छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

कवर्धा में तेंदुए की तलाश में जुटा वन विभाग, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

कवर्धा में तेंदुए की तलाश तेज, दो सप्ताह से वन विभाग कर रहा निगरानी

ड्रोन से सर्चिंग, वन्यजीव विशेषज्ञों की तैनाती और पिंजरे लगाए गए; भ्रामक फोटो-वीडियो प्रसारित करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
कवर्धा। कवर्धा नगर एवं आसपास के वनक्षेत्रों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर पिछले करीब दो सप्ताह से मिल रही सूचनाओं के बीच वन विभाग ने निगरानी और गश्त तेज कर दी है। तेंदुए का पता लगाने तथा उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए विशेष गश्ती दल तैनात किए गए हैं। ड्रोन की मदद से दिन और रात में निगरानी की जा रही है। वहीं, कानन पेंडारी बिलासपुर और जंगल सफारी रायपुर से वन्यजीव विशेषज्ञों को बुलाकर संभावित क्षेत्रों में पिंजरे भी लगाए गए हैं। दूसरी ओर, तेंदुए के नाम पर भ्रामक सूचनाएं और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार फोटो-वीडियो प्रसारित करने वालों के विरुद्ध वन विभाग ने वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
वन विभाग के अनुसार, पिछले दो सप्ताह से कवर्धा एवं भोरमदेव अभयारण्य के परिक्षेत्र अधिकारियों के नेतृत्व में गठित गश्ती दल लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी कर रहा है। यह दल प्रतिदिन सुबह 4 बजे से 8 बजे तक और शाम 6 बजे से रात 2 बजे तक गश्त करता है। शिक्षक कॉलोनी, राजमहल, समनापुर रोड, खूंटू रोड, साधना नगर, लकड़ी टाल, मठ पारा, नवीन बाजार तथा 17वीं बटालियन परिसर में विशेष रूप से निगरानी रखी जा रही है।
ड्रोन से निगरानी, विशेषज्ञों की मदद से रेस्क्यू की तैयारी
तेंदुए की तलाश के लिए सुबह सामान्य ड्रोन और रात में थर्मल ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही बिलासपुर के कानन पेंडारी और रायपुर की जंगल सफारी से वन्यजीव विशेषज्ञों को बुलाया गया है। विशेषज्ञों की देखरेख में लकड़ी टाल, मठ पारा, नवीन बाजार और 17वीं बटालियन परिसर में पिंजरे लगाए गए हैं। पिंजरों में बकरी रखकर तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वन विभाग की टीम संभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए हुए है।
एआई से तैयार भ्रामक फोटो-वीडियो फैलाने पर कार्रवाई की चेतावनी
वन विभाग के संज्ञान में आया है कि कुछ लोगों द्वारा व्हाट्सएप ग्रुपों, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से तेंदुआ दिखाई देने संबंधी असत्य एवं अपुष्ट सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। इसके अलावा एआई की सहायता से तैयार भ्रामक फोटो और वीडियो भी साझा किए जा रहे हैं। इससे आम नागरिकों में भय और दहशत का वातावरण बन रहा है। साथ ही, वन विभाग के कर्मचारियों और विशेषज्ञों के रेस्क्यू कार्य में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना पुष्टि के किसी भी फोटो, वीडियो या संदेश को साझा अथवा फॉरवर्ड न करें। तेंदुआ दिखाई देने की सूचना केवल वन विभाग के अधिकृत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दें। भ्रामक सामग्री तैयार करने और प्रसारित करने वालों के विरुद्ध प्रचलित कानूनों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
भारतीय न्याय संहिता सहित विभिन्न कानूनों के तहत होगी कार्रवाई
वन विभाग के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 353 के तहत लोक रिष्टिकारक कथन एवं अफवाहों से संबंधित प्रावधानों, धारा 336 के तहत कूटरचना तथा धारा 221 एवं 223 के तहत लोक सेवक के कार्य में बाधा और विधिपूर्वक जारी आदेशों की अवहेलना से संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इसके अतिरिक्त सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 तथा लागू वन्यजीव संरक्षण कानूनों के प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे मामलों में साइबर सेल और पुलिस विभाग के सहयोग से जांच कर आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कराने सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और अपुष्ट फोटो-वीडियो साझा करने से बचें। रात एवं अलसुबह अकेले बाहर निकलने से बचें तथा बच्चों और पालतू पशुओं का विशेष ध्यान रखें। यदि कहीं तेंदुआ दिखाई देता है, तो उसके पास जाने, पीछा करने, फोटो-वीडियो बनाने या भीड़ एकत्र करने का प्रयास न करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इन नंबरों पर दें सूचना
तेंदुए की मौजूदगी से संबंधित जानकारी देने के लिए परिक्षेत्र अधिकारी, कवर्धा के मोबाइल नंबर 9981426667 तथा परिक्षेत्र अधिकारी, भोरमदेव अभयारण्य, कवर्धा के मोबाइल नंबर 7000030662 पर संपर्क किया जा सकता है।
वन विभाग ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग ने नागरिकों से सहयोग करने, सतर्क रहने और अपुष्ट सूचनाएं प्रसारित नहीं करने की अपील की है।

Leave Your Comment

Click to reload image