छत्तीसगढ़ / खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

डुमरिया बांध को स्वच्छ बनाने जुटे नागरिक, स्वच्छता दीदियों को मिली सुरक्षा किट

 नगर पंचायत जरही में सेवा संकल्प अभियान के तहत किया गया श्रमदान

सूरजपुर सितम्बर 2026

नगर पंचायत जरही के डुमरिया बांध में स्वच्छता ही सेवा और सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वृहद सफाई अभियान चलाया गया। जलस्रोत को स्वच्छ रखने के लिए जनप्रतिनिधि, नागरिकों और स्वच्छता कर्मियों ने श्रमदान किया। बांध से प्लास्टिक और अन्य कचरा हटाकर जल संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। इस अवसर पर स्वच्छता दीदियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण पीपीई किट भी वितरित की गई।
              सफाई अभियान में शामिल लोगों ने डुमरिया बांध के आसपास फैला कचरा एकत्र किया और पानी में मौजूद अपशिष्ट को हटाने में सहयोग किया। जनभागीदारी से हुए इस प्रयास ने संदेश दिया कि अपने नगर, शहर, सार्वजनिक जलस्रोतों की देखभाल में प्रत्येक नागरिक की भूमिका है। इस दौरान बांध और उसके आसपास की नियमित सफाई से परिसर को स्वच्छ रखने के साथ लोगों को यहां कचरा न डालने के लिए भी प्रेरित किया गया।
                इस दौरान स्वच्छता कर्मी जो जमीनी स्तर पर प्रतिदिन सफाई का कार्य करती है इन स्वच्छता दीदियों को मास्क, दस्ताने, सुरक्षा जैकेट और जूतों से युक्त पीपीई किट प्रदान की गई। कचरे और गंदगी के बीच काम करते समय सुरक्षा उपकरणों का उपयोग उनके स्वास्थ्य की दृष्टि से आवश्यक है। किट वितरण के माध्यम से उनके कार्य के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए सुरक्षित तरीके से सफाई कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
                  स्वच्छता दीदियां नगर की सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। गलियों, सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों को स्वच्छ रखने का उनका कार्य नागरिकों के स्वास्थ्य से भी जुड़ा है। अभियान के दौरान उनके योगदान को सामने लाने के साथ यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल सफाई कर्मियों की नहीं, बल्कि सभी नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। घरों और दुकानों से निकलने वाले कचरे का उचित निपटान कर लोग इस कार्य में सहयोग कर सकते हैं।
                 डुमरिया बांध में आयोजित श्रमदान के माध्यम से जलस्रोतों में प्लास्टिक और अन्य कचरा डालने से बचने की अपील की गई। कचरे की सफाई के साथ बांध के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर सजग रहने की अपील की गयी।

Leave Your Comment

Click to reload image