करवा चौथ पर आज इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर और बिलासपुर में कब होगा चंद्रोदय
इंदौर। सुहागिनों ने अखंड सौभाग्य के लिए आज करवा चौथ का निर्जला रखा है। व्रत पर उच्च का चंद्रमा और रोहिणी नक्षत्र का मंगलकारी संयोग बन रहा है। ज्योतिर्विद् कान्हा जोशी के अनुसार कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि की शुरुआत 20 अक्टूबर को सुबह 6:46 बजे से 21 अक्टूबर को सुबह 4:16 बजे तक रहेगी। रोहिणी नक्षत्र सुबह 8:31 बजे से लग गया है।
करवा चौथ पूजन मुहूर्त
चौथ पूजन का मुहूर्त शाम 5:46 से 7:02 बजे तक रहेगा। ज्योतिर्विद् श्रीकांत पोपळेकर के अनुसार इस दिन विवाहित महिलाएं भगवान शिव, माता पार्वती और कार्तिकेय के साथ-साथ भगवान गणेश की पूजा करती हैं और अपने व्रत को चंद्रमा के दर्शन और अर्घ्य अर्पण करने के बाद पूर्ण करती हैं। इस व्रत में अन्न-जल ग्रहण बिना सूर्योदय से रात में चंद्र दर्शन तक किया जाता है।
इंदौर में 7:54 बजे होगा चंद्रोदय
सुबह 6:25 से रात 7:54 बजे तक 13 घंटे 29 मिनट व्रत का समय रहेगा। इंदौर में चंद्रोदय रात 7:54 बजे होगा। मध्य प्रदेश के शहरों में इस अवसर पर सामूहिक करवा पूजन के आयोजन भी होंगे। श्री वैष्णोधाम में महोत्सव बिचौली मर्दाना मुख्य मार्ग इंदौर स्थित श्री वैष्णोधाम में सामूहिक करवा चौथ महोत्सव आयोजित किया जाएगा। शाम सात बजे तक सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी। इसके बाद 1001 महिलाएं सामूहिक करवा पूजन करेंगी।
मध्य प्रदेश में शहरों में इस समय होगा चंद्रोदय
भोपाल - 8.08 बजे
जबलपुर – 7.58 बजे
ग्वालियर – 7.57 बजे
रायपुर - 7.55 बजे
बिलासपुर - 7.51 बजे
रतलाम - 8. 17 बजे
उज्जैन - 8.04 बजे
खंडवा - 8.16 बजे
खरगोन - 8.21 बजे
रीवा - 7. 48 बजे
सतना - 7.50 बजे
कटनी -7.54 बजे
करवा चौथ पर गजकेसरी योग
कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की करवा चौथ रविवार को गजकेसरी योग में आ रही है। खास बात यह भी है कि इस दिन ग्रह गोचर में कई प्रमुख ग्रह अपनी श्रेष्ठ स्थिति में रहेंगे। इस प्रकार के योग, नक्षत्र में अखंड सौभाग्य की कामना से चंद्र दर्शन व चौथ माता का पूजन शुभ फल प्रदान करने वाला माना गया है।