छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

वनांचल के 821 लोगों को मिली स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात, 203 बच्चों की हृदय जांच में 15 में बीमारी की पहचान

तरेगांव जंगल में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर लगा मेगा स्वास्थ्य शिविर, 139 गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी, 20 यूनिट रक्त संग्रह

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं, अस्थि, नेत्र, दंत रोग सहित टीबी की भी हुई जांच; अगला शिविर रेंगाखार में लगेगा
"विकाश शुक्ला"
कवर्धा- वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराने की दिशा में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा की पहल पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरेगांव जंगल में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं सहित अन्य मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं जांच सुविधाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में कुल 821 हितग्राहियों को लाभ मिला। खास बात यह रही कि 203 बच्चों की निःशुल्क इको एवं हृदय जांच की गई, जिसमें 15 बच्चों में हृदय संबंधी बीमारी की पहचान हुई। वहीं 139 गर्भवती माताओं की निःशुल्क सोनोग्राफी की गई।

203 बच्चों की हृदय जांच, 15 में बीमारी की पहचान

शिविर में सत्य साईं हॉस्पिटल के विशेष सहयोग से बच्चों के लिए निःशुल्क हृदय जांच शिविर लगाया गया। अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेश एवं डॉ. निखिल सहित विशेषज्ञ टीम ने बच्चों की इको जांच की। कुल 203 बच्चों की जांच में 15 बच्चों में हृदय संबंधी बीमारी के संकेत मिले। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की समय पर पहचान और उपचार को महत्वपूर्ण बताते हुए अभिभावकों को जागरूक किया।

चिकित्सकों ने बताया कि बच्चों में सांस फूलना, सांस लेने में परेशानी, शरीर का नीला पड़ना, बार-बार निमोनिया होना तथा वजन एवं शारीरिक विकास में कमी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेकर आवश्यक जांच कराना जरूरी है।

139 गर्भवती माताओं की निःशुल्क सोनोग्राफी

शिविर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए 139 गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी की गई। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. रवि तिवारी ने सोनोग्राफी सेवाएं प्रदान कीं। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित पोषण, सुरक्षित प्रसव तथा गर्भावस्था के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जानकारी भी दी गई।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दीं विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं

मेगा स्वास्थ्य शिविर में सिविल सर्जन डॉ. केशव ध्रुव, डॉ. रवि तिवारी एवं डॉ. स्वाति चंद्रवंशी सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वाति चंद्रवंशी एवं नेत्र सहायक अधिकारी द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की गई। इसके अलावा अस्थि रोग, दंत रोग, टीबी स्क्रीनिंग, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण तथा अन्य आवश्यक जांच एवं उपचार की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

20 यूनिट रक्त संग्रह, 144 प्रयोगशाला जांच

स्वास्थ्य शिविर के दौरान रक्तदान के महत्व को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें 20 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इसके अतिरिक्त 144 प्रयोगशाला जांच की गईं तथा 50 हितग्राहियों को अन्य जांच एवं उपचार सेवाओं का लाभ मिला।

शिविर में 821 हितग्राही हुए लाभान्वित

शिविर में उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 203 बच्चों की इको एवं हृदय जांच, 139 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच एवं सोनोग्राफी, 16 लोगों की अस्थि रोग जांच, 70 लोगों की नेत्र जांच, 14 लोगों की दंत जांच तथा 11 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। इसके साथ ही 20 यूनिट रक्त संग्रह, 144 प्रयोगशाला जांच और 50 हितग्राहियों को अन्य जांच एवं उपचार सेवाएं प्रदान की गईं।

शिविर के सफल आयोजन में खण्ड चिकित्सा अधिकारी बोड़ला डॉ. पुरुषोत्तम राजपूत, विकासखंड कार्यक्रम अधिकारी रूपेश साहू के मार्गदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरेगांव जंगल की प्रभारी श्रीमती प्रतिमा जांगड़े सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। एसटीएलएस शशिकांत शर्मा एवं  मोहन साहू ने तकनीकी एवं विभागीय कार्यों में सहयोग दिया। सत्य साईं हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम का भी विशेष योगदान रहा। शिविर का मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री तुर्रे ने निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अब रेंगाखार में लगेगा अगला मेगा स्वास्थ्य शिविर

वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने की कड़ी में आगामी मेगा स्वास्थ्य शिविर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेंगाखार में आयोजित किया जाएगा। यहां भी निःशुल्क सोनोग्राफी, बच्चों की हृदय जांच एवं नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराना तथा गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर उपचार की सुविधा सुनिश्चित करना है।

Leave Your Comment

Click to reload image