छत्तीसगढ़ / बेमेतरा

बाढ़ प्रभावित ग्राम करमसेन का सीईओ जिला पंचायत ने किया निरीक्षण

 राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा कर खाद्य सामग्री, दवाइयों और स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

बेमेतरा सितंबर 2026

बेमेतरा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार सीईओ जिला पंचायत श्रीमती प्रेमलता पदमाकर ने आज नवागढ़ विकासखंड के बाढ़ प्रभावित ग्राम करमसेन का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम में पर्याप्त खाद्य सामग्री एवं आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था तथा प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा।

सीईओ जिला पंचायत ने संबंधित विभागों की टीम को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक सहायता समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर विशेष निगरानी रखने तथा गांव में स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम नवागढ़ सुश्री पिंकी मनहर सहित स्वास्थ्य, पंचायत एवं राजस्व विभाग की टीम मौके पर उपस्थित रही। अधिकारियों द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की स्थिति एवं आवश्यक राहत व्यवस्थाओं की जानकारी सीईओ जिला पंचायत को दी गई।

Leave Your Comment

Click to reload image