शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं सुरक्षित मातृत्व के लिए हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं पर रखें विशेष निगरानी-कलेक्टर
चक्रवाती तूफान के मद्देनजर राहत-बचाव की तैयारियां सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
जनहित से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता से त्वरित निराकरण के निर्देश
समय-सीमा की बैठक सम्पन्न
सूरजपुर/26 अक्टूबर 2026
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने राज्योत्सव की तैयारियों, संभावित भारी बारिश, धान खरीदी, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागीय कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।
कलेक्टर श्रीमती जमील ने चक्रवाती तूफान के प्रभाव से संभावित स्थिति में बारिश, भारी बारिश को देखते हुए संबंधित अधिकारियों, आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलाशयों और बांधों के जलस्तर की नियमित निगरानी रखते हुए संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला एवं अनुभाग स्तर पर कंट्रोल रूम, राहत केंद्रों की व्यवस्था व्यवस्था के साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा सुविधाएं, आवश्यक दवाइयां एवं राहत-बचाव की तैयारियां रखने को कहा हैं। ताकि आकस्मिक परिस्थितियों में प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
कलेक्टर ने आगामी राज्योत्सव की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला, तहसील एवं जनपद स्तर के सभी शासकीय भवनों में रोशनी करने को कहा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि आवेदनों का निराकरण गुणवत्तापूर्ण हो और आवेदकों से सकारात्मक फीडबैक भी प्राप्त करें। इस दौरान जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर एक सप्ताह के भीतर तथा जनशिकायत के लंबित प्रकरणों को आगामी समय-सीमा की बैठक से पहले निराकरण करने को कहा। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने समय-सीमा के लंबित प्रकरणों को भी शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा के दृष्टिगत आगामी तीन माह तक विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अनावश्यक अवकाश नहीं लेने को कहा। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अनावश्यक शिक्षकों की अनुपस्थिति पर संबंधितों को नोटिस जारी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पूर्व में अनुपस्थित शिक्षकों पर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी भी ली। साथ ही नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य शिविरों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य बीमारियों की स्क्रीनिंग की जानकारी ली। टीकाकरण की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध साप्ताहिक उपलब्धि प्रस्तुत करने तथा राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत स्क्रीनिंग बढ़ाने को कहा। उन्होंने आगामी माह में संभावित प्रसव वाली महिलाओं, विशेषकर हाई रिस्क प्रेगनेंसी के मामलों की नियमित निगरानी करने और सुरक्षित प्रसव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सभी बीपीएम को अपने कार्यों में गंभीरता लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण करने को कहा। साथ ही खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा कर किसान पंजीयन, बारदानों की उपलब्धता एवं सत्यापन की भी जानकारी ली। उन्होंने धान खरीदी शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर श्रीमती नयन तारा सिंह तोमर, श्री राम सिंह ठाकुर, श्री प्रशांत कुशवाहा, अनुविभागीय अधिकारी (रा.) सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।