छत्तीसगढ़ / रायपुर

राज्य स्थापना दिवस पर सूरजपुर में जिला स्तरीय राज्योत्सव,लक्ष्मी राजवाड़े होंगी मुख्य अतिथि

रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सूरजपुर के अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। समारोह में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन को उत्साहपूर्ण और गरिमामय बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। राज्य स्थापना दिवस पर जिले के शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।
विभागीय प्रदर्शनी में दिखेगी जिले की विकास यात्रा
राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, नवाचारों और सफल परियोजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रदर्शनी में विभागीय उपलब्धियों और योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखेंगे छत्तीसगढ़ी लोककला के रंग

 

 

स्थानीय कलाकार छत्तीसगढ़ की लोककला, लोकसंस्कृति और परंपराओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। ये प्रस्तुतियां समारोह के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेंगी।समारोह के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने और अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image