भोपाल में जलेबी बनाते रह गए कांग्रेसी, हरियाणा में पीछे होती चली गई पार्टी
भोपाल। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर मतगणना जारी है। इसमें शुरुआती रुझानों में कांग्रेस आगे रही, इसके कुछ देर बाद तस्वीर पलट गई और भाजपा आगे हो गई। इस बीच मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर कांग्रेस नेता जलेबी बनाकर बांटते रहे। पार्टी के पीछे होते ही कांग्रेस नेताओं के चेहरे पर मायूसी छा गई। हरियाणा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जलेबी को लेकर दिया बयान काफी चर्चित रहा था।
भाजपा ने साधा निशाना
मध्य प्रदेश में भाजपा प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने अपने एक्स हैंडल पर कांग्रेस नेताओं के जलेबी बनाने का एक वीडियो पोस्ट किया है। इसके साथ उन्होंने लिखा... 'अपने नेता राहुल गांधी का मजाक उड़ाती, खुद जीतू पटवारी की मध्य प्रदेश कांग्रेस। देश भर में राहुल गांधी का जलेबी की फैक्ट्री के बयान को लेकर मजाक बन रहा है और खुद कांग्रेसी भी मजाक उड़ाने में पीछे नहीं है।
भोपाल मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर सड़क पर जलेबी बनाकर, राहुल गांधी को संदेश देते कांग्रेसी कि जलेबी किसी फैक्ट्री में नहीं बनती है। जलेबी तो ऐसे बनती है। पार्टी गई तेल लेने के बाद अब राहुल गांधी गए फैक्ट्री में जलेबी लेने।'