छत्तीसगढ़ / खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

लगातार बारिश के बीच जिला प्रशासन की अपील: नदी-नालों से दूर रहें, जलमग्न मार्गों पर आवागमन से बचें

बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों पर दें सूचना, जिला कंट्रोल रूम 24 घंटे सतर्क*

खैरागढ़, सितंबर 2026

जिले में लगातार हो रही बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, तालाबों एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा जलमग्न पुल, पुलिया और रपटों को पार करने का प्रयास नहीं करने कहा है। नागरिकों से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की गई है।

लगातार वर्षा के कारण जिले के विभिन्न नदी-नालों एवं जलस्रोतों में जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में पिकनिक, सेल्फी लेने अथवा बाढ़ एवं तेज बहाव का नजारा देखने के लिए नदी-नालों के समीप जाना जोखिमपूर्ण हो सकता है। विशेषकर बच्चों और युवाओं को ऐसे स्थानों से दूर रखने तथा अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने कहा गया है।

जिला प्रशासन ने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि जिन पुल-पुलियों, रपटों अथवा सड़कों पर पानी बह रहा हो, वहां से आवागमन न करें। पानी का बहाव कम होने तक सुरक्षित स्थान पर रुकें और वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें। जलस्तर और मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

जिला प्रशासन, पुलिस, नगर सेना, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन की टीमें सतर्क हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखी जा रही है तथा संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव संबंधी तैयारियां की गई हैं। नागरिकों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने तथा अफवाहों से बचने की अपील की गई है।

*बाढ़ एवं आपदा की सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर*

किसी भी बाढ़, जलभराव अथवा अन्य आपदा संबंधी आपात स्थिति में जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 07820-299631 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा पुलिस कंट्रोल रूम 94792-47401 पर भी सूचना दी जा सकती है।

अनुविभागीय स्तर पर एसडीएम खैरागढ़ 07820-299315 एवं 8839474206 तथा एसडीएम गंडई-छुईखदान 07743-263530 एवं 9407620657 पर संपर्क किया जा सकता है।

तहसील स्तर पर खैरागढ़ 07820-224230, छुईखदान 07743-263503, गंडई 07743-260506 तथा साल्हेवारा 07743-299647 एवं 9009832630 पर आवश्यक सहायता एवं जानकारी के लिए संपर्क किया जा सकता है।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक जोखिम न लें, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर दें, ताकि आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य समय पर किया जा सके।

Leave Your Comment

Click to reload image