छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी नई रफ्तार, 650 बिस्तरीय अस्पताल के विकास की तैयारी तेज

संभाग आयुक्त एसएन राठौर ने ली प्रबंधकारिणी समिति की बैठक, अग्नि सुरक्षा से लेकर आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और मानव संसाधन की व्यवस्था पर दिए आवश्यक निर्देश

जीवन दीप समिति के माध्यम से तत्काल मानव संसाधन उपलब्ध कराने, पार्किंग, लॉन्ड्री और स्टोर रूम की सुविधाएं विकसित करने पर जोर
"विकाश शुक्ला"
कवर्धा-शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कबीरधाम में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में संभाग आयुक्त श्री एसएन राठौर ने शनिवार को कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के साथ मेडिकल कॉलेज में प्रबंधकारिणी समिति की बैठक लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय में मानव संसाधन की उपलब्धता, अग्नि सुरक्षा, आधुनिक चिकित्सा उपकरण, सहायक सेवाओं के विस्तार और प्रस्तावित 650 बिस्तरीय अस्पताल के विकास सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में संभाग आयुक्त श्री राठौर ने मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पताल की तात्कालिक आवश्यकताओं को देखते हुए जीवन दीप समिति के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल की विभिन्न सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही सेवाओं के संचालन से संबंधित निविदा प्रक्रिया नियमानुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश भी दिए।

अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर

मेडिकल कॉलेज भवन एवं संबद्ध चिकित्सालय में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए संभाग आयुक्त ने आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर सहित अन्य जरूरी अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा भवन में फायर फिटिंग सिस्टम स्थापित करने के संबंध में कार्यवाही करने को कहा। इसके अलावा अग्नि सुरक्षा उपकरणों के प्राक्कलन का पुनरीक्षण और अग्नि अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया गया।

आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के लिए सीएसआर प्रस्तावों की समीक्षा

बैठक में सीएसआर मद के अंतर्गत मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पताल के लिए आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने शासन को भेजे गए प्रस्तावों की समीक्षा की गई। वहीं मुख्यमंत्री अस्पताल रूपांतरण कोष वर्ष 2026-27 के तहत अस्पताल की सहायक सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए बहुमंजिला भवन निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। संभाग आयुक्त ने इसके लिए छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीजीएमएससी) से एस्टीमेट प्राप्त कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

पार्किंग, लॉन्ड्री और स्टोर रूम की सुविधाओं का होगा विस्तार

अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने तथा लॉन्ड्री सेवाओं के संचालन के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज में आवश्यक सामग्री के सुरक्षित एवं व्यवस्थित भंडारण के लिए शेडयुक्त स्टोर रूम का निर्माण कराने पर भी जोर दिया गया। बैठक में ऑक्सीजन प्लांट की कार्यशीलता और उसके नियमित रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की गई। संभाग आयुक्त ने इस संबंध में शासन स्तर पर चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

100 एमबीबीएस सीटों के अनुरूप 650 बिस्तरीय अस्पताल की तैयारी

मेडिकल कॉलेज में प्रस्तावित 100 एमबीबीएस सीटों के अनुरूप 650 बिस्तरीय अस्पताल के विकास को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। संभाग आयुक्त ने इसके लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर सक्षम अधिकारी एवं शासन के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त चिकित्सा महाविद्यालय के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक वाहनों एवं फर्नीचर की खरीदी से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का उद्देश्य आवश्यक संसाधनों और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर चिकित्सा महाविद्यालय को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के केंद्र के रूप में विकसित करना है।

Leave Your Comment

Click to reload image