सेवा मेरा योगदान : पार्षद सिमरन ताम्रकार ने पार्षद निधि से वार्डवासियों और व्यापारियों को वितरित किए डस्टबिन
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता को लेकर की पहल, स्वच्छ वार्ड के लिए मांगी जनभागीदारी
बेमेतरा सितंबर 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सामाजिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे _सेवा संकल्प अभियान_ के अंतर्गत _सेवा मेरा योगदान_ थीम पर बेमेतरा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 19 में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष पहल की गई। वार्ड पार्षद श्रीमती सिमरन ताम्रकार ने अपनी पार्षद निधि से वार्ड के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में व्यापारियों एवं वार्डवासियों को डस्टबिन का वितरण किया।
इस दौरान सदर रोड, बाजार पारा एवं शीतला मंदिर रोड क्षेत्र में दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को डस्टबिन वितरित कर उन्हें अपने-अपने प्रतिष्ठानों तथा आसपास के क्षेत्र में कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने के लिए प्रेरित किया गया। पार्षद ने व्यापारियों से अपील की कि वे दुकानों से निकलने वाले कचरे को सड़क अथवा सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें।
स्वच्छ वार्ड के लिए जनभागीदारी जरूरी : पार्षद सिमरन ताम्रकार
इस अवसर पर पार्षद श्रीमती सिमरन ताम्रकार ने कहा कि "स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हम सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारा वार्ड स्वच्छ और सुंदर रहे, इसके लिए प्रत्येक व्यापारी और वार्डवासी को अपनी भूमिका निभानी होगी। इसी उद्देश्य से पार्षद निधि से डस्टबिन का वितरण किया गया है। मेरा सभी व्यापारियों एवं वार्डवासियों से आग्रह है कि कचरा इधर-उधर न फेंकें और डस्टबिन का नियमित उपयोग करें। जब जनभागीदारी के साथ हम स्वच्छता को अपनी आदत बनाएंगे, तभी हमारा वार्ड और पूरा बेमेतरा स्वच्छ एवं सुंदर बनेगा।"
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने वार्ड के नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद श्री घनश्याम ताम्रकार, स्वच्छता प्रभारी श्री कुलेश्वर चौहान, श्री प्रदीप राजपूत, श्री चंद्र प्रकाश कोशले, श्री धनराज चौहान, श्री दीपक चौहान, श्री मुकेश पाल एवं श्री कुलेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं व्यापारीगण उपस्थित रहे।