सेवा संकल्प अभियान के तहत 28 से 30 सितंबर तक आयोजित होंगे सेवा सेतु कैंप
राशनकार्ड, खाद्य सुरक्षा योजनाओं एवं ई-केवाईसी सहित विभिन्न सेवाओं की मिलेगी जानकारी
मुंगेली, 25 सितंबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में नागरिकों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 28 सितंबर से 30 सितंबर तक सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जाएंगे। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों एवं परिवारों को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से संबंधित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। सेवा सेतु कैंप में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम तथा राज्य शासन की खाद्य संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड तथा विभिन्न राशनकार्डों में पात्रता से संबंधित जानकारी भी नागरिकों को प्रदान की जाएगी। शिविरों में राशनकार्ड में पंजीकृत सदस्यों के ई-केवाईसी, आधार सीडिंग एवं मोबाइल नंबर सीडिंग की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। पात्र नागरिकों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं राज्य योजना के अंतर्गत राशनकार्ड प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत हितग्राहियों को वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न एवं अन्य राशन सामग्री जैसे चावल, नमक एवं शक्कर का शिविर स्थल पर प्रदर्शन कर नागरिकों को इसकी जानकारी दी जाएगी।