किराना दुकान की आड़ में गांजे का अवैध कारोबार, 2.799 किलो गांजे के साथ दुकानदार गिरफ्तार
कबीरधाम |
2026-11-29 12:18:30
पोंड़ी पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, दुकान से 28 हजार रुपये कीमत का गांजा जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
कवर्धा- कबीरधाम जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक और कार्रवाई करते हुए किराना दुकान की आड़ में गांजा बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। चौकी पोंड़ी पुलिस एवं एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने ग्राम खड़ौदाकला में दबिश देकर आरोपी की किराना दुकान से 2.799 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 28 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 नवंबर को चौकी पोंड़ी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खड़ौदाकला निवासी भीषम नारायण साहू अपनी किराना दुकान में बिक्री के उद्देश्य से गांजा रखे हुए है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद चौकी पोंड़ी पुलिस एवं एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। गवाहों की उपस्थिति में दुकान की तलाशी लेने पर दो हरे रंग की प्लास्टिक पॉलिथीन में गांजा जैसा मादक पदार्थ मिला। विधिवत तौल कराने पर इसका कुल वजन 2.799 किलोग्राम पाया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 28 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से मादक पदार्थ जब्त कर दुकान में मौजूद आरोपी भीषम नारायण साहू (40 वर्ष), पिता स्व. गेंदलाल साहू, निवासी ग्राम खड़ौदाकला, चौकी पोंड़ी, थाना बोड़ला, जिला कबीरधाम को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 182/26, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।
पुलिस की संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अजाक/क्राइम प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में चौकी पोंड़ी प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार पटेल सहित चौकी पोंड़ी पुलिस टीम एवं एएनटीएफ कबीरधाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।