आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम, महतारी वंदन योजना से अंजू को मिला संबल
एमसीबी । सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलावों की कहानियां सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में ग्राम चनवारीडांड, विकासखंड मनेन्द्रगढ़ निवासी अंजू के लिए महतारी वंदन योजना परिवार की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक सहयोग का माध्यम बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से उन्हें घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति करने में मदद मिल रही है।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और जीवन स्तर में सुधार के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की जाती है, जिससे महिलाएं अपनी आवश्यकताओं के अनुसार इसका उपयोग कर सकें।
अंजू को भी इस योजना का निरंतर लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी किए जाने के बाद अंजू को योजना के अंतर्गत अब तक कुल 32,000 की सहायता राशि प्राप्त हो चुकी है। नियमित रूप से मिलने वाली यह आर्थिक सहायता उनके लिए घरेलू जरूरतों को पूरा करने में उपयोगी साबित हो रही है।
महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से प्राप्त राशि से महिलाएं परिवार की दैनिक आवश्यकताओं, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में सहयोग प्राप्त कर रही हैं। इससे महिलाओं को आर्थिक सहारा मिलने के साथ परिवार की जरूरतों में योगदान देने का अवसर भी मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने, जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है। अभियान के अंतर्गत शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को सामने लाकर आमजन को योजनाओं के प्रति जागरूक करने और विकास की प्रक्रिया में उनकी सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
ग्राम चनवारीडांड की अंजू की कहानी इस बात का उदाहरण है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग मिल रहा है। महतारी वंदन योजना जैसी पहल महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ उन्हें अधिक आत्मविश्वास के साथ अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग दे रही है।