ध पोषक तत्वों और बच्चों एवं परिवारों के पोषण में इसकी उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। हितग्राहियों के अनुभवों के माध्यम से पात्र परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।

आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों एवं महिलाओं के लिए मनोरंजक एवं उपयोगी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान कर उनके योगदान को प्रोत्साहित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों और महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

आंगन सेवा मिलन कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्रों को समुदाय से जोड़ने, पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा शासकीय योजनाओं में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image