इंदौर में 50 लाख रुपये की एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपित गिरफ्तार
इंदौर। इंदौर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। इसी कड़ी में सराफा पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से आधा किलो एमडी ड्रग्स बरामद की है। इस ड्रग्स की कीमत 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपितों के नाम पारस और रिंकू हैं।
पुलिस दोनों से पूछताछ कर पता चलाने की कोशिश कर रही है कि वे यह ड्रग्स कहा से लाए थे और किसे सप्लाई कर रहे थे। भोपाल और झाबुआ में ड्रग्स की फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद से प्रदेशभर में पुलिस जगह-जगह कार्रवाई कर ड्रग्स बेचने वालों को गिरफ्तार कर रही है।
विजय नगर पुलिस ने मादक पदार्थों की खरीद फरोख्त के मामले में पैडलर अर्जुन मीना (मंदसौर) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 22 अगस्त को आरोपित यश उर्फ नन्नू को स्मैक के साथ पकड़ा था। आरोपित ने अर्जुन का नाम बताया था। अर्जुन के विरुद्ध करीब 30 मामले दर्ज है।
गुजराती कॉलोनी में भंडारे के चंदे की बात पर दो पक्ष भिड़े
द्वारकापुरी थाना अंतर्गत गुजराती कॉलोनी में भंडारे के चंदे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। पुलिस ने एक पक्ष से बाबू गुजराती और दूसरे पक्ष से विजय अगोनिया की शिकायत पर केस दर्ज किया गया।
भंवरकुआं थाना क्षेत्र में छात्रा के साथ बस में छेड़छाड़
भंवरकुआं पुलिस ने बुधवार को आर्ट एंड कामर्स कॉलेज की छात्रा की शिकायत पर हसीब उर्फ आसिफ निवासी जन्नो की बस्ती महू के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है। टीआई राजकुमार यादव ने बताया कि घटना करीब 20 दिन पुरानी है। हसीब ने अश्लील हरकत की।