छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से श्रीमती खामेष्वरी यादव को मिला 11 हजार रुपए का संबल

 मातृत्व के साथ आर्थिक सशक्तिकरण की ओर बढ़े कदम

गरियाबंद, 26 अक्टूबर 2026

जिले के छुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रजनकट्टा निवासी श्रीमती खामेश्वरी यादव के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना मातृत्व के साथ आर्थिक संबल का माध्यम बनी है। योजना के अंतर्गत उन्हें प्रथम प्रसव में पुत्र के जन्म पर 5 हजार रुपए तथा द्वितीय प्रसव में पुत्री के जन्म पर 6 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई। इस प्रकार उन्हें कुल 11 हजार रुपए की राशि मिली, जिससे उन्हें अपने बच्चों की देखभाल और पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिली है। श्रीमती खामेश्वरी यादव अपने पति के साथ खेती-किसानी के कार्यों में सहयोग करती हैं। इसके साथ ही वे सिलाई-कढ़ाई का कार्य कर परिवार की आजीविका में भी अपना योगदान देती हैं। घरेलू जिम्मेदारियों और बच्चों की परवरिश के बीच शासन की इस आर्थिक सहायता ने उन्हें अतिरिक्त संबल प्रदान किया है। श्रीमती यादव का कहना है कि यह राशि उनके बच्चों के उचित पोषण, पौष्टिक आहार और देखभाल पर खर्च करने में सहायक होगी। योजना से मिलने वाली सहायता मातृत्व के दौरान महिलाओं की जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार में उनके आर्थिक योगदान और आत्मविश्वास को भी मजबूती प्रदान करती है।
     श्रीमती खामेश्वरी यादव ने इस कल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा छत्तीसगढ़ के  मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने शब्दों में “हमर मुखिया विष्णु भैया” को धन्यवाद देते हुए कहा कि शासन की ऐसी योजनाएं माताओं और बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करती हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार की महत्वपूर्ण मातृत्व लाभ योजना है। इसके अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रथम जीवित संतान के जन्म पर 5 हजार रुपए तथा द्वितीय संतान के रूप में बालिका के जन्म पर 6 हजार रुपए की सहायता सीधे बैंक खाते में प्रदान की जाती है। यह सहायता मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा महिलाओं को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image