छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

VB-G RAM-G से ग्रामीण श्रमिकों को मिल रहा रोजगार, जिले में 65 करोड़ रुपये के 1,558 कार्य स्वीकृत

 प्रतिदिन लगभग 50 लाख रुपये के रोजगार का सृजन, 175 ग्राम पंचायतों में 18,163 श्रमिक नियोजित

जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ जल संरक्षण एवं आजीविका संवर्धन के कार्यों को मिल रही गति

एमसीबी/26 अक्टूबर 2026

विकसित भारत, गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-G RAM-G ) के माध्यम से मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विकास और जल संरक्षण के कार्यों को गति मिल रही है। जिले में रोजगार सृजन के लिए कुल 65 करोड़ रुपये की लागत के 1,558 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 50 लाख रुपये के रोजगार का सृजन हो रहा है, जिससे ग्रामीण परिवारों को आजीविका का सहारा मिल रहा है।
जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम के नेतृत्व में जिले की ग्राम पंचायतों में रोजगारमूलक एवं विकास कार्यों का संचालन किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में वर्तमान में 438 कार्य प्रगतिरत हैं। वहीं, जिले की 175 ग्राम पंचायतों में कुल 18,163 श्रमिकों को नियोजित किया गया है। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं और गांवों के विकास को भी बढ़ावा मिल रहा है।

जल संरक्षण और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता
योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में मुक्तिधाम निर्माण, सामुदायिक बालिका शौचालय निर्माण, बोरवेल रिचार्ज, स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच निर्माण, नवीन आजीविका डबरी एवं नवीन तालाब निर्माण सहित जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। इसके अलावा बोल्डर चेकडैम, गेबियन संरचनाओं तथा अन्य जल संरक्षण कार्यों के माध्यम से वर्षा जल को संरक्षित करने और भूजल स्तर में सुधार की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
इन कार्यों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ जल संसाधनों का संरक्षण, कृषि एवं आजीविका के अवसरों को मजबूत करना और गांवों में आवश्यक सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार करना है। स्थानीय स्तर पर कार्यों के संचालन से श्रमिकों को अपने ही गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।

भगवानपुर में तालाब गहरीकरण कार्य से मिल रहा रोजगार
भरतपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत भगवानपुर के अंतर्गत बघवार में पुराने तालाब के गहरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इस कार्य में 87 श्रमिक नियोजित हैं। तालाब गहरीकरण से जहां ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है, वहीं जल संग्रहण क्षमता बढ़ाने और वर्षा जल के बेहतर उपयोग की दिशा में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों का संरक्षण एवं गहरीकरण कृषि, पशुपालन और स्थानीय जल आवश्यकताओं के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे कार्यों से रोजगार सृजन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को एक साथ बढ़ावा मिलता है।

रोजगार के साथ आत्मनिर्भर गांवों की दिशा में पहल
VB-G RAM-G के अंतर्गत जिले में संचालित कार्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने और गांवों में टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। रोजगारमूलक कार्यों के साथ जल संरक्षण एवं आजीविका संवर्धन पर जोर दिए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं को बल मिल रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image