अब प्रत्येक शुक्रवार को अनुभाग स्तर पर होगा जनदर्शन, आम नागरिकों की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण
रायपुर । कांकेर कलेक्टर कुन्दन कुमार द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को प्रत्येक शुक्रवार को अनुभाग स्तर पर नियमित रूप से जनदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत आगामी 23 अक्टूबर शुक्रवार से प्रत्येक शुक्रवार को प्रातः 11 बजे संबंधित अनुभाग मुख्यालय में जनदर्शन का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशानुसार उक्त जनदर्शन संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में आयोजित होगा। इसमें संबंधित अनुभाग के समस्त विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी, ताकि आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का विधिवत पंजीयन किया जाएगा। इसके लिए आवेदक का नाम, आवेदन का विषय, संबंधित विभाग तथा निराकरण की स्थिति का व्यवस्थित अभिलेख संधारित किया जाएगा। जिन आवेदनों का निराकरण मौके पर संभव होगा, उनका तत्काल निराकरण किया जाएगा। वहीं, शेष आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा निर्धारित कर निराकरण के लिए भेजा जाएगा।
लंबित आवेदनों की होगी समीक्षा
प्रत्येक जनदर्शन में पूर्व में प्राप्त लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा भी की जाएगी। आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब करने वाले अधिकारियों से कारण प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जनदर्शन के निर्धारित दिवस, समय एवं स्थान का नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों तथा अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
जनदर्शन के बाद जिला कार्यालय को देना होगा प्रतिवेदन
प्रत्येक जनदर्शन के आयोजन के बाद संबंधित अधिकारियों को प्राप्त कुल आवेदनों, मौके पर निराकृत आवेदनों, संबंधित विभागों को भेजे गए आवेदनों तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी जिला कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी।
सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को जनदर्शन का नियमित एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने कहा गया है। जनदर्शन में संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति अथवा आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी। इस पहल से नागरिकों को अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के लिए अनुभाग स्तर पर नियमित अवसर उपलब्ध होगा।