मध्य प्रदेश

बाबा महाकाल की भस्म आरती में आम भक्तों के लिए भी वीआईपी व्यवस्था, रात 2 बजे सीधे मिलेगा प्रवेश

 उज्जैन ,ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान अब सामान्य दर्शनार्थियों को भी वीआईपी सुविधा प्राप्त होगी। आम भक्तों को रात 2 बजे मानसरोवर फैसिलिटी सेंटर में चेकिंग के बाद सीधे मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। नए समय पर प्रवेश की यह व्यवस्था दीपावली से पहले लागू हो सकती है।

दर्शनार्थियों को इसकी जानकारी देने के लिए परिसर में सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके साथ ही दर्शन अनुमति पास पर भी नए समय का उल्लेख किया जाएगा। इस दौरान भक्तों को रात में पानी पिलाने के लिए भी कर्मचारी तैनात रहेंगे। शौचालय आदि की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

महाकाल दर्शन: अभी यह व्यवस्था लागू है

वर्तमान में श्रद्धालु भस्म आरती दर्शन के लिए रात 10 बजे से कतार में लग रहे हैं। महाकाल मंदिर में प्रतिदिन तड़के 4 बजे भगवान महाकाल की भस्म आरती की जाती है। मंदिर समिति द्वारा प्रतिदिन करीब 1700 श्रद्धालुओं को भस्म आरती दर्शन की अनुमति दी जाती है।

वीआईपी भक्त रात 2 बजे सीधे मंदिर पहुंचते हैं तथा चेकिंग के उपरांत सीधे मंदिर में प्रवेश करते हैं। वहीं, सामान्य दर्शनार्थी रात 10 बजे से दर्शन की कतार में खड़े हो जाते हैं। इस व्यवस्था से महिलाएं, बच्चे तथा वृद्ध श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

तीन दिन पहले भस्म आरती व्यवस्था का औचक निरीक्षण करने पहुंचे प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ ने दर्शनार्थियों की इस परेशानी को देखा तथा व्यवस्था में परिवर्तन का निर्णय लिया। उनके मार्गदर्शन में ही आम लोगों के लिए भी वीआईपी दर्शन की प्लानिंग बनी है।

Leave Your Comment

Click to reload image