दो दिन में करंट से दो मौतें, विद्युत विभाग की लापरवाही पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
कबीरधाम |
2026-11-29 12:27:55
दो दिन में करंट से दो मौतें, विद्युत विभाग की लापरवाही पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
छात्र की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिसेसरा के पास नेशनल हाईवे पर दो घंटे किया चक्काजाम, विभागीय कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
"विकाश शुक्ला"
कवर्धा- पांडातराई थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही अब लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ने लगी है। महज दो दिनों के भीतर करंट की चपेट में आने से दो लोगों की मौत ने विद्युत विभाग के सुरक्षा इंतजामों और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा घटना ग्राम मझोली की है, जहां 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से कक्षा आठवीं के छात्र राकेश निर्मलकर (16 वर्ष), पिता तोपचंद की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्र खेत से स्कूल जाने के लिए निकला था, इसी दौरान वह विद्युत तार की चपेट में आ गया। इस घटना से परिवार में मातम पसरा है, वहीं पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
गौरतलब है कि इससे दो दिन पहले ही पांडातराई थाना क्षेत्र के ग्राम भलपहरी में करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। लगातार दूसरी विद्युत दुर्घटना ने क्षेत्र में बिजली लाइनों की सुरक्षा और विभागीय निगरानी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम मझोली में विद्युत लाइन से जुड़ी समस्या की जानकारी पहले ही विभागीय अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन शिकायत के बावजूद समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विभाग ने शिकायत को गंभीरता से लिया होता और समय पर मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान किया होता, तो शायद यह दुखद हादसा टाला जा सकता था।
छात्र की मौत के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण, दो घंटे ठप रहा आवागमन
हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने बिसेसरा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और क्षेत्र में असुरक्षित विद्युत लाइनों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग उठाई। ग्रामीणों का आक्रोश केवल एक हादसे तक सीमित नहीं था, बल्कि लगातार हो रही विद्युत दुर्घटनाओं और शिकायतों के बावजूद कथित तौर पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर था।
आखिर कब तय होगी जिम्मेदारी?
दो दिनों में दो लोगों की मौत के बाद विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या विभाग किसी बड़े हादसे के बाद ही सक्रिय होगा? क्या शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई नहीं होना विभागीय उदासीनता का परिणाम है? ग्रामीणों की मांग है कि दोनों घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए, लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय हो और दोषियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र की जर्जर एवं असुरक्षित विद्युत लाइनों का निरीक्षण कर तत्काल सुधार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े। अब देखना होगा कि दो अनमोल जिंदगियां जाने के बाद विद्युत विभाग और प्रशासन कब तक जवाबदेही तय कर ठोस कदम उठाते हैं।