मध्य प्रदेश

इंदौर में पर्स लुटेरों से भिड़ गई महिला, स्कूटर से टक्कर मारकर दबोच लिया

 इंदौर। बाइक सवार दो लुटेरों ने एक महिला की हिम्मत के आगे घुटने टेक दिए। पर्स लूट कर भागे इन बदमाशों को महिला ने स्कूटर से टक्कर मार कर जमीन पर गिरा दिया। मौका देख भीड़ भी आ गई और जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि महिला ने कोर्ट और पुलिस के कारण रिपोर्ट लिखवाने से इन्कार कर दिया।

घटना एरोड्रम थाना अंतर्गत छोटा बांगड़दा क्षेत्र की है। निपानिया निवासी किरण बेटी के साथ अरिहंत नगर आई थी। वह स्कूटर से घर जाने के लिए निकली थी कि बाइक पर आए दो बदमाशों ने उसका पर्स छीन लिया। महिला ने हिम्मत नहीं हारी और आवाज लगाते हुए आरोपितों का पीछा करना शुरू कर दिया।

बदमाश गोकुलधाम कॉलोनी के आगे पेट्रोल पंप की तरफ भागे लेकिन महिला ने स्कूटर से टक्कर मार कर दोनों को गिरा दिया। लोगों ने भी मदद की और दोनों को दबोच लिया। पुलिसकर्मी आए उसके पहले पिटाई भी कर डाली। टीआइ राजेश साहू के मुताबिक आरोपितों के पास से पर्स भी मिल गया। महिला ने लिखित आवेदन देकर कहा कि वह रिपोर्ट नहीं लिखवाना चाहती है। पुलिस दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड जांच रही है।

जूनी इंदौर पुलिस ने गैंगस्टर सतीश भाऊ के साथी गब्बर चिकना को गिरफ्तार कर लिया है। करीब 20 आपराधिक प्रकरणों में शामिल गब्बर के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की गई है। एडिशनल डीसीपी जोन-4 आनंद यादव के मुताबिक रावजी बाजार थाना क्षेत्र के गुंडे गब्बर के विरुद्ध सदर बाजार थाने में हाल में अपहरण का केस दर्ज हुआ था।

Leave Your Comment

Click to reload image